निक्की हत्याकांड: पत्नी को दहेज के लिए जिंदा जलाने वाले पति को UP पुलिस ने मारी गोली, फरार होने की कोशिश नाकाम
Nikki Bhati Murder Case: ग्रेटर नोएडा में दहेज के लिए पत्नी निक्की को जलाकर मारने वाले आरोपी पति विपिन कीपुलिस के साथ मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान विपिन के पैर में गोली लगी, लेकिन उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक विपिन कस्टडी से भागने की कोशिश कर रहा था। उसे थिनर की उस बॉटल को बरामद करने के लिए पुलिस के साथ ले जाया जा रहा था, जिसे उसने कथित तौर पर खरीदा था। इसी दौरान उसने एक पुलिसकर्मी से पिस्टल छीनने की कोशिश की और भागने लगा।
कस्टडी से भागते समय सिरसा चौराहे के पास पुलिस ने चेतावनी देने के बाद फायर किया और गोली उसके पैर में लगी। फिलहाल विपिन को हिरासत में ले लिया गया है और उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।

पीड़ित पिता का बयान- पुलिस ने सही किया
एनकाउंटर के बाद निक्की के पिता ने पुलिस की कार्रवाई को सही बताया। उन्होंने कहा, "पुलिस ने सही किया। अपराधी हमेशा भागने की कोशिश करता है और विपिन अपराधी है। हमारी मांग है कि बाकी आरोपी भी पकड़े जाए।"
निक्की के पिता का कहना है कि, दहेज की लगातार मांग पूरी करने के बावजूद, ससुराल वालों ने उनकी बेटी को प्रताड़ित करना बंद नहीं किया।
उन्होंने बताया, "पहले उन्होंने स्कॉर्पियो की मांग की, जो दे दी गई। फिर बुलेट बाइक की मांग की, वह भी दे दी गई। फिर भी मेरी बेटी को सताया गया।"
पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि निक्की के पिता ने हाल ही में मेर्सिडीज कार खरीदी थी, जिसे भी आरोपी विपिन चाहता था और इसके लिए दबाव डाल रहा था।
पिता बोले- यह योगी जी की सरकार है, बुलडोजर का इस्तेमाल होना चाहिए
निक्की के पिता ने पहले चेतावनी दी थी कि अगर सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो वह भूख हड़ताल पर बैठ जाएंगे। उन्होंने कहा, "उन्होंने मेरी बड़ी बेटी को मार डाला। आरोपी को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया जाना चाहिए। यह योगी जी की सरकार है। आरोपी के खिलाफ बुलडोजर का इस्तेमाल होना चाहिए। नहीं तो हम भूख हड़ताल पर बैठेंगे।"
निक्की की दर्दनाक मर्डर की पूरी कहानी
ये कहानी ग्रेटर नोएडा की रहने वाली 30 साल की निक्की की है। जिसको उसके पति विपिन ने अपने ही बेटे के सामने जिंदा जला दिया। घटना 21 अगस्त को सिरसा गांव में हुई। शादी के 9 साल बाद आरोपी पति और सास ने निक्की पर 35 लाख रुपये लाने का दबाव डाला। महिला ने मना किया, तो उसके पति और सास ने उसे लात-घूसों से पीटा। निक्की मदद के लिए गिड़गिड़ाती रही, लेकिन किसी ने नहीं सुना।
इसके बाद विपिन ने पेट्रोल डालकर आग लगा दी। निक्की की बहन ने उसे बचाने और वीडियो बनाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने बहन को भी पीटा।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा गया कि निक्की सीढ़ियों से नीचे भागते हुए छटपटा रही थी। पड़ोसी उसकी चीख सुनकर पहुंचे और कंबल डालकर आग बुझाई। उन्हें फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने स्थिति गंभीर देख दिल्ली के अस्पताल में रेफर कर दिया। 22 अगस्त को निक्की की मौत हो गई।
निक्की और उसकी बहन की एक ही घर में हुई थी शादी, जानें फैमिली बैकग्राउंड?
नोएडा के रूपबास गांव निवासी राज सिंह ने बताया कि 2016 में उनकी भतीजी कंचन और निक्की की शादी सिरसा गांव के रोहित और विपिन से हुई थी। शादी में स्कॉर्पियो सहित भरपूर दहेज दिया गया, लेकिन इसके बाद ससुराल वालों ने 35 लाख रुपये की डिमांड शुरू कर दी।
राज सिंह के मुताबिक दोनों भतीजियों के साथ कई बार मारपीट होती रही और कई पंचायतें हुईं, लेकिन आरोपी दहेज की मांग पर अड़े रहे। निक्की की बड़ी बहन कंचन ने बताया कि 21 अगस्त को जब वह अपनी बहन को बचाने गई, तो विपिन ने उसे भी पीटा। गले पर कई मुक्के मारे और उसे बेहोश कर दिया। इसके बाद निक्की पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई।
निक्की के बेटे ने कहा-मम्मा के ऊपर कुछ डाला, फिर लाइटर से आग लगा दी
निक्की के छोटे बेटे ने कहा, "पापा ने मम्मी के ऊपर कुछ छिड़का, फिर चांटा मारा और लाइटर से आग लगा दी।" शिकायत के बाद पुलिस ने पति विपिन, जेठ रोहित, सास दया और ससुर सतवीर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया। ADCP सुधीर कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर मुख्य आरोपी विपिन को गिरफ्तार कर लिया गया है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
लोगों में गुस्सा और न्याय की मांग
निक्की की हत्या के बाद लोगों में भारी रोष है। 24 अगस्त को कासना में पंचायत और धरना हुआ। लोग हाथों में पोस्टर लेकर निक्की के लिए न्याय की मांग कर रहे थे। पोस्टरों पर लिखा था, "हमारी बहन को इंसाफ दिलाओ, जो आज हमारी बहन के साथ है, कल किसी और के साथ भी हो सकता है। #JusticeForNikki"












Click it and Unblock the Notifications