किसानों ने पीएम मोदी से की यह खास डिमांड, किसान सम्मान निधि पर दी प्रतिक्रिया
PM Kisan Samman Nidhi News Uttar Pradesh: प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि को लेकर किसानों का उत्साह देखने योग्य है। सभी को 21वीं किस्त आने आ इंतजार है। इस किस्त के जल्द आने की संभावना है। वन इंडिया हिंदी रिपोर्टर पुनीत श्रीवास्तव ने इस योजना को लेकर महराजगंज के घुघली क्षेत्र स्थित रामपुर बल्डीहा के किसानों से बातचीत की। यह गांव देश के केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी के संसदीय क्षेत्र में है। इस दौरान किसानों ने इस योजना की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से खास डिमांड भी की है।
किसान राम हर्ष कहते हैं कि यह केंद्र सरकार की बहुत अच्छी योजना है। इसकी जितनी सराहना की जाए वह कम है। एक किसान जो खेती के समय एक एक रुपए के लिए परेशान रहता था अब ऐसा नहीं है। पीएम किसान सम्मान निधि किसानों के लिए बहुत बड़ा सहारा है। खेती के लिए सरकार जो पैसा दे रही है उससे किसानों को बहुत राहत मिलती है। लेकिन कई साल से यही राशि मिल रही है। महंगाई भी बढ़ गई है। राशि में कुछ बढ़ोतरी अवश्य होनी चाहिए।

किसान ब्रह्मानंद रेड्डी कहते हैं कि पीएम किसान सम्मान निधि किसानों के लिए बहुत अच्छी योजना है। इसके लिए मैं पीएम मोदी के प्रति आभार व्यक्त करता हूं लेकिन स्थानीय स्तर पर कुछ समस्याएं आती हैं जो लोकल अधिकारियों की वजह से हैं। वे कई बार एक छोटे से काम के लिए दौड़ते हैं। गंभीरता से किसी काम को नहीं लेते हैं। इनकी वजह से कभी कभी किसानों को बहुत परेशान होना पड़ता है। इसमें सुधार की जरूरत है। मिथिलेश कहते हैं कि पीएम किसान सम्मान निधि सरकार की बहुत अच्छी योजना है। देश के किसानों को इसका पूरा लाभ मिल रहा। समस्याएं आती हैं लेकिन उसके लिए किसानों को खुद भी जागरूक होना पड़ेगा। जब जागरूक रहेंगे और समय से सारे कागज जमा करेंगे तो कोई दिक्कत नहीं आएगी।

किसान सुभाष कहते हैं कि योजना तो बहुत अच्छी है। मै खुद इसका लाभ ले रहा हूं लेकिन अब सरकार को राशि में कुछ बढ़ोतरी करनी चाहिए। ग्राम मटकोपा के प्रधान राजाराम गुप्ता कहते हैं कि सरकार की इस योजना का लाभ बहुत किसान उठा रहे हैं। कई किसान यह समस्या लेकर आते हैं कि उनकी राशि नहीं आई। जब मैं अपने स्तर से छानबीन करता हूं तो पता चलता है कि जो कागज उन्होंने दिया है उसी में त्रुटि है। किसी का नाम गलत होता है तो किसी के कागज में गड़बड़ी होती है। बहुत लोग अपना फॉर्मर रजिस्ट्रेशन भी नहीं कराते हैं। यदि कोई इसके लिए पात्र है और सभी कागज सही हैं तो योजना का लाभ अवश्य मिलता है।













Click it and Unblock the Notifications