Nikki Case:‘मोदी-योगी, कहां हो? मेरी लाडो को दरिंदे ने मार डाला’, मां का दर्द, दादी ने खोले ससुराल के काले राज
Greater Noida Nikki Bhati Hatyakand : ग्रेटर नोएडा के सिरसा गांव में 28 वर्षीय निक्की भाटी की दहेज के लिए क्रूर हत्या ने एक परिवार का दिल तोड़ दिया और पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया। पति विपिन भाटी और ससुराल वालों ने ₹36 लाख की दहेज मांग पूरी न होने पर निक्की को उनके छह साल के बेटे के सामने मिट्टी का तेल डालकर जिंदा जला दिया। बेटी की जली हुई लाश देखकर मां का कलेजा फट पड़ा।
बिलखते हुए वह बोलीं, "मेरी लाडो को मार डाला। PM मोदी, CM योगी, कहां हो? उस दरिंदे को गोली मारो, उसके घर पर बुलडोजर चलाओ!" निक्की की दादी ने ससुराल के काले राज खोलते हुए कहा, "वो कहती थी, 'पापा, मुझे यहां(ससुराल) से ले चलो, मुझे खतरा है,' लेकिन हम समझाते रहे, और अब मेरी पोती चली गई।"

मां का टूटा दिल: 'मेरी बेटी अच्छा दिन का इंतजार करती रही'
निक्की की मां आंसुओं में डूबी हुईं बताती हैं कि "मेरी बेटी कहती थी, 'मम्मी, परेशान न हो, एक दिन अच्छा आएगा।' लेकिन वह अच्छा दिन आए बिना ही चली गई। हमने शादी में स्कॉर्पियो दी, बुलेट दी, 11 तोले सोना दिया, फिर भी इन दरिंदों ने मेरी लाडो को मार डाला। कई बार उसे मारा-पीटा। हम घर लाए, ससुराल वाले पंचायत में हाथ जोड़कर ले गए, वादा किया कि अब नहीं करेंगे। लेकिन उन्होंने मेरी बेटी को जला दिया।"
मां ने गुस्से और दर्द में कहा, 'उस दरिंदे को ऐसी ही आग में जलाना चाहिए। उसके घर पर बुलडोजर चलना चाहिए। PM मोदी, CM योगी, मेरी बेटी को इंसाफ दो, उस कसाई को गोली मार दो।'
दादी का दर्द: 'निक्की चिल्लाती थी, मुझे ले चलो'
निक्की भाटी (Nikki Bhati) की दादी ने रोते हुए बताया, "वो कहती थी, 'पापा, मुझे यहां (ससुराल) से ले चलो, मुझे खतरा है।' लेकिन उसके पापा समझाते थे कि सब ठीक हो जाएगा। भूखी-प्यासी रहती थी, फिर भी चुप रहने को कहा जाता था। चारों ने मिलकर मेरी पोती को खत्म कर दिया। समाज ने मेरी निक्की को छीन लिया।" दादी की आवाज में दुख और गुस्सा साफ सुनाई दे रहा था।
मासूम बेटे की गवाही: 'मम्मी को जलाया'
सबसे दिल दहलाने वाली बात यह है कि निक्की का छह साल का बेटा इस भयावह हत्याकांड का गवाह बना। उसने पुलिस को बताया, 'मम्मी के ऊपर कुछ डाला, फिर थप्पड़ मारा और लाइटर से आग लगा दी।' इस मासूम की गवाही ने ससुराल वालों की क्रूरता को और उजागर कर दिया।
पिता का गुस्सा: 'सब दिया, फिर भी जलाया'
निक्की के पिता भिकारी सिंह पायला ने कहा, 'हमने स्कॉर्पियो, बुलेट, नकदी, और 11 तोले सोना दिया। फिर भी इनकी लालच खत्म नहीं हुई। मेरी बेटी ने पार्लर चलाकर अपने बेटे को पाला, लेकिन इन कसाइयों ने उसे नर्क जैसी जिंदगी दी और आखिर में जला दिया।'
कंचन का खुलासा: 'दूसरी शादी की साजिश'
कंचन ने बताया कि ससुराल वाले निक्की को हटाकर विपिन की दूसरी शादी कराना चाहते थे। 'घटना की रात मुझे भी 1:30 से 4:00 बजे तक पीटा गया, मैं बेहोश हो गई। वे निक्की को मारकर दूसरी शादी की योजना बना रहे थे।'
पुलिस की कार्रवाई
कासना पुलिस ने विपिन भाटी, ससुर सत्यवीर भाटी, सास दया, और जेठ रोहित भाटी के खिलाफ हत्या, आपराधिक साजिश, और जानबूझकर चोट पहुंचाने का मामला दर्ज किया। विपिन को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि बाकी आरोपी फरार हैं।
क्या मिलेगा इंसाफ?
निक्की की हत्या ने दहेज प्रथा की क्रूरता को फिर उजागर किया है। भारत में हर साल 6,000 से ज्यादा दहेज-संबंधी मौतें होती हैं। क्या निक्की के बेटे की गवाही और वायरल वीडियो इंसाफ दिलाएंगे? क्या योगी सरकार इस मामले में सख्त कदम उठाएगी? यह सवाल हर उस माँ, पिता और दादी के दिल में गूँज रहा है, जिन्होंने अपनी बेटी को दुल्हन बनाकर विदा किया था।
ये भी पढ़ें- Nikki Case: 'इंसान नहीं-कसाई हैं, सास ने मिट्टी का तेल डाला-पति ने आग लगाई’, बेटी की जली लाश देख बोला पिता












Click it and Unblock the Notifications