मुलायम की जयंती पर सपा नेता का दावा, 40 सीटें जीते तो अखिलेश यादव बन सकते हैं प्रधानमंत्री
समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव की जयंती पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया है कि कड़ी मेहनत कड़ें ताकि उनके बेटे अखिलेश यादव को देश का प्रधानमंत्री बनाया जा सके।
यूपी में मुलायम के पैतृक गांव इटावा के सैफई में पार्टी के नेताओं ने कहा कि योग्य होने के बावजूद कई वजहों से मुलायम सिंह यादव प्रधानमंत्री नहीं बन सके थे। लेकिन, अब अखिलेश यादव को प्रधानमंत्री बनाकर उनके सपने को पूरा करना है।

सपा 40 सीटें जीत गई तो अखिलेश बन सकते हैं पीएम- रामगोपाल यादव
इस मौके पर अखिलेश यादव के चाचा और समाजवादी पार्टी के प्रधान महासचिव रामगोपाल यादव ने दावा किया कि अगर सपा लोकसभा चुनावों में 40 सीटें जीत जाती है, तो उनकी पार्टी अखिलेश को प्रधानमंत्री बनाने की स्थिति में होगी।
शिवपाल यादव ने भी कही अखिलेश को पीएम बनाने की बात
इस मौके पर मुलायम के एक और भाई शिवपाल यादव भी उन नेताओं में शामिल हुए, जिन्होंने अखिलेश की ताजपोशी कराकर सपा संस्थापक के सपने को पूरा करने की बात कही।
शिवपाल यादव ने काफी भावुक आवाज में कहा, 'अगर आप नेताजी की जयंती पर फैसला करते हैं तो अखिलेश यादव निश्चित तौर पर हम सबके सपनों का पूरा करने में सफल होंगे। यहां जो कोई भी है सबको फैसला करना चाहिए।' उन्होंने लोगों से हाथ उठाकर इसपर समर्थन मांगा।
2024 में हम अखिलेश यादव प्रधानमंत्री बनाएंगे- सपा नेता
इसी तरह सपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष किरणमय नंदा के मुताबिक, 'जब ज्योति बसु खुद प्रधानमंत्री नहीं बन सके, तब उन्होंने कहा कि नेताजी को प्रधानमंत्री बनना चाहिए, क्योंकि वे सबसे आदर्श उम्मीदवार हैं। लेकिन हमें दुख है कि नेताजी प्रधानमंत्री नहीं बने।'
वे बोले, 'अब हमारे पास मौका है। 2024 का लोकसभा चुनाव बहुत नजदीक है। हम अपना सपना पूरा करना चाहते हैं, जो अभी तक बाकी है और 2024 में हम अखिलेश यादव को उत्तर प्रदेश से भेजेंगे और उन्हें देश का प्रधानमंत्री बनाएंगे।'
बता दें कि समाजवादी पार्टी उस इंडिया ब्लॉक की 26 पार्टियों में शामिल है, जो केंद्र में सत्ताधारी बीजेपी के खिलाफ बना है। हाल में मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के दौरान सपा और कांग्रेस के बीच काफी तीखी नोंक-झोंक भी हो चुकी है। ऐसे में सपा नेताओं का बयान इस विपक्षी गठबंधन के लिए काफी महत्वपूर्ण हो गया है।
नेताजी ने फैसला लिया, जिससे देश की राजनीति बदल गई-अखिलेश
वहीं इस मौके पर पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि मुलायम सिंह यादव की सच्ची श्रद्धांजलि के लिए पार्टी को उनके दिखाए रास्ते पर चलकर नई ऊंचाइयों पर ले जाना होगा।
इस श्रद्धांजलि समारोह में अखिलेश बोले, 'नेताजी ने फैसला लिया, जिससे देश की राजनीति बदल गई। यहां बैठे सभी लोगों को नेताजी की कुछ यादें होंगी। आज नेताजी हमारे बीच नहीं हैं।'
उन्होंने कहा, 'नेताजी ने समृद्धि और विकास का मार्ग दिखाया और वंचितों को सम्मान दिया....।' इस मौके पर उन्होंने अपने पिता के मेमोरियल की आधारशिला भी रखी। सैफई में मुलायम का यह मेमोरियल 8.3 हेक्टेयर में बनेगा, जिसपर अनुमानित 80 करोड़ रुपए की लागत आएगी।
इसे भी पढ़ें- UP News: यूपी विधानसभा के इस मॉडल को लागू करेगी कर्नाटक की सरकार, जानिए इसकी वजहें
उन्होंने कहा कि यह एक लाइटहाउस की तरह होगा और आने वाली पीड़ियों के लिए एक प्रेरणा बनेगा। मुलायम सिंह यादव का निधन 82 साल की उम्र में अक्टूबर, 2022 में हो गया था। (इनपुट-पीटीआई)












Click it and Unblock the Notifications