Namo Bharat: QR कोड स्कैन करने पर भी नहीं खुलेगा गेट! बिना ये नियम जाने किया सफर तो लगेगी तगड़ी पेनल्टी
Namo Bharat, Meerut Metro Travel Rules: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) द्वारा नमो भारत (Namo Bharat) के दूसरे चरण और मेरठ मेट्रो (Meerut Metro) के उद्घाटन के बाद यात्रियों में भारी उत्साह देखा गया। हालांकि, पहले ही दिन नियमों की जानकारी न होना कुछ यात्रियों के लिए 'आफत' बन गई। कई यात्री स्टेशन से बाहर निकलते समय तब हैरान रह गए जब उनके क्यूआर कोड ने गेट खोलने से मना कर दिया।
असल में, यह कोई तकनीकी खराबी नहीं बल्कि सख्त समय सीमा के नियमों का असर था, जिसके कारण कई यात्रियों को कस्टमर केयर के चक्कर काटने पड़े। आइए जानतें हैं नमो भारत (Namo Bharat) और मेरठ मेट्रो (Meerut Metro) के वे कौन से नियम हैं जिन्हें न जानना आपकी जेब खाली कर सकता है।

Meerut Metro: स्टेशनों पर क्यों मची अफरा-तफरी?
रविवार को उद्घाटन के बाद भारी भीड़ उमड़ी, लेकिन कई यात्रियों ने पाया कि एक स्टेशन से दूसरे स्टेशन तक जाने के बाद वे बाहर नहीं निकल पा रहे थे। उनके फोन पर 'कस्टमर सर्विस से संपर्क करें' का मैसेज आ रहा था। पूछताछ करने पर पता चला कि उन्होंने यात्रा के लिए तय समय सीमा को पार कर दिया था।
Namo Bharat और मेरठ मेट्रो के कड़े नियम (Penalty Rules):
- उसी स्टेशन से एग्जिट का नियम: यदि आप किसी स्टेशन पर टिकट लेकर एंट्री करते हैं और किसी कारणवश उसी स्टेशन से बाहर निकलना चाहते हैं, तो यह प्रक्रिया आपको 20 मिनट के भीतर पूरी करनी होगी।
- समय सीमा पार करने पर जुर्माना: 20 मिनट की इस डेडलाइन के बाद बाहर निकलने पर आपको 60 रुपए प्रति घंटे के हिसाब से पेनल्टी देनी होगी।
- लंबी यात्रा के लिए समय: यदि आप एक स्टेशन से दूसरे स्टेशन की यात्रा कर रहे हैं, तो आपको सफर पूरा करने के लिए अधिकतम 180 मिनट (3 घंटे) का समय दिया जाता है। इसके बाद बाहर निकलने पर भी 60 रुपए प्रति घंटा जुर्माना लागू होगा।
- बिना टिकट यात्रा पर कड़ा प्रहार: बिना टिकट या धोखाधड़ी से यात्रा करने की कोशिश करने पर यात्री को प्रीमियम क्लास का अधिकतम किराया और 250 रुपए जुर्माना (कुल ₹300) देना होगा।
- आगे का सफर: यदि आप अपने तय स्टेशन से आगे निकल जाते हैं, तो आपको जुर्माना नहीं देना होगा, लेकिन बाहर निकलने से पहले अतिरिक्त दूरी का किराया चुकाना अनिवार्य है।
नोट: ये सभी नियम नमो भारत रैपिड रेल और मेरठ मेट्रो, दोनों सेवाओं पर समान रूप से लागू हैं।
Meerut Metro Fare: मेरठ मेट्रो का किराया कितना है?
नमो भारत (Namo Bharat) और मेरठ मेट्रो (Meerut Metro) की आधिकारिक किराया सूची जारी कर दी गई है। यात्रियों की सुविधा के लिए यहां किराए की पूरी जानकारी प्वाइंटर्स में दी गई है:
नमो भारत ट्रेन (Namo Bharat) किराया लिस्ट
- न्यूनतम और अधिकतम किराया: नमो भारत का न्यूनतम किराया 20 रुपये और अधिकतम किराया 210 रुपये तय किया गया है।
- सराय काले खां से मोदीपुरम (82 किमी): इस पूरे कॉरिडोर का सफर करने पर यात्रियों को 210 रुपये चुकाने होंगे।
- प्रीमियम कोच का नियम: नमो भारत के प्रीमियम कोच में सफर करने पर निर्धारित किराए से 20 प्रतिशत अधिक राशि देनी होगी।
सराय काले खां से प्रमुख स्टेशनों का किराया:
- न्यू अशोक नगर: 30 रुपये
- आनंद विहार: 50 रुपये
- साहिबाबाद: 70 रुपये
- गाजियाबाद: 80 रुपये
- दुहाई: 110 रुपये
- मोदीनगर साउथ: 140 रुपये
- मेरठ साउथ: 170 रुपये
- बेगमपुल: 200 रुपये
मेरठ मेट्रो (Meerut Metro) किराया लिस्ट
- न्यूनतम और अधिकतम किराया: मेरठ मेट्रो का न्यूनतम किराया 20 रुपये और अधिकतम किराया 60 रुपये रखा गया है।
- मोदीपुरम से मेरठ साउथ: इस रूट पर मोदीपुरम से मेरठ साउथ स्टेशन तक का कुल किराया 60 रुपये है।
मोदीपुरम से मेरठ मेट्रो के प्रमुख स्टेशनों का किराया:
- मेरठ नार्थ/डोरली: 20 रुपये
- एमईएस कालोनी/बेगमपुल: 30 रुपये
- भैंसाली स्टेशन: 40 रुपये
- मेरठ सेंट्रल/ शताब्दीनगर/ रिठानी: 50 रुपये
- परतापुर/ मेरठ साउथ: 60 रुपये
मेरठ साउथ से वापसी का किराया:
- परतापुर/ रिठानी: 20 रुपये
- शताब्दीनगर/ मेरठ सेंट्रल: 30 रुपये
- बेगमपुल: 40 रुपये
- मेरठ नार्थ/मोदीपुरम: 60 रुपये












Click it and Unblock the Notifications