UP: जिलों के नाम बदलने की कवायद फिर हुई शुरू, अलीगढ़ होगा 'हरिगढ़'..मैनपुरी और फिरोजाबाद के भी होंगे ये नए नाम
UP: जिलों के नाम बदलने की कवायद फिर हुई शुरू, अलीगढ़ होगा 'हरिगढ़'...मैनपुरी और फिरोजाबाद के भी होंगे ये नए नाम
लखनऊ, 17 अगस्त: इलाहाबाद और फैजाबाद जिले का नाम बदलने के बाद उत्तर प्रदेश के तीन और जिलों का नाम बदलने की कवायद फिर से शुरू हो गई। इसके तहत अलीगढ़ जिले का नाम 'हरिगढ़', मैनपुरी का नाम 'मयन ऋषि' के नाम पर मयन नगर और फिरोजाबाद जिले का नाम चंद्रनगर रखने का प्रस्ताव जिला पंचायत में पास हो गया है। जिसके मुताबिक, जल्द ही इन तीनों जिलों के नाम बदले जा सकते हैं।
Recommended Video

जानकारी के मुताबिक, अलीगढ़ जिले में सोमवार यानी 16 अगस्त को जिला पंचायत की बोर्ड बैठक हुई। बैठक में जिला पंचायत सदस्य केहरी सिंह और उमेश यादव ने अलीगढ़ का नाम हरिगढ़ करने का प्रस्ताव रखा, जो सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से पास कर दिया। वहीं, मैनपुरी में भी जिला पंचायत के सदस्यों ने मयन ऋषि की तपोभूमि होने के चलते मैनपुरी का नाम मयन नगर रखने का प्रस्ताव रखा। बैठक के दौरान मैनपुरी का नाम बदले जाने का लेकर कुछ जिला पंचायत सदस्यों की ओर से विरोध भी किया गया। लेकिन, सदस्यों के बहुमत मिलने के बाद जिला पंचायत अध्यक्ष अर्चना भदौरिया ने मैनपुरी का नाम मयन नगर रखने का प्रस्ताव पास कर दिया।
तो वहीं, फिरोजाबाद जिला पंचायत अध्यक्ष हर्षिता सिंह ने भी फिरोजाबाद जिले का नाम बदलकर चंद्रनगर करने का प्रस्ताव रखा था। जो सर्वसम्मति से पास हो गया है। वहीं, इन प्रस्तावों को जिला पंचायत द्वारा प्रदेश सरकार के पास भेजा जाएगा, जहां फैसला लिया जाएगा कि इनका नाम बदलना है या नहीं।
अलीगढ़ का नाम बदलने का पूर्व सीएम कल्याण सिंह ने भी किया था प्रयास
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अलीगढ़ जिले का नाम बदले जाने की मांग काफी पुरानी है। विश्व हिन्दू परिषद ने साल 2015 में अलीगढ़ में प्रस्ताव पास कर कहा था कि अलीगढ़ का प्राचीन नाम हरिगढ़ ही है। इसे बाद में अलीगढ़ कर दिया गया था, इसलिए इसे अलीगढ़ को हरिगढ़ किया जाना चाहिए। तो वहीं, कल्याण सिंह ने साल 1992 में मुख्यमंत्री रहते हुए इसका नाम हरिगढ़ करने कोशिश की थी, लेकिन उस वक्त केंद्र में कांग्रेस सरकार थी, इसलिए उनकी कोशिशें परवान नहीं चढ़ सकीं।












Click it and Unblock the Notifications