मुलायम के परिवार ने कल्याण की श्रद्धांजलि सभा से बनाई दूरी, मायावती के खास सतीश मिश्रा रहे मौजूद
लखनऊ, 31 अगस्त: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह को लेकर सियासत का दौर जारी है। उत्तर प्रदेश में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने सोमवार को सपा के संरक्षक मुलायम सिंह यादव को कल्याण सिंह की श्रद्धांजलि सभा में आने का न्यौता दिया था। लेकिन लखनऊ में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में मुलायम परिवार से कोई भी शख्स नहीं पहुंचा। इस दौरान रोचक यह रहा कि बसपा की ओर से पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सतीश मिश्रा इस श्रद्धांजलि सभा में शामिल होने पहुंचे थे। इनके अलावा रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत तमाम बड़े नेता मौजूद थे।

हालांकि भाजपा के सूत्रों के मुताबिक मुलायम सिंह यादव ने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए कल ही स्वतंत्रदेव सिंह को बता दिया था कि वो कार्यक्रम में शामिल नहीं हो पाएंगे। लेकिन ऐसी अटकलें लगाई जा रहीं थी कि मुलायम के परिवार से कोई श्रद्धांजलि देने जरूर पहुंचेगा। हालांकि सपा के नेता मुलायम परिवार की दूरी पर कुछ भी बोलने को तैयार नहीं हैं। उनका केवल इतना ही कहना है इस पार पार्टी अपना पक्ष पहले ही रख चुकी है। भाजपा को केवल राजनीति से मतलब है। वह असली मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए बेवजह के मुद्दों को तूल दे रही है।
इस मौके पर स्वतंत्रदेव सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि,
''कल मैं नेता जी मुलायम सिंह जी के पास गया था, बहन जी को भी फोन किया था, बहन जी ने कहा की वो 2 या 3 दिन बाद आएंगी। 40 पार्टियों को बुलाया था, करीब 25 पार्टियों के नेता आये थे। संतीश मिश्रा आये थे।''

स्वतंत्रदेव सिंह ने सोमवार को मुलायम के घर जाकर दिया था निमंत्रण
बीजेपी के अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने अचानक ही पूर्व मुख्मयंत्री और अखिलेश यादव के पिता मुलायम सिंह यादव से उनके आवास पर जाकर मुलाकात की थी। हालांकि बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष ने इसको औपचारिक मुलाकात करार दिया था। उन्होंने ट्वीट कर इसकी जानकारी देते हुए कहा कि वह नेताजी की कुशल क्षेम पूछने गए थे। लेकिन मुलायम के आवास जाकर उन्होंने श्रद्धांजलि सभा में आने का निमंत्रण ही दिया था।
लखनऊ में मायावती समेत कई स्तियों ने कल्याण को दी थी श्रद्धांजलि
हालांकि कल्याण सिंह का निधन 21 अगस्त को हो गया था। उनके निधन के बाद 22 अगस्त को पीएम मोदी, डिफेंस मिनिस्टर राजनाथ सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री मायावती समेत कई बड़े नेताओं ने उनके आवास पहुंचकर श्रद्धांजलि दी थी। हालांकि पूर्व सीएम अखिलेश यादव उनके आवास नहीं पहुंचे थे जिसको लेकर सवाल भी खड़े हुए थे। विरोधियों ने कहा था कि मुलायम परिवार को मुस्लिम वोट बैंक के लालच में उन्हें श्रद्धांजलि देने नहीं पहुंचा है। बीजेपी के नेताओं ने इसे पिछड़ों का अपमान करार दिया था। हालांकि मुलायम की बहू अपर्णा यादव ने लखनऊ में और शिवपाल यादव ने अलीगढ़ जाकर कल्याण को श्रद्धांजलि दी थी।

साक्षी महाराज समेत कई नेताओं ने अखिलेश पर बोला था हमला
इस मुददे को लेकर बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह, बीजेपी के नेता और कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य, उन्नाव से सांसद साक्षी महाराज समेत कई लोगों ने अखिलेश पर हमला बोला था। 31 अगस्त को सभी 75 जिलों में कार्यक्रम कल्याण सिंह की श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। हर जिले में लोगों को अलग अलग जिलों की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। बीजेपी के सांसद साक्षी महाराज ने कहा था कि मुलायम परिवार कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि देने नहीं पहुंचा उन्हें तो इसके लिए माफी मांगनी चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications