यूपी चुनाव: प्रियंका गांधी ने जारी की कांग्रेस उम्मीदवारों की पहली लिस्ट, 50 महिलाओं को टिकट
लखनऊ, 13 जनवरी: कांग्रेस पार्टी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने गुरुवार को उत्तर प्रदेश चुनाव के लिए ये लिस्ट जारी की है, जिसमें 125 सीटों पर उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया गया है। 125 लोगों की पहली सूची में 50 महिलाएं हैं। उन्नाव गैंगरेप पीड़िता की मां को भी टिकट दिया गया है।
Recommended Video

प्रियंका गांधी ने पहली लिस्ट का ऐलान करते हुए कहा कि कुल 125 उम्मीदवारों के नाम फाइनल कर दिए गए हैं। इन 125 सीटों पर 40 फीसदी टिकट महिलाओं और 40 प्रतिशत युवाओं को टिकट दिए गए हैं। प्रियंका गांधी ने उम्मीदवारों के नामों का ऐलान करते हुए कहा, ये एक ऐतिहासिक पल है, महिलाओं को आगे लाकर हम राज्य में एक नई तरह की राजनीति को लाने की उम्मीद कर रहे हैं। हमने महिलाओं की बात शुरू की तो सभी पार्टियां घोषणाएं करने लगीं। भाजपा, सपा, आरएलडी, बसपा सबने घोषणाएं कीं। हमारी यही सफलता है कि अब महिलाओं को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
उन्नाव गैंगरेप पीड़िता की मां को टिकट
प्रियंका गांधी ने उम्मीदवारों की जानकारी देते हुए कहा, कांग्रेस की यूपी चुनाव के लिए पहली सूची में 50 महिलाएं हैं। इस लिस्ट में जो महिलाएं हैं उनमें से पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ता और ऐसी महिलाएं हैं जिन्होंने बेहद अत्याचार झेला है। हमारी उन्नाव की प्रत्याशी उन्नाव गैंगरेप पीड़िता की मां हैं। हमने उनको मौका दिया है कि वे अपना संघर्ष जारी रखें। जिस सत्ता के जरिये उनकी बेटी के साथ अत्याचार हुआ, उनके परिवार को बर्बाद किया गया, वही सत्ता वे हासिल करें।
सोनभद्र नरसंहार के पीड़ितों में से एक रामराज गोंड को टिकट
प्रियंका ने आगे कहा, हमने सोनभद्र नरसंहार के पीड़ितों में से एक रामराज गोंड को भी टिकट दिया है। इसी तरह आशा बहनों ने कोरोना में बहुत काम किया, लेकिन उन्हें पीटा गया। उन्हीं में से एक पूनम पांडेय को भी हमने टिकट दिया है। लखनऊ की सदफ जाफर ने सीएए-एनआरसी के समय बहुत संघर्ष किया था। सरकार ने उनका फोटो पोस्टर में छपवाकर उन्हें प्रताड़ित किया। मेरा संदेश है कि अगर आपके साथ अत्याचार हुआ तो आप अपने हक के लिए लड़ें। कांग्रेस ऐसी महिलाओं के साथ है।
कांग्रेस करेगी चुनाव लड़ने में मदद
प्रियंका गांधी ने कहा है कि जो महिलाएं पहली बार चुनाव लड़ रही हैं, वे संघर्षशील और हिम्मती महिलाएं हैं। कांग्रेस पार्टी उन्हें पूरा सहयोग करेगी। हमारे पास बहुत सी महिलाओं के आवेदन आए, उनमें से कई ऐसी हैं जिन्हें कभी मौका नहीं मिला। कई ऐसी हैं जिन्होंने बहुत संघर्ष किया है और पहली बार चुनाव लड़ रही हैं।मैंने जो प्रयास शुरू किए हैं वह जारी रखूंगी, मैं चुनाव के बाद भी यूपी में ही रहूंगी। अगर हमारी पार्टी कहती है कि हमारी भूमिका कहीं और भी होनी चाहिए तो मैं वह भी करूंगी। पार्टी को मजबूत करने का हमारा प्रयास जारी रहेगा।
पढ़ें- 2 दिन के भीतर भाजपा में 7वां इस्तीफा, विधायक मुकेश वर्मा ने छोड़ी पार्टी












Click it and Unblock the Notifications