मिर्जापुर: स्वास्थ्य मंत्री अनुप्रिया पटेल के क्षेत्र में नसबंदी के बाद महिलाओं को जमीन पर लिटाया
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल के संसदीय क्षेत्र मिर्जापुर के राजगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर नसबंदी के बाद महिलाओं को बेड भी नसीब नहीं हुआ।
मिर्जापुर। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल के संसदीय क्षेत्र मिर्जापुर के राजगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर नसबंदी के बाद महिलाओं को बेड भी नसीब नहीं हुआ। नसबंदी के बाद महिलाओं को जमीन पर लेटाया गया। दुर्व्यवस्थाओं के चलते महिलाओं को मजबूरन ठंड में जमीन पर लेटना पड़ा। वहीं, परिजनों ने हंगामा करते हुए इस दुर्व्यवस्था का विरोध जताया। गौरतलब है कि अस्पताल में तीस बेड की सुविधा है और 25 महिलाओं को ही बेड पर लिटाया गया था। ये भी पढ़ें: बरेली: प्राइवेट हॉस्पिटल से बेहतर सेवा के लिए मशहूर है यह सरकारी अस्पताल

न एंबुलेंस न मिला पीने को साफ पानी
राजगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर नसबंदी शिविर में 25 महिलाओं की नसबंदी के बाद उन्हें बेड के बजाय जमीन पर ही लेटा दिया गया। यही नहीं नसबंदी करवाने वाली महिलाओं को एंबुलेंस से घर तक छोड़ा जाता है, लेकिन इन महिलाओं को एंबुलेंस भी मुहैया नहीं करायी गयी। वहीं, लोगों को अपने ही खर्चे से घर जाना पड़ा। स्वास्थ्य केंद्र पर शुद्व पानी भी पीने को नहीं मिला। जब ये हाल केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल के संसदीय क्षेत्र का है तो अन्य क्षेत्रो का क्या हाल होगा समझा जा सकता है। एक ओर तो सरकार परिवार नियोजन और नसबंदी पर जोर देते हुए करोड़ों रुपये खर्च कर रही है। ऐसे में मरीजों के साथ इस तरह का अमानवीय व्यवहार किया जायेगा तो योजनाएं कैसे सफल होंगी।
मामले की जांच कर होगी कार्रवाई
इस संबंध में जब सीएमओ विधु गुप्ता को अवगत कराया गया तो उन्होंने कहा कि जानकारी मिली है कि नसबंदी के पूर्व इंजेक्शन लगाने के बाद महिलाएं जमीन पर लेटी थी। नसबंदी की महिलाओं को जमीन पर लेटाया जाना गलत है। मामले की जांच कर संबंधित डॉक्टर और दोषी स्टाफ के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी।












Click it and Unblock the Notifications