'A फॉर अखिलेश', 'D फॉर डिंपल', यूपी की राजनीति में 'PDA पाठशाला' ने मचाया बवाल, सपा नेताओं पर FIR
'PDA Pathshala' Controversy: उत्तर प्रदेश की सियासत में इन दिनों 'PDA पाठशाला' चर्चा का बड़ा विषय बनी हुई है। सहारनपुर से शुरू हुआ यह मामला अब कानपुर और भदोही तक पहुंच चुका है। आरोप है कि समाजवादी पार्टी के कुछ नेता छोटे बच्चों को पढ़ाई के नाम पर राजनीतिक संदेश दे रहे हैं।
इस विवाद में जहां सत्ताधारी भाजपा इसे शिक्षा के साथ खिलवाड़ बता रही है, वहीं समाजवादी पार्टी इसे बच्चों को समाजवादी विचारधारा से जोड़ने का प्रयास कह रही है। इस बीच वायरल हुए वीडियो ने पूरे मामले को और गरमा दिया है। सहारनपुर में समाजवादी पार्टी के एक स्थानीय नेता के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। आरोप है कि उन्होंने बच्चों को 'PDA पाठशाला' में ऐसे अक्षर सिखाए जिनका सीधा संबंध राजनीति से है।

शिकायत के बाद मामला दर्ज
पुलिस के मुताबिक, कल्लारपुर गुर्जर गांव के रहने वाले मैन सिंह ने शिकायत दी कि SP नेता फरहाद आलम गदा बच्चों को "A फॉर अखिलेश", "B फॉर बाबासाहेब", "D फॉर डिंपल" और "M फॉर मुलायम सिंह" जैसे शब्द सिखा रहे थे। यह मामला तब सामने आया जब गदा के घर पर रिकॉर्ड किया गया एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में स्कूली यूनिफॉर्म पहने बच्चे दिखाई दे रहे हैं जो कथित तौर पर एक प्राइवेट स्कूल के छात्र बताए जा रहे हैं।
ये भी पढ़ें: PDA Pathshala: भदोही में स्कूली बच्चों को 'A फॉर अखिलेश' पढ़ाने पर सपा नेत्री अंजनी सरोज पर कार्रवाई
अखिलेश यादव का पलटवार
FIR पर प्रतिक्रिया देते हुए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर लिखा, "पढ़ाई पर तो अंग्रेजों ने भी एफआईआर नहीं की थी। भाजपा का असली चेहरा अब सामने आ गया है। जनता सब देख रही है और अब भाजपा का अंत तय है।"
पढ़ाई के लिए तो FIR अंग्रेजों तक ने नहीं की थी।
भाजपा का शिक्षा विरोधी चेहरा अब जनता के सामने उजागर हो गया है। अब भाजपा हमेशा के लिए जाएगी।
निंदनीय! pic.twitter.com/VzMAmf0ljm
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) August 3, 2025
फरहाद गदा का बचाव
वहीं, फरहाद गदा ने खुद का बचाव करते हुए कहा कि 'PDA पाठशाला' केवल अक्षर सिखाने के लिए नहीं थी, बल्कि इसका मकसद बच्चों को समाजवादी विचारधारा के महान नेताओं से परिचित कराना है। उन्होंने आगे कहा कि वह जिले में ऐसी और पाठशालाएं शुरू करने की योजना बना रहे हैं।
कानपुर और भदोही में भी कार्रवाई
इसी तरह का एक मामला कानपुर के बिल्हौर ब्लॉक में भी सामने आया। यहां समाजवादी पार्टी की नेता रचना सिंह गौतम पर सरकारी स्कूल के बाहर बिना अनुमति 'PDA पाठशाला' चलाने का आरोप लगा।
ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (BEO) की शिकायत पर पुलिस ने IT एक्ट और RTE एक्ट के उल्लंघन समेत कई धाराओं में केस दर्ज किया। आरोप है कि रचना सिंह ने बच्चों को राजनीतिक नारे और समाजवादी पार्टी के PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) अभियान से जुड़े कंटेंट सिखाए।
भदोही में प्रदर्शन का मामला
भदोही में भी एक अन्य SP नेता और दर्जनभर लोगों पर FIR हुई है। आरोप है कि उन्होंने कम नामांकन वाले स्कूलों के विलय के खिलाफ प्रदर्शन में बच्चों को शामिल किया और सरकारी जगहों का गलत इस्तेमाल किया।
जांच में जुटी प्रशासनिक टीम
शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि शिकायतों के आधार पर वीडियो और फोटो जिला प्रशासन को सौंप दिए गए हैं। इन विजुअल्स में बच्चों को एसपी से जुड़े नारे बोलते और विवादित शैक्षणिक सामग्री पढ़ते हुए दिखाया गया है। प्रशासन अब पूरे मामले की जांच कर रहा है।
ये भी पढ़ें: Mau News: यूपी के मऊ में धार्मिक सभा के बहाने धर्मांतरण की कोशिश? बजरंग दल का बड़ा दावा












Click it and Unblock the Notifications