कमिश्नर के कुत्ते को 24 घंटे तक ढूंढती रही मेरठ पुलिस, 500 घरों की ली तलाशी, फिर ऐसे मिला डॉगी
उत्तर प्रदेश के मेरठ के कमिश्नर सेल्वा कुमारी जे का पालतू कुत्ता चोरी होने और उसके तलाशी अभियान का एक अनूठा मामला सामने आया है। कमिश्नर सेल्वा कुमारी जे का कुत्ता गायब होने के बाद मेरठ पुलिस 24 घंटे तक कुत्ते को ढूंढती रही। 500 घरों में तलाशी ली गई और जब तक कमिश्नर का कुत्ता मिला नहीं, जिला प्रशासन ने तब तक चैन की सांस नहीं ली।
हालांकि कुत्ता किसके पास मिला, इस मामले की अभी तक कोई जानकारी नहीं दी गई है। लेकिन बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर किसी शख्स ने कुत्ते की तस्वीर देख, उसको खोजने में मदद की है। आइए जानें क्या है पूरा माजरा...?

कमिश्नर सेल्वा कुमारी जे का कुत्ता साइबेरियन हस्की ब्रीड का है, जिसका नाम इको है। बताया जा रहा है कि इको रविवार 25 जून की शाम 6 बजे लापता हो गया। शुरुआत में कमिश्नर आवास पर तैनात कर्मचारी और पुलिसकर्मी कुत्ते को 2-3 घंटे तक ढूंढते रहे। काफी कोशिश के बावजूद वे उसे नहीं खोज पाए।
कमिश्नर को इसकी जानकारी दी गई कि उनका कुत्ता काफी वक्त से नहीं मिल रहा है। जिसके बाद कमिश्नर ने स्टाफ को फटकार लगाई। जिसके बाद पुलिस-प्रशासन में खलबली मच गई।
नगर निगम के रिकॉर्ड के मुताबिक मेरठ में साइबेरियन हस्की नस्ल के सिर्फ 19 कुत्ते हैं। पुलिस को शक था कि किसी ने कुत्ते को उनके घर पर रखा है।
रविवार रात नगर निगम से पशु कल्याण अधिकारी डॉ. हरपाल सिंह अपनी टीम के साथ कमिश्नर के आवास पर पहुंचे। उन्होंने कुत्ते की फोटो ली और उसे ढूंढना शुरू कर दिया। रात भर तलाश जारी रही लेकिन पालतू कुत्ते का कोई पता नहीं चला।
रिपोर्ट के मुताबिक कमिश्नर सेल्वा कुमारी जे ने कहा कि उन्हें इस बात का कोई अंदाजा नहीं है कि कुत्ता कब और कैसे लापता हो गया था।
पुलिस ने कुत्ते का पता लगाने के लिए सीसीटीवी कैमरों की भी मदद ली। पुलिस घर-घर गई, लोगों के घर छाने। 24 घंटों से अधिक समय में भी कुत्ता नहीं मिला था। इस दौरान पुलिस ने 500 घरों में पूछताछ की।
आज तक की रिपोर्ट के मुताबिक एक शख्स को ये कुत्ता मेरठ के चौराहे पर घूमता हुआ मिला था। शख्स को सोशल मीडिया के जरिए ये जानकारी मिली थी कि कमिश्नर का हस्की डॉग लापता है। जिसके बाद शख्स ने पुलिस प्रशासन को फोन किया और कुत्ता के मिलने की जानकारी दी।
हालांकि इस मामले पर किसी भी पुलिस अधिकारी ने बयान नहीं दिया है। ना ही किसी ने इस घटना की पुष्टी की है। ये खबर स्थानीय मीडिया रिपोर्टरों के आधार पर आई है।












Click it and Unblock the Notifications