रिश्तेदारों को फंसाने के लिए नाना ही बना 4 साल की धेवती का कातिल
संभल। यूपी के संभल में पुलिस ने सनसनीखेज मामले का खुलासा किया है जहां एक नाना ने ही जमीनी विवाद में अपनी धेवती की हत्या कर उसका आरोप अपने ही रिश्तेदारों पर लगा दिया। आपको बता दें कि 31 जनवरी की रात बनवारी नाम के व्यक्ति ने पुलिस को फोन कर जानकारी दी थी कि बदमाशों ने उसके और उसकी धेवती को गोली मार दी जिसमें उसकी धेवती की मौत हो गयी थी जबकि वह घायल हो गया था। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली तो पुलिस को मामला संदिग्ध लगा।

फॉरेंसिक टीम की मदद से हुआ खुलासा
पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की तह तक जाने के लिए फॉरेंसिक टीम की मदद ली और ये खुलासा किया। खुलासे में पाया गया कि आरोपी बनवारी ने जमीन के लालच में अपने रिश्तेदारों को फंसाने के लिए ये चाल चली और खुद ही अपनी चाल में फंस गया। पुलिस ने आरोपी बनवारी और घटना में शामिल उसके दोस्त को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, साथ ही पुलिस ने घटना में इस्तेमाल दो तमंचे भी बरामद किये है।

नाना ही निकला शैतान
संभल में एक नाना ने लालच में आकर अपनी ही धेवती को मौत के घाट उतार दिया मगर इस शैतान का खूनी खेल ज्यादा दिन तक नहीं छुपा और जल्द ही पुलिस ने इसकी करतूत का पर्दाफाश कर दिया। थाना हयातनगर के ग्राम नूरपुर ततारपुर का रहने वाला आरोपी बनवारी का 18 बीघा जमीन को लेकर अपने सालों से विवाद चल रहा है। इसी विवाद को देखते हुए सास ने 8 बीघा जमीन आरोपी के नाम कर दी थी मगर उससे भी आरोपी का मन नहीं भरा। वो पूरी जमीन ही हथिया लेना चाहता था।

खौफनाक साजिश कर बच्ची का कत्ल
रोज-रोज के इस विवाद को खत्म करने के लिए आरोपी ने एक षड्यंत्र रचा और इसकी शिकार उसकी 4 साल की मासूम धेवती पूनम बनी। 31 जनवरी की शाम आरोपी बनवारी अपनी धेवती को दवाई दिलाने के बहाने जंगल की तरफ ले गया और सुनसान रास्ते में जाकर अपने दोस्त छोटे के साथ मिलकर उसको गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। आरोपी बनवारी के दोस्त छोटे ने बच्ची के दो गोली मारी थी। एक उसके सर में और एक उसके पेट में और उसके बाद आरोपी बनवारी ने खुद अपने हाथों से एक गोली अपने बाएं हाथ में मारकर शोर मचा दिया। तब तक आरोपी का दोस्त छोटे वहां से फरार हो चुका था।

पुलिस ने बरामद किए तमंचे
सूचना पर पहुंची पुलिस को आरोपी बनवारी ने बताया कि वो अपनी धेवती को दवाई दिलाकर वापस घर लौट रहा था तो रास्ते में कुछ बदमाश आये और उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। फायरिंग में बनवारी की कुछ दूर जाकर मोटरसाइकिल जमीन पर गिर गयी। घायल हालत में जब उसने पीछे मुड़कर देखा तो सभी बदमाश फरार हो चुके थे और उसकी धेवती कुछ दूरी पर मृत अवस्था में पड़ी थी। पुलिस को घटनाक्रम संदिग्ध लगा तो शक की सुई आरोपी बनवारी पर ही गयी चूंकि मामला छोटी बच्ची की मौत का था तो पुलिस ने उस वक़्त तो आरोपी बनवारी को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा और मुकदमा दर्ज़ कर मृतक बच्ची के शव को पीएम के लिए भेज दिया। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम और एक्सपर्ट की मदद से इसका खुलासा किया। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने जमीन के विवाद में अपने दो सालो को फंसाने के लिए ये सब षड्यंत्र रचा था जिसमे वो खुद ही फंस गया। फिलहाल पुलिस ने आरोपी बनवारी और उसके दोस्त छोटे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। साथ ही घटना में इस्तेमाल किये गए दो तमंचे भी बरामद किये हैं।

जेल की सलाखों के पीछे नाना
वहीं पुलिस ने ये भी बताया कि ऐसा ही षड्यंत्र आरोपी बनवारी कई साल पहले भी रच चुका था तो उस मामले में लेनदेन के बाद आरोपी बनवारी ने मामले में समझौता कर लिया था। अब भी वो कुछ ऐसा ही करना चाहता था मगर इस बार उसकी ये साजिश नाकाम हो गयी और उसके इस षड्यंत्र ने उसे जेल की सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।












Click it and Unblock the Notifications