''तीन तलाक के खिलाफ भाजपा को वोट दिया, अब मोदी जी निभाएं वादा''
"मेरी अपनी जिंदगी तलाक की वजह से बर्बाद हो गई है। मोदी जी ने तीन तलाक को खत्म करने का वादा किया है। मैंने मोदी जी को वोट दिया अब वो अपना वादा निभाएं।"
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के चुनावों के नतीजे आने के बाद कहा जा रहा है कि मुस्लिम महिलाओं ने बड़ी तादाद में भाजपा को वोट दिया है और इसकी वजह भाजपा की तीन तलाक की मुखालफत करना है। भाजपा ने अपने घोषणा-पत्र में तीन तलाक को खत्म करने की बात कही है तो पीएम मोदी भी कई मंचों से तीन तलाक के खिलाफ मुस्लिम महिलाओं का साथ देने की बात कह चुके हैं। अभी तक मुस्लिम महिलाओं को भाजपा को वोट देने को लेकर सिर्फ कयास ही थे लेकिन उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले की एक तलाकशुदा मुस्लिम महिला आथिया ने शुक्रवार को स्थानीय मीडिया में कहा कि उन्होंने तीन तलाक के खिलाफ भाजपा को वोट दिया है और अब मोदी जी तीन तलाक बंद कराएं।

''तीन तलाक के मुद्दे पर भाजपा के स्टैंड का समर्थन करते हुए उत्तर प्रदेश चुनाव में मैंने भारतीय जनता पार्टी को वोट दिया क्योंकि मेरी अपनी जिंदगी तीन तलाक की वजह से बर्बाद हो गई है। अब जबकि केंद्र और राज्य दोनों जगह भाजपा की सरकारें हैं तो मैं चाहूंगी कि मोदी जी तीन तलाक खत्म करने का अपना वादा पूरा करें'' ये बातें उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में रहने वाली आथिया ने कहीं। आथिया पति से तलाक के बाद कोर्ट में तीन तलाक के खिलाफ लड़ाई लड़ रही हैं।
अथिया की याचिका पर 30 मार्च को सुनवाई
आथिया ने सुप्रीम कोर्ट में भी तीन तलाक को लेकर याचिका दायर की है, इस पर 30 मार्च को सुनवाई होगी। उन्होंने जनवरी में याचिका दायर की थी जिस पर 15 फरवरी को सुनवाई कर कोर्ट ने अल्पसंख्यक मंत्रालय, बाल कल्याण मंत्रालय, दारुल उलूम देवबंद और अथिया के पूर्व पति को नोटिस जारी किया है।
आथिया की शादी 2012 में हुई थी। उनकी दो बेटियां हैं, जो उनके साथ ही रहती हैं। आथिया बताती हैं कि दो बेटियां हो जाने के बाद उनके ससुराल वालों ने उनको लगातार परेशान करना शुरू कर दिया। उनको मारने तक की कोशिश हुई। फिर एक दिन एक कागज पर लिखकर उनके पति ने उनको तलाक दे दिया। कागज पर लिखकर दी गई तलाक पर दारूल उलूम देवबंद ने कहा कि तलाक हो गई। तब से आथिया लगातार तीन तलाक के खिलाफ लड़ रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications