'कभी जिंदगी में नहीं बन पाएगी विधायक, जब कोई पाप करता है तो', अखिलेश के नेता ने विधायक पूजा पाल को दी चेतावनी
Pooja Pal: समाजवादी पार्टी से निष्कासित विधायक पूजा पाल को लेकर सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव और सांसद अफजाल अंसारी तीखा बयान दिया है। शिवपाल यादव ने चेताते हुए कहा कि पूजा पाल का हाल भाजपा के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य जैसा होगा और वह अब दोबारा विधायक कभी नहीं बन पाएंगी।
वहीं सपा सांसद अफजाल अंसारी ने विधायक पूजा पाल के निष्कासन पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सपा हमेशा बड़े दिल वाली पार्टी रही है, लेकिन जब कोई पाप, गलती करता है तो कार्रवाई करना जरूरी हो जाता है। उन्होंने कहा कि जब कोई अपने पाप का कीर्तिमान बना लेता है, तो कार्रवाई करनी ही पड़ती है।

अखिलेश यादव की तुलना भगत सिंह से, CM योगी पर साधा निशाना
अखिलेश यादव की तारीफ करते हुए अफजाल अंसारी ने उनकी तुलना शहीद भगत सिंह से कर दी। उन्होंने कहा-"जिस तरह भगत सिंह ने अंग्रेजों की संसद में बम फेंककर अपना विरोध जताया था, उसी तरह अखिलेश यादव ने आंदोलन के दौरान बेरिकेड फांदकर विरोध का साहसिक संदेश दिया।"
शिवपाल यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा सरकार पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि CM योगी "झूठी और बेसिर-पैर की बातें" करते हैं और भाजपा ने पिछले आठ साल में एक भी वादा पूरा नहीं किया। शिवपाल ने किसानों की बदहाली, बिजली संकट, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरते हुए कहा कि प्रदेश को पूरी तरह नौकरशाहों के भरोसे छोड़ दिया गया है।
विधानसभा सत्र को लेकर भी उन्होंने सरकार पर हमला बोला। शिवपाल ने कहा कि साल में 45 बैठकें होनी चाहिए, लेकिन सरकार सिर्फ 4 दिन के सत्र में वही पुराने भाषण दोहराती है। लखनऊ की सड़कों की बदहाल हालत पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा-"सिर्फ दो दिन की बारिश में स्मार्ट सिटी की पोल खुल गई, तो पूरे प्रदेश का क्या हाल होगा, सोच लीजिए।"
समाजवादी पार्टी ने क्यों किया विधायक पूजा पाल को निष्कासित?
समाजवादी पार्टी ने 14 अगस्त को पार्टी विधायक पूजा पाल को विरोधी गतिविधियों और अनुशासनहीनता के आरोप में पार्टी से निष्कासित कर दिया। यह कार्रवाई उस बयान के एक दिन बाद हुई, जिसमें उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ करते हुए कहा था कि उन्होंने गैंगस्टर से नेता बने अतीक अहमद की मौत के बाद महिलाओं को न्याय दिलाया है। पूजा पाल पूर्व विधायक राजू पाल की पत्नी हैं, जिनकी 2005 में हत्या कर दी गई थी
गौरतलब है कि अतीक अहमद, 2005 में हुए उनके पति और पूर्व बसपा विधायक राजू पाल की हत्या के मामले में आरोपी था। पूजा पाल ने सीएम योगी को प्रदेश में अपराध के खिलाफ उनकी जीरो टॉलरेंस पॉलिसी के तहत महिलाओं को न्याय दिलाने के लिए धन्यवाद दिया था।
पति राजू पाल की हत्या के बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखा और बसपा के टिकट पर चुनाव मैदान में उतरीं। कुछ समय बाद वे समाजवादी पार्टी से जुड़ गईं और 2022 के विधानसभा चुनाव में चायल सीट से विधायक बनीं। हाल के दिनों में वह पार्टी की आधिकारिक लाइन से हटकर बयान दे रही थीं, जिसके चलते सपा ने उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया।
2005 में शादी के कुछ समय बाद ही बसपा विधायक राजू पाल की प्रयागराज में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। फरवरी 2023 में इस मामले के अहम गवाह उमेश पाल की भी हत्या कर दी गई। इन दोनों हत्याओं में अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ अहमद मुख्य आरोपी थे। अप्रैल 2023 में मेडिकल चेकअप के लिए ले जाते समय दोनों की पुलिस सुरक्षा के बीच गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
अखिलेश यादव का पत्र
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने एक पत्र में पूजा पाल पर पार्टी विरोधी गतिविधियों का आरोप लगाते हुए लिखा-
"आपके द्वारा की गई कार्रवाई पार्टी के खिलाफ है और अनुशासन का गंभीर उल्लंघन है। इसलिए आपको तत्काल प्रभाव से समाजवादी पार्टी से निष्कासित किया जाता है। इसके साथ ही, आपको पार्टी के अन्य सभी पदों से भी हटा दिया गया है और आप पार्टी की किसी भी बैठक/कार्यक्रम में भाग नहीं लेंगी, न ही आपको आमंत्रित किया जाएगा।"
भाजपा का पलटवार
भाजपा ने सपा के इस कदम पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस और सपा ने अल्पसंख्यकों के बजाय परिवारवाद को प्राथमिकता दी है। भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा-
"कर्नाटक में सच्चाई बोलने पर कांग्रेस ने एसटी मंत्री को हटाया, अब सपा ने ओबीसी विधायक को निकाला! परिवारवादियों के लिए परिवार पहले, ओबीसी-एससी-एसटी कल्याण आखिरी में आता है।"
पूजा पाल का जवाब
निष्कासन के बाद पूजा पाल ने अपने बयान पर कायम रहते हुए कहा-"मैं उन गरीब और बेबस माताओं-बहनों की आवाज हूं, जिन्होंने मुझे यहां भेजा है। मैं सिर्फ इतना कहना चाहती हूं कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपी में अतीक अहमद की आपराधिक गतिविधियों से प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने का काम किया है। जब कुछ सही है, तो उसे सही ही कहा जाएगा।"
विधानसभा में योगी की तारीफ
पिछले दिनों यूपी विधानसभा में 'विजन डॉक्यूमेंट 2047' पर चर्चा के दौरान पूजा पाल ने सीएम योगी की तारीफ करते हुए कहा था-
"सबको पता है मेरे पति की हत्या किसने की? मैं मुख्यमंत्री (योगी) का आभार व्यक्त करती हूं कि उन्होंने मुझे न्याय दिलाया और तब सुना जब कोई सुनने को तैयार नहीं था। प्रयागराज में मेरे जैसी कई महिलाओं को न्याय दिलाने का काम उन्होंने किया। आज पूरा प्रदेश मुख्यमंत्री पर भरोसा करता है।"
उन्होंने कहा-
"मेरे पति के हत्यारे अतीक अहमद को मुख्यमंत्री ने मिट्टी में मिलाने का काम किया। जब कोई इस अपराधी के खिलाफ लड़ने को तैयार नहीं था तो मैंने आवाज उठाई। जब मैं इस लड़ाई से थकने लगी, तब सीएम योगी आदित्यनाथ ने मुझे न्याय दिया।"
अतीक अहमद उत्तर प्रदेश की राजनीति का बड़ा नाम था, जिसके खिलाफ हत्या, अपहरण और रंगदारी समेत 100 से ज्यादा आपराधिक केस दर्ज थे। वह पांच बार के विधायक और एक बार समाजवादी पार्टी से लोकसभा सांसद भी रह चुका था।












Click it and Unblock the Notifications