Ghaziabad: लिफ्ट ने फिर खतरे में डाली माँ-बेटे की जान, 15 मिनट तक थमी रहीं सांसे, CCTV Video Viral
पिछले काफी समय से नोएडा, गाजियाबाद, लखनऊ जैसे शहरों में बनी बहुमंजिला इमारतों में लिफ्ट संबंधित घटनाए लगातार बढ़ती जा रही हैं। कहीं लिफ्ट के दुर्घटनाग्रस्त होने से लोगों की मौत हुई तो कहीं स्कूल की छोटी बच्ची लिफ्ट खराब होने से 20 मिनट तक फंसी रही। ऐसा ही एक और मामला गाजियाबाद से ही सामने आया है, जिसमे एक महिला अपने छोटे बच्चे के साथ करीब 15 मिनट तक लिफ्ट में फंसी रही।
बता दें कि पूरा मामला गाजियाबाद के सिद्धार्थ विहार इलाके स्थित प्रतीक ग्रैंड सोसायटी का है। जानकारी अनुसार, 36 वर्षीय गुरप्रीत कौर अपने 3 साल के बेटे के साथ 16वें फ्लोर से ग्राउंड फ्लोर पर जा रही थीं। इस बीच अचानक 8वें फ्लोर से लिफ्ट सीधे बेसमेंट में चली गई, जिससे वे काफी घबरा गईं। लेकिन बेसमेंट में जाने के बाद भी लिफ्ट का दरवाजा नहीं खुला।

गुरप्रीत ने दरवाजा खोलने की बहुत कोशिश की, लेकिन सब व्यर्थ रहा। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। महिला के पति आकाशदीप शर्मा ने बताया कि लिफ्ट का पूरा सिस्टम बंद हो गया था। लिफ्ट के सभी स्विच भी बंद हो गए थे। अलार्म भी नहीं चल रहा था।
उन्होंने बताया कि करीब 15 मिनट बेसमेंट में फंसे रहने के बाद लिफ्ट अपने आप ग्राउंड फ्लोर पर आ गई और थोड़ी देर बाद इसका दरवाजा भी खुल गया। तब जाकर उनकी पत्नी और बेटा बाहर निकल पाए। आकाशदीप ने इस मामले को लेकर विजय नगर पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications