लखीमपुर खीरी जाते समय प्रियंका गांधी की गिरफ्तारी पर NHRC ने लिया एक्शन, पुलिस अफसरों के खिलाफ केस दर्ज
लखनऊ, 1 नवंबर। अक्टूबर के शुरुआती सप्ताह में लखीमपुर खीरी में किसानों को कुचले जाने की घटना के बाद बवाल हुआ था जिसमें कुल आठ लोगों की मौत हो गई थी। घटना में मारे गए किसानों के परिवार से मिलने जा रहीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को पुलिस ने रात में ही सीतापुर में रोककर हिरासत में ले लिया था। इसके बाद धारा 144 का उल्लंघन और शांतिभंग की आशंका समेत अन्य धाराओं में प्रियंका गांधी के खिलाफ केस दर्ज कर उनको गिरफ्तार कर लिया गया था। अब प्रियंका गांधी की गिरफ्तारी के मामले में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने यूपी पुलिस के अफसरों के खिलाफ केस दर्ज किया है। कानून के मुताबिक, प्रियंका को हिरासत में लेने से पहले पुलिस ने मजिस्ट्रेट का परमिशन नहीं लिया था।

यूपी पुलिस के अफसरों पर केस दर्ज
लखीमपुर खीरी जाते समय प्रियंका गांधी को गिरफ्तार करने के मामलें में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) में शिकायत एक कांग्रेस नेता ने दी थी। इस पर एक्शन लेते हुए एनएचआरसी ने युपी पुलिस के अफसरों के खिलाफ केस दर्ज किया है। यह केस क्रिमिनल प्रोसीजर कोड की धारा 46 के तहत दर्ज किया गया है जिसमें कहा गया है कि महिला को सूर्यास्त के बाद गिरफ्तार नहीं किया जा सकता है, सूर्योदय के बाद ही गिरफ्तारी हो सकती है। साथ ही इसमें यह भी कहा गया है कि अगर महिला को रात में गिरफ्तार करना आवश्यक ही हो तो इसके लिए स्थानीय मजिस्ट्रेट की अनुमति जरूरी है और महिला अफसर ही गिरफ्तारी की कार्रवाई करेगी।
सीतापुर के गेस्ट हाउस में प्रियंका को रखा गया था
लखीमपुर खीरी बवाल के बाद प्रियंका गांधी 3 अक्टूबर की रात में पीड़ित परिवारों से मिलने के लिए वाहन से जा रही थीं। उनको रोकने के लिए पहले से पुलिस ने तैयारी की थी। लखनऊ में पुलिस ने उनको रोकने की कोशिश की लेकिन रोक नहीं पाई लेकिन सीतापुर में पुलिस बहुत कोशिशों के बाद उनको हिरासत में लेकर गेस्ट हाउस ले गई। प्रियंका गांधी ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उनको घसीटा और धकेला। इस दौरान पुलिस से उनकी बहस भी हुई थी जिसका वीडियो वायरल हुआ था। गेस्ट हाउस में प्रियंका गांधी ने झाड़ू लगाया था, जिसका वीडियो सामने आया था। बाद में राहुल गांधी लखीमपुर जाने के लिए निकले तो दबाव में आकर योगी सरकार ने लखीमपुर खीरी जाने की इजाजत दे दी थी।












Click it and Unblock the Notifications