Video: अमेठी में सपा विधायक राकेश प्रताप सिंह ने BJP नेता के पति की जमकर की पिटाई, देखती रही पुलिस
अमेठी के गौरीगंज थाना परिसर में समाजवादी पार्टी के विधायक राकेश प्रताप सिंह और उनके समर्थकों ने एक भाजपा नेता के पति की पिटाई कर दी।

उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक राकेश प्रताप सिंह ने भाजपा नगरपालिका प्रत्याशी श्रीमती रश्मि सिंह के पति दीपक सिंह की जमकर पिटाई की है। ये पिटाई गौरीगंज थाना परिसर में की गई है। पुलिस भी वहां मौजूद थी। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
अमेठी में सपा विधायक राकेश प्रताप सिंह ने पुलिस थाने में यूपी पुलिस के सामने ही भाजपा नगरपालिका प्रत्याशी श्रीमती रश्मि सिंह के पति दीपक सिंह के साथ मारपीट की।
बीजेपी अमेठी ने अपने अधिकारिक ट्विटर हैंडल से ये वीडियो शेयर भी किया है। वीडियो शेयर कर बीजेपी अमेठी ने लिखा, ''सपा विधायक राकेश प्रताप सिंह की गुंडई आई सामने..। गौरीगंज कोतवाली में ही भाजपा नगरपालिका प्रत्याशी श्रीमती रश्मि सिंह के पति दीपक सिंह पर जानलेवा हमला।''
वीडियो में देखा जा सकता है कि थाने के अंदर कई पुलिसकर्मी मौजूद थे। लेकिन इससे पहले कि पुलिस हस्तक्षेप करती राकेश प्रताप सिंह ने भाजपा नेता रश्मि सिंह के पति दीपक सिंह पर कई वार किए।
राकेश प्रताप सिंह ने दीपक सिंह पर धरने पर बैठने के दौरान गाली-गलौज करने का आरोप लगाया है। रश्मि सिंह बीजेपी के टिकट पर नगर निगम का चुनाव लड़ रही हैं।
सपा विधायक राकेश प्रताप सिंह ने दावा किया है कि, ''दीपक सिंह हिस्ट्रीशीटर है, ये हिस्ट्रीशीट अमेठी पुलिस ने खोल रखी है। उसी थाने में अपराधी खुलेआम मौजूदा विधायक को गंदी गाली दे रहा है। BJP ने कुख्यात बदमाश को टिकट देकर साबित कर दिया है की गुंडों अपराधियों को संरक्षण कौन दे रहा है।''
सपा विधायक राकेश प्रताप सिंह ने कहा, ''दीपक सिंह ने मेरे लोगों को पीटा था। चार दिन से गौरीगंज में गुंडागर्दी चल रही थी। रातभर मैं गौरीगंज थाने में बैठा रहा। मेरे भाई, भतीजे पर दीपक सिंह ने हमला किया था। दीपक सिंह अपराधी है लेकिन पुलिस ने उसे संरक्षण दिया है। मैं अपने गुस्से पर काबू नहीं कर पाया और पीट दिया। दीपक पर एक्शन होता तो शायद घटना नहीं होती।''












Click it and Unblock the Notifications