Nikki Case: ‘इंसान नहीं-कसाई हैं, सास ने मिट्टी का तेल डाला-पति ने आग लगाई’, बेटी की जली लाश देख बोला पिता
Nikki Bhati Murder Case: ग्रेटर नोएडा के सिरसा गांव में 28 साल की निक्की भाटी की दर्दनाक मौत ने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है। आरोप है कि पति विपिन भाटी और ससुराल वालों ने ₹36 लाख दहेज की मांग पूरी न होने पर निक्की को उसके छह साल के बेटे के सामने मिट्टी का तेल डालकर जिंदा जला दिया।
बेटी की जली हुई लाश देखकर पिता भिकारी सिंह पायला का दिल टूट गया और उनका गुस्सा फूट पड़ा। रोते हुए उन्होंने कहा, 'इन दरिंदों ने मेरी बेटी को मार डाला। इन्हें कोई बेटी नहीं दिखी, बस दहेज दिखा। अब इन्हें फांसी मिलनी चाहिए... बुलडोजर और एनकाउंटर से कम सजा नहीं।'

पिता का छलका दर्द: 'हमने सब दिया, फिर भी बेटी को जलाया'
भिकारी सिंह बताते हैं, 'मेरी बड़ी बेटी ने फ़ोन करके बताया कि क्या हुआ है। हम अस्पताल भागे, लेकिन तब तक सब खत्म हो चुका था। मेरी लाडली 70% जल चुकी थी। फोर्टिस अस्पताल ने इलाज से इंकार कर दिया और सफदरजंग रेफर किया। एम्बुलेंस से पहुंचते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।'
भरे गले से वे कहते हैं, 'उसकी सास ने मिट्टी का तेल डाला और पति ने आग लगा दी। इन लोगों को बेटी की नहीं, सिर्फ दहेज की चिंता थी। हमने मेहनत से पढ़ाया-लिखाया, शादी की, सब दिया। मगर इन्हें कार चाहिए थी, इसी वजह से रोज़ मेरी बच्ची को सताया गया। एक बार हम उसे घर भी ले आए थे, मगर ससुराल वाले माफी मांगकर वापस ले गए। तब हमें लगा सुधर जाएंगे, लेकिन नहीं... उन्होंने मेरी बेटी की जान ले ली।'
बिलखते हुए पिता बोले, 'मेरी दोनों बेटियों की शादी इसी घर में हुई। मेरे छोटे पोते ने सब देखा, उसने ही बताया कि मम्मी को कैसे जलाया गया। ये लोग इंसान नहीं, कसाई हैं। मेरी बेटी को नर्क जैसी जिंदगी दी और आखिर में मौत दे दी। अब इन्हें फांसी से कम कुछ नहीं मिलना चाहिए।'

मासूम बेटे की गवाही
सबसे दर्दनाक बात यह है कि निक्की का 6 साल का बेटा इस क्रूर घटना का गवाह है। उसने पुलिस को बताया, 'मम्मी के ऊपर कुछ डाला, थप्पड़ मारा और फिर आग लगा दी।' इस मासूम की मासूमियत में छुपी गवाही ने इस हत्याकांड की सच्चाई और भयावह बना दी।
निक्की की बड़ी बहन ने बनाया मौत का वीडियो!
सोशल मीडिया पर दो वीडियो वायरल हैं। एक में निक्की को बालों से घसीटकर पीटा जा रहा है, और दूसरे में आग लगने के बाद वह लंगड़ाते हुए सीढ़ियों से नीचे उतर रही हैं। बताया जा रहा है कि ये वीडियो निक्की की बड़ी बहन कंचन ने रिकॉर्ड किए, जिनकी शादी भी इसी परिवार में हुई है। इन वीडियो ने जनता का गुस्सा और भड़का दिया है।

2016 में हुई थी निक्की की शादी
निक्की की शादी दिसंबर 2016 में विपिन भाटी से हुई थी। शादी के समय दहेज नहीं लिया गया, लेकिन 6 महीने बाद ही ससुराल वालों ने ₹36 लाख की मांग शुरू कर दी। कंचन बताती हैं, 'उन्होंने निक्की की गर्दन और सिर पर मारा, तेजाब फेंकने की धमकी दी, और हमें दोनों को पीटा। निक्की को लगातार सताया गया।'
विपिन का झूठ और दूसरी शादी की साजिश
गिरफ्तारी से पहले विपिन ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट डाली और निक्की की मौत को आत्महत्या बताया। उसने लिखा, 'तुमने मुझे क्यों छोड़ दिया निक्की? लोग मुझे हत्यारा कह रहे हैं।' लेकिन पुलिस ने इसे गुमराह करने की कोशिश बताया। कंचन ने यह भी खुलासा किया कि ससुराल वाले निक्की को हटाकर विपिन की दूसरी शादी करवाना चाहते थे। 'घटना की रात मुझे भी कई घंटे पीटा गया, मैं बेहोश हो गई। वे निक्की को मारकर उसकी जगह दूसरी लड़की लाना चाहते थे।'
पुलिस की कार्रवाई?
कासना पुलिस ने कंचन की शिकायत पर विपिन भाटी, ससुर सत्यवीर भाटी, सास दया और जेठ रोहित भाटी के खिलाफ हत्या, आपराधिक साज़िश और मारपीट का मामला दर्ज किया है। विपिन को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि बाकी आरोपी अब भी फरार हैं। ADCP सुधीर कुमार ने बताया कि फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
ये भी पढ़ें- Nikki Bhati कौन थी? स्कॉर्पियो-बुलेट लेकर मासूम के सामने जिंदा जलाया, पिता की मांग- एनकाउंटर करो-बुलडोजर चलाओ












Click it and Unblock the Notifications