BJP और SP दोनों को झटका, ऐन वक्त पर इन दो बड़े नेताओं ने बदली पार्टी, गरमाया सियासी माहौल
Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान सातवें और अंतिम चरण का मतदान अभी बाकी है लेकिन नेताओं के दल बदलने का क्रम अभी भी जारी है है। कुछ नेता बीजेपी छोड़कर सपा में शामिल हो रहे हैं तो कुछ नेता सपा छोड़कर बीजेपी में शामिल हो रहे हैं।
पूर्वांचल में अपनी अच्छी पकड़ रखने वाले समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता नारद राय ने सोमवार को समाजवादी पार्टी से बगावत कर ली। अब नारद राय भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने वाले हैं। सोमवार रात में ओमप्रकाश राजभर की मौजूदगी में उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की।

बताया जा रहा है कि जल्द ही नारद राय भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता लेंगे। नारद राय काफी समय से समाजवादी पार्टी से जुड़े रहे। सपा सरकार में नारद राय मंत्री भी रहे। मुलायम सिंह के साथ ही अखिलेश यादव के बेहद करीबी माने जाने वाले नारद राय के अचानक पार्टी छोड़ने से सपा को खासा नुकसान होने वाला है।
नारद राय ने सोमवार को बकायदा इसके लिए अपने समर्थकों की एक बैठक भी बुलाई थी। बैठक बुलाने के बाद उन्होंने समर्थकों से राय मस्वीरा लिया। उसके बाद उन्होंने समाजवादी पार्टी छोड़ने का ऐलान कर दिया। बलिया में अखिलेश यादव ने जनसभा के दौरान उनका नाम नहीं लिया था।
चर्चा है कि मंच से नाम ना लिए जाने के चलते ही नारद राय नाराज हो गए थे। हालांकि बलिया में अखिलेश यादव के साथ मंच पर नारद राय भी मौजूद थे। उसके बाद ही उन्होंने बागी रुख अख्तियार कर लिया। वहीं सपा नेताओं का कहना है कि यह केवल बहाना है।
नारद राय काफी समय से पार्टी विरोधी गतिविधि में शामिल थे। वह पहले ही भारतीय जनता पार्टी में शामिल होना चाहते थे लेकिन उन्हें कोई मौका नहीं मिला था जिससे वे सपा से दूरी बना सकें। बलिया में अखिलेश यादव भूल से नाम नहीं लिए और यही उनके लिए मौका मिल गया।
पीके राय बीजेपी छोड़ सपा में होंगे शामिल
एक तरफ समाजवादी पार्टी के नेता नारद राय जहां समाजवादी पार्टी से दूरी बनाकर भाजपा में शामिल होने वाले हैं। वहीं दूसरी तरफ कुशीनगर में भूमिहारों के बड़े नेता माने जाने वाले पी के राय ने भारतीय जनता पार्टी से दूरी बना ली है। पीके राय अब भारतीय जनता पार्टी छोड़कर सपा में शामिल होंगे।
बताया जा रहा है कि उन्होंने लखनऊ में अखिलेश यादव से मुलाकात की है। मंगलवार को अखिलेश यादव पडरौना में एक जनसभा को संबोधित करने पहुंच रहे हैं। संभावना जताई जा रही है कि यहीं पर पीके राय समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण करेंगे। सदस्यता ग्रहण करने के बाद इंडिया गठबंधन प्रत्याशी का प्रचार करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications