अपनी ही कहानी में फंस गया हत्यारा पति, बाथरूम ने बता दिया सच
पुलिस ने फिर भी ओवर ब्रिज का निरीक्षण किया तो वहां पर खून का एक भी धब्बा नहीं मिला। पुलिस को जिसकी तलाश थी वो बाथरूम में मिली।
सुलतानपुर। कलयुगी पति ने घरवालों के साथ मिलकर दहेज की खातिर अपनी पत्नी को ही मौत के घाट उतार दिया। यही नहीं जालिम पति ने पत्नी की गोद में पल रहे अपने 7 महीने के बच्चे का भी मुंह नहीं देखा, जो अब ममता का आंचल पाने के लिए बेहाल है। दिल को दहला देने वाली ये वारदात सुल्तानपुर कोतवाली नगर के चौक इलाके की है। पुलिस ने मायके वालों की तहरीर पर हत्या, लूट आदि का मुकदमा दर्ज कर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
पति ने इस तरह बनाई थी स्टोरी
सोमवार को सुबह शहर के चौक घंटाघर निवासी प्रशांत गुप्ता मनगढ़ंत स्टोरी बनाकर कोतवाली नगर पहुंचा, इसके बाद तहरीर दी कि वो पत्नी के साथ मॉर्निंग वॉक पर निकला था जहां ओवर ब्रिज पर बाइक सवार दो बदमाशों ने पत्नी जया गुप्ता की चेन छीनी और फिर गोली मार दिया। पति प्रशांत ने पुलिस को बताया कि पत्नी की जान बचाने के लिए अपने चाचा के साथ वो पत्नी जया को लेकर गोलाघाट स्थित डॉ एके सिंह के हॉस्पिटल पर गया था, इस दौरान जया की मौत हो गई थी।

अलग-अलग बयान पर पुलिस को हुआ शक
पति की इस स्टोरी पर कोतवाली इंचार्ज केबी सिंह को शक हो गया। कोतवाल केबी सिंह ने हिरासत में लेकर पहले प्रशांत फिर उसके पिता से अलग-अलग इनवेस्टिगेशन शुरू किया, जहां दोनों के बयान में फर्क आ गया। पुलिस के शक को इन दोनों के बयान से ही बल मिला था कि कुछ घंटों के अंदर मायके वाले कोतवाली पहुंच गए। उन्होंने जो कुछ बताया और जो तहरीर दी उससे पुलिस को तार जोड़ने में समय नहीं लगा।

बाथरूम ने खोल दिए हत्या के राज
पुलिस ने फिर भी ओवर ब्रिज का निरीक्षण किया तो वहां पर खून का एक भी धब्बा नहीं मिला। पति द्वारा जिस गाड़ी से डॉक्टर के यहां ले जाना बताया गया उसमें भी खून के छीटे नहीं पाए गए। हां सीओ धमेंद्र सचान की अगुवाई में फॉरेंसिक टीम, क्राइम ब्रांच आरोपी के घर पहुंची। यहां पुलिस की सघन जांच में बाथरूम में खून के स्पॉट पाए गए।

'शादी के बाद से ही दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे सुसराल वाले'
पुलिस की सूचना पर जया की मां सुबोध गुप्ता कोतवाली पहुंची तो दामाद प्रशांत के ऊपर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया। मां ने बताया कि 2013 में उसने अपनी बेटी की शादी की था। लेकिन शादी के बाद से दहेज की खातिर उसकी बेटी को अक्सर प्रताड़ित किया जाता था। रविवार की रात जया ने उसे फोनकर रोते हुए बताया था कि आप लोग कभी मेरे ससुराल नहीं आना।

बच्चों से छिना मां का साया
वहीं कलयुगी पति ने जहां पत्नी को दहेज के लिए मौत की नींद सुलाया है, वहीं जीते जी दो मासूम बच्चों के सर से सदा के लिए मां का साया छीन लिया है। आसपास के लोगों की मानें तो मृतिका जया ने 7 महीने पहले एक बेटे को जन्म दिया था जबकि उसके एक बच्ची भी थी।

पुलिस मुकदमा दर्ज कर आरोपियों से कर रही है पूछताछ
सीओ धमेंद्र सचान के मुताबिक प्रशांत और घर के अन्य सदस्यों ने रविवार की रात ही जया की गोली मारकर हत्या कर दी थी। हत्या के राज को छिपाने के लिए मनगढ़ंत कहानी रच दी गई थी। पति, ससुर, सास और ननद के विरुद्ध हत्या, दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपियों से पूछताछ चल रही है। सीओं ने बताया कि जल्द ही हत्या में प्रयुक्त असलहा भी बरामद कर लिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications