योगी के कॉलेज में तैनात मुस्लिम प्रिंसिपल ने कहा- यहां कोई भेदभाव नहीं होता
योगी आदित्यनाथ ने 1999 में उत्तराखंड के पौड़ी में इस कॉलेज की स्थापना की थी, इसका महायोगी गुरुगोरखनाथ डिग्री कॉलेज रखा गया।
पौड़ी (उत्तराखंड)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भले ही हिंदुत्व की राजनीति के फायरब्रांड नेता के तौर पर जाना जाता हो, लेकिन उत्तराखंड में उनकी ओर से स्थापित एक डिग्री कॉलेज में तैनात प्रिंसिपल मुस्लिम समुदाय से हैं। कॉलेज के प्रिंसिपल ने कहा कि ये संस्थान 'निष्पक्षता, सहिष्णुता और मानवता' का प्रतीक है।
1999 में योगी आदित्यनाथ ने गठित किया था कॉलेज
योगी आदित्यनाथ ने 1999 में उत्तराखंड के पौड़ी में इस कॉलेज की स्थापना की थी, इसका महायोगी गुरुगोरखनाथ डिग्री कॉलेज रखा गया। यमकेश्वर ब्लॉक के बिठयानी में स्थित ये कॉलेज उत्तराखंड में बीजेपी की सरकार आने के बाद सरकारी सहायता प्राप्त कॉलेजों में शुमार हो गया।

पौड़ी में है महायोगी गुरुगोरखनाथ डिग्री कॉलेज
महायोगी गुरुगोरखनाथ डिग्री कॉलेज के प्रिंसिपल आफताब अहमद ने टीओआई से बातचीत में कहा कि इस कॉलेज की खूबसूरती यही है कि यहां जाति, धर्म और वर्ण को लेकर कोई भेदभाव नहीं किया जाता है। यहां का माहौल बिल्कुल वैसे ही शुद्ध है जैसे पहाड़ों का वातावरण शुद्ध होता है।

योगी के छोटे भाई हैं इस कॉलेज के एडमिनिस्ट्रेटर
इस डिग्री कॉलेज के एडमिनिस्ट्रेटर योगी के छोटे भाई महेंद्र सिंह बिष्ट हैं। उन्होंने भी कहा कि कॉलेज में धर्म और जाति के आधार पर भेदभाव को लेकर कोई जगह नहीं है।

कॉलेज में पढ़ रहे हैं करीब 150 छात्र
डिग्री कॉलेज के प्रिंसिपल आफताब अहमद देहरादून के रहने वाले हैं। उन्होंने बताया कि कॉलेज 150 छात्र पढ़ते हैं, इनमें ज्यादा लड़कियां हैं। 2005 में इस कॉलेज को एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय से मान्यता हासिल हुई। इस डिग्री कॉलेज में देशभर से नेट की परीक्षा पास करके आने वाले शिक्षक पढ़ाते हैं।

जिले में नहीं है कोई दूसरा डिग्री कॉलेज
इस जिले कोई दूसरा डिग्री कॉलेज नहीं है। इस डिग्री के सबसे करीब में पड़ने वाला अगला कॉलेज ऋषिकेश में है, जिसकी दूरी यहां से 50 किमी दूर है। आफताब अहमद को 2014 में इस संस्थान का प्रिंसिपल बनाया गया। उन्होंने कहा कि इस संस्थान में हमारा उद्देश्य यही है कि छात्रों को अच्छी से अच्छी शिक्षा मुहैया कराई जाए। बिना किसी भेदभाव के युवाओं को आगे बढ़ने का मंत्र दिया जाए।












Click it and Unblock the Notifications