Nikki Case: निक्की की हत्या की 1 साल पहले ही लिख दी गई थी स्क्रिप्ट! जब रंगे हाथ पति को प्रेमिका संग था पकड़ा
Nikki Case Murder Script: ग्रेटर नोएडा में निक्की भाटी (28 वर्षीय) की दहेज के लिए क्रूर हत्या के मामले में हर दिन नए और चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। 21 अगस्त 2025 को सिरसा गांव में निक्की को कथित तौर पर उसके पति विपिन भाटी और ससुराल वालों ने जिंदा आग के हवाले कर दिया। निक्की की तड़प-तड़पकर मौत हो गई। अब पता चला है कि इस हत्याकांड की स्क्रिप्ट 2024 में ही लिख दी गई थी, जब विपिन को एक अन्य महिला के साथ रंगे हाथ पकड़ा गया था।
इस घटना के बाद जारचा पुलिस स्टेशन में उसके खिलाफ मारपीट की FIR दर्ज हुई थी। क्या निक्की की हत्या के पीछे दहेज के साथ-साथ विपिन का अवैध संबंध भी था? यह सवाल जांच को नया मोड़ दे रहा है।

2024 की FIR: प्रेमिका के साथ पकड़े जाने का राज
कासना थाना प्रभारी धर्मेंद्र शुक्ला ने बताया कि 2024 में विपिन भाटी के खिलाफ जारचा पुलिस स्टेशन में एक महिला के साथ पकड़े जाने के बाद मारपीट की FIR दर्ज की गई थी। निक्की के परिवार का दावा है कि विपिन का एक अन्य महिला से अवैध संबंध था, जिसे निक्की ने उजागर किया था।
इसके बाद से ही विपिन और उसके परिवार की प्रताड़ना बढ़ गई थी। निक्की के पिता भिकारी सिंह पायला ने कहा, 'विपिन का किसी और लड़की से संबंध था। वह निक्की को रास्ते से हटाना चाहता था। उसने मेरी बेटी को जला दिया।' X (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट में भी दावा किया गया कि 2024 का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें विपिन काली टी-शर्ट में एक लड़की के साथ कार में दिखा।
21 अगस्त की भयावह रात
21 अगस्त को दोपहर करीब 3:30 बजे निक्की ने विपिन से अपनी बहन कंचन के साथ ब्यूटी पार्लर दोबारा खोलने की बात की। विपिन ने इसका विरोध करते हुए कहा कि उनके परिवार में 'महिलाओं को पार्लर चलाने या इंस्टाग्राम पर रील्स बनाने की इजाजत नहीं है।' बात बिगड़ गई, और विपिन ने निक्की पर हमला कर दिया। कंचन के मुताबिक, सास दया भाटी ने विपिन को थिनर की बोतल दी, जिसे उसने निक्की पर उड़ेलकर आग लगा दी। निक्की की चीखें और आग की लपटों में सीढ़ियों से गिरते हुए दृश्य को कंचन ने रिकॉर्ड किया।
निक्की को 70% जलने के साथ फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन वह नहीं बची। इस दौरान निक्की का 6 साल का बेटा यह भयावह मंजर देख रहा था। उसने पुलिस को बताया, "मम्मी के ऊपर कुछ डाला, फिर थप्पड़ मारा और लाइटर से आग लगा दी।
वायरल वीडियो और कंचन की गवाही
निक्की की बड़ी बहन कंचन, जो विपिन के भाई रोहित से शादीशुदा है, ने तीन वीडियो रिकॉर्ड किए, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। पहले में विपिन निक्की को बालों से घसीटकर मार रहा है, दूसरे में उस पर ज्वलनशील पदार्थ डाला जा रहा है, और तीसरे में निक्की आग की लपटों में सीढ़ियों से नीचे भागती दिख रही है। कंचन ने बताया, 'मैंने ये वीडियो इसलिए रिकॉर्ड किए ताकि ससुराल की क्रूरता का सबूत रहे। अगर मैंने यह न किया होता, तो कोई नहीं जानता कि मेरी बहन की मौत कैसे हुई।'
कंचन ने FIR में दावा किया कि विपिन और उसकी मां दया ने निक्की को आग लगाई, जबकि ससुर सत्यवीर और जेठ रोहित मूकदर्शक बने रहे।
पुलिस की कार्रवाई: चारों आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में तेजी दिखाते हुए चारों आरोपियों-विपिन भाटी, सास दया भाटी, ससुर सत्यवीर भाटी, और जेठ रोहित भाटी-को गिरफ्तार कर लिया। विपिन को 24 अगस्त को गिरफ्तार किया गया, जब उसने सबूत इकट्ठा करने के दौरान पुलिस से पिस्तौल छीनकर भागने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसे पैर में गोली मारी। अस्पताल में विपिन ने बेशर्मी से कहा, "मुझे कोई पछतावा नहीं। मैंने उसे नहीं मारा, वह खुद मरी। पति-पत्नी के बीच झगड़े आम हैं।'
25 अगस्त को सास दया को जिम्स अस्पताल के पास से गिरफ्तार किया गया, जहां वह विपिन को देखने जा रही थी। उसी दिन ससुर सत्यवीर और जेठ रोहित को भी पकड़ लिया गया। सभी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 (हत्या), 115(2) (जानबूझकर चोट), और 61(2) (आपराधिक साजिश) के तहत मामला दर्ज है।
परिवार का गुस्सा: 'हत्यारों को फांसी दो'
निक्की के पिता भिकारी सिंह ने गुस्से में कहा, "ये हत्यारे हैं। इन्हें गोली मारो, इनका घर बुलडोजर से ढहाओ। मेरी बेटी ने अपने बेटे को पालने के लिए पार्लर चलाया, लेकिन इन कसाइयों ने उसे जला दिया।" निक्की की मां ने रोते हुए कहा, 'मेरी बेटी को इतने दर्द में मारा गया। विपिन और उसकी मां को फांसी दो।' परिवार का दावा है कि निक्की और कंचन को 2016 में शादी के बाद से ही दहेज के लिए प्रताड़ित किया गया। स्कॉर्पियो SUV, रॉयल एनफील्ड बाइक, 500 ग्राम सोना, और नकदी देने के बावजूद ससुराल वालों ने ₹36 लाख और मर्सिडीज की मांग की।
दहेज और अवैध संबंधों का घिनौना खेल
निक्की और कंचन की शादी 10 दिसंबर 2016 को विपिन और रोहित भाटी से एक ही समारोह में हुई थी। परिवार ने स्कॉर्पियो, बाइक, सोना, और नकदी दी, लेकिन भाटी परिवार की लालच खत्म नहीं हुई। कंचन ने बताया कि दोनों भाई बेरोजगार थे और पिता की किराने की दुकान पर निर्भर थे। वे बहनों के पार्लर की कमाई भी छीन लेते थे। निक्की के इंस्टाग्राम रील्स और पार्लर चलाने की इच्छा ने ससुराल वालों का गुस्सा बढ़ा दिया।
2024 में विपिन के अवैध संबंधों का खुलासा होने के बाद निक्की और उसका रिश्ता और बिगड़ गया। जारचा की एक महिला ने विपिन पर मारपीट का केस दर्ज किया था, जिसने निक्की के साथ तनाव को और बढ़ा दिया।
ये भी पढ़ें- Nikki Case: 'पापा मुझे ले जाओ, मार देंगे मुझे, नर्क जैसी जिंदगी दी’, जिंदा जली बेटी का दर्द पिता की जुबानी












Click it and Unblock the Notifications