यूपी पुलिस ने मानवता को किया शर्मसार, घायल गर्भवती महिला को कराया घंटों इंतजार, मौत
लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस का बर्बर चेहरा सामने आया है, यहां बहराइच में एक घायल महिला की एफआईआर दर्ज करने के लिए पुलिस ने उसे घंटों थाने में बैठाए रखा, जिसकी वजह से उसकी मौत हो गई। महिला शुक्रवार की शाम बहराइच के विश्वेश्वरगंज थाना में दबंगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने के लिए पहुंची थी। लेकिन महिला की शिकायत दर्ज करने की बजाए पुलिस ने उसे घंटो तक थाने पर बैठाए रखा और उसकी सिर्फ एनसीआर दर्ज की।

7 महीने का गर्भ पल रहा था
वहीं जब महिला की मौत के बारे में पुलिसवालों को पता चला तो थाने में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में पीड़ित परिवार को डरा-धमकाकर थाने से लाश सहित भगा दिया गया। जानकारी के अनुसार मृतका के गर्भ में 7 महीने का गर्भ था। वहीं जब इस घटना की जानकारी शीर्ष अधिकारियों को मिली तो वह डैमेज कंट्रोल में जुट गए और रात में ही थाने की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गाय को बासी खाना देने को लेकर विवाद
घटना के बाद पुलिस ने बच्चे और महिला की मौत के मामले में गैर इरादत हत्या का केस दर्ज किया है। यह घटना विश्वेश्वरगंज थाना के अंतर्गत ग्राम गुजरा के मजरे नतईपुरवा का है। यहां के निवासी रामधीरज और जग प्रसाद के बीच पारिवारिक रिश्ते हैं, गुरुवा को रामधीरज की गाय को जग प्रसाद की बहू प्रीति ने बचा हुआ खाना खिला दिया था, जिसके कुछ देर बाद गाय की हालत खराब हो गई। इसको लेकर रामधीरज की पत्नी सुशीला और प्रीति में कहासुनी हो गई और दोनों परिवारों के बीच जमकर हाथापाई हुई।
गर्भवती महिला को पटका
घटना के दौरान दोनों पक्षों की ओर से पथराव किया गया जिसमे सुशीला व दूसरे पक्ष से सात माह की गर्भवती महिला को भी चोट आई। जिसके बाद सुशीला की तहरीर पर गुरुवार की रात जग प्रसाद, छोकऊ, योगेंद्र व सुंदर पर अलग-अलग धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। इस पूरे मामले में थानाध्यक्ष सूरज प्रसाद का कहना है कि दोनों पक्षों की ओर से मामला दर्ज कर लिया गया है। ग्राम प्रधान शकील पर आरोप है कि उसने नशे में गर्भवती प्रीति को पेट के बल उठाकर पटक दिया। इसी के खिलाफ जब महिला शिकायत करने पहुंची तो इसपर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
पुलिस ने पल्ला झाड़ा
वहीं अपर पुलिस अधीक्षक शहर अजय प्रताप सिंह का कहना है कि प्रीति की मौत थाने के भीतर नहीं हुई है, उसकी मौत जिला अस्पताल ले जाते वक्त हुई है। दोनों पक्षों की ओर से मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है, जो भी इस मामले में दोषी होगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़ें- यूपी के एटा में पुलिस वाले ने पीट-पीटकर कर दी पत्नी की हत्या












Click it and Unblock the Notifications