सपा की 77 उम्मीदवारों की लिस्ट से गायत्री प्रजापति गायब
समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस के साथ गठबंधन के बाद एक बार फिर से 77 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है।
लखनऊ। समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस के साथ गठबंधन के बाद एक बार फिर से 77 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में प्रतापगढ़, कौशांबी, इलाहाबाद, जालौन, झांसी, ललितपुर, हमीरपुर, रायबरेली समेत तमाम जगहों पर उम्मीदवारों की घोषणा की गई है। इस लिस्ट में मुलायम सिंह के करीबी और अमेठी से मौजूदा विधायक गायत्री प्रजापति का पत्ता कट गया और उन्हें अखिलेश यादव ने टिकट नहीं दिया है। लिस्ट में रायबरेली की दो सीटों के अलावा किसी भी सीट पर अखिलेश यादव ने उम्मीदवार नहीं उतारा है। वहीं अमेठी से भी सपा ने किसी भी उम्मीदवार का ऐलान नहीं किया है।

सपा की दूसरी 77 सीटों की लिस्ट में कांग्रेस के साथ गठबंधन का पूरा खयाल रखा गया है और उसकी पारंपरिक सीटों पर अखिलेश यादव ने उम्मीदवार नहीं उतारे हैं और अमेठी को पूरी तरह से कांग्रेस के लिए छोड़ दिया गया है। इससे पहले आज अखिलेश यादव ने आज पार्टी के घोषणा पत्र का भी ऐलान किया, जिससे पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने दूरी बनाए रखी। लेकिन जिस तरह से मुलायम सिंह के करीबी गायत्री प्रजापति का अखिलेश यादव ने टिकट काटा है उसे देखते हुए साफ कहा जा सकता है कि अभी भी मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव के बीच सबकुछ ठीक नहीं है।
आपको बता दें कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच गठबंधन का आज आधिकारिक ऐलान हुआ है, जिसमें सपा ने कांग्रेस को 105 सीटें देने का ऐलान किया है। इससे पहले आज अखिलेश यादव ने पार्टी का घोषणा पत्र भी जारी किया और तमाम वायदों की झड़ी लगाई, जिसमें मुख्य रूप से गरीब महिलाओं को प्रेशर कुकर बांटना, ग्रामीण स्कूल के बच्चों को एक लीटर घी देने जैसे वायदे किए। इसके अलावा उन्होंने प्रदेश के विकास को नई रफ्तार देने की भी बात कही।












Click it and Unblock the Notifications