ससुरालवालों की शिकायत लेकर SSP के पास पहुंची पूर्व BJP विधायक की बेटी, पिता से बगावत कर ड्राइवर से की थी शादी
Shakshi Mishra: साक्षी मिश्रा, 2019 में इस नाम ने काफी सुर्खियां बटोरी थी। क्या आपको यह नाम और इसके चर्चाओं में आने की वजह याद है? चलिए हम आपको याद दिला देते हैं। साक्षी, बरेली जिले से भाजपा के पूर्व विधायक रहे राजेश मिश्रा उर्फ पप्पू भरतौल की बिटिया हैं, जिन्होंने अपनी शादी की वजह से 2019 में खूब सुर्खियां बटोरी थी।
जी नहीं, इनकी शादी कोई ग्रैंड वेडिंग नहीं थी बल्कि इंटरकास्ट मैरेज थी। इन्होंने अपने परिवार के खिलाफ जाकर, पिता से बगावत कर के अपने घर के ड्राइवर से ही शादी रचा ली थी। प्यार के लिए इस हद तक जाने वाली साक्षी एक बार सुर्खियों में हैं।

दरअसल, साक्षी ने अपने ससुरालवालों पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि ससुरालवाले दहेज की मांग करते हैं और उन्हें प्रताड़ित करते हैं। इस मामले को लेकर उन्होंने एसएसपी ऑफिस में जाकर शिकायत भी की है। अपने शिकायत की कॉपी में उन्होंने ससुरालवालों पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए न्याय की मांग की है।
साक्षी अपने पति अजितेश के साथ शिकायत करने पहुंची थी। उन्होंने शिकायती प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों पर कार्रवाई की मांग करते हुए न्याय की गुहार लगाई। एसएसपी ने उस मामले में पुलिस को जांच के निर्देश दिए हैं।
साक्षी का आरोप है कि उसके ससुर, सौतेली सास, ननद, जेठानी, दादी सास दहेज में कार और 10 लाख रुपये की मांग करते हैं। साक्षी का कहना है कि ससुराल वाले कहते हैं कि हमने सोचा था कि विधायक की बेटी है तो आगे चलकर मोटा दहेज मिलेगा। जब दहेज नहीं मिला तो ससुराल वाले उसे घर से निकालने की कोशिश करने लगे और उसे तरह-तरह से प्रताड़ित कर रहे हैं।
दरअसल, पिता के खिलाफ जाकर अंतरजातीय प्रेम विवाह करने की वजह से साक्षी के पिता उससे नाराज थे। साक्षी के अनुसार ससुरालवालों को उम्मीद थी कि वक्त के साथ साक्षी और उसके पिता के संबंध सुधर जाएंगे और उन्हें मनचाहा दहेज मिलेगा। लेकिन समय बीतने के बाद भी जब उन्हें धन-संपत्ति मिलती नजर नहीं आई तो उन्होंने साक्षी को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।
साक्षी मिश्रा ने अपने शिकायत पत्र में बताया कि उसके बच्चे के जन्म पर उसके ससुरालवालों ने उसे (बच्चे को) नाजायज बताया था। उसने अपने जेठ पर भी गलत नीयत रखने का आरोप लगाया है। साक्षी का कहना है कि उसके पति की गैरमौजूदगी में अजितेश के चाचा और बड़े भाई ने दारू पीकर उसके साथ बदसलूकी की।
इस पूरे मामले पर अजितेश ने कहा, "हमें कई तरह से प्रताड़ित किया जा रहा है। कभी बिजली का तार कटवा देना, आए दिन कोई न कोई आरोप लगाना। 18 फरवरी को मेरी गैरमौजूदगी में मेरी पत्नी साक्षी के साथ जो भी हरकत की, वो बर्दाश्त से बाहर थी। इसलिए हमने शिकायत दर्ज कराई है।"












Click it and Unblock the Notifications