Meerut: नशा, अफेयर और अवैध हथियार! मेरठ में पति ने खोला बीवी का काला चिट्ठा, मांगी जान की सुरक्षा
Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ (Meerut) जिले से काफी हैरान और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पति ने अपनी पत्नी पर बेहद गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से सुरक्षा की मांग की है। बता दें कि गौरव शर्मा एक प्रकाशन कंपनी में मैनेजर पद पर कार्यरत है और उन्होंने अपनी पत्नी रितांशी शर्मा उर्फ रीतू पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं।
गौरव ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) को एक शिकायत पत्र दिया है, जिसमें न केवल अपनी जान की सुरक्षा की मांग की है, बल्कि पत्नी के कथित आपराधिक गतिविधियों की भी जांच की गुहार लगाई है। गौरव शर्मा ने बताया कि वर्ष 2012 में उसकी शादी बिना दहेज के जागृति विहार निवासी ब्रह्मप्रकाश शर्मा की बेटी रितांशी से हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार हुई थी।

नशा, संदिग्ध लोग और बंद दरवाज़े के पीछे की दुनिया
शुरू में वे संयुक्त परिवार में रहते थे, लेकिन रितांशी के व्यवहार- गाली-गलौज, मारपीट और कई-कई दिन बिना बताए गायब रहने की वजह से उन्हें अलग रहना पड़ा। गौरव का कहना है कि अलग रहने के बाद भी हालात नहीं बदले। पत्नी अक्सर उसकी गैरमौजूदगी में संदिग्ध पुरुष मित्रों के साथ घर में बंद होकर शराब और अश्लील हरकतें करती थी।
गौरव ने जब यह बात पड़ोसियों से सुनी, तो अपने गांव से 12 वर्षीय भतीजे को बुलाया। बच्चे ने भी उसकी आशंकाओं की पुष्टि की। बच्चे ने बताया कि जब गौरव घर पर नहीं होता, तो गंदे लोग घर आते हैं और दरवाजा बंद कर शराब व अश्लील बातें होती हैं।
सोशल मीडिया चैट्स और वीडियो ने उड़ा दिए होश
गौरव ने बताया कि उसने एक दिन पत्नी का मोबाइल चेक किया, जिसमें पांच पुरुषों के साथ उसकी आपत्तिजनक चैट्स, वीडियो और तस्वीरें मिलीं। जिनमें आशीष उर्फ सनी, राज वर्मा, लव चौहान, कुलदीप चौधरी उर्फ कुक्की और अमन सिंह शामिल हैं। गौरव का दावा है कि उसके पास 1200 पन्नों के डिजिटल साक्ष्य हैं।
अवैध पिस्टल और हत्या की साज़िश का आरोप
सबसे चौंकाने वाला आरोप यह है कि रितांशी के पास दो अवैध पिस्टल हैं, जो कथित रूप से उसके किसी दोस्त की हैं। गौरव को संदेह है कि ये लोग मिलकर उसकी हत्या कर सकते हैं ताकि उसका ₹40 लाख का ट्रैवल इंश्योरेंस हड़प सकें। उसने बताया कि 2013 में भी उस पर झूठा केस कर 5 लाख रुपये और 8 तोला सोना ऐंठ लिया गया था।
3 दिसंबर की घटना बनी आखिरी सीमा
गौरव ने दावा किया कि 3 दिसंबर 2024 को रितांशी ने न केवल उससे मारपीट की, बल्कि उसकी मां और बहन को भी गालियां दीं और जान से मारने की धमकी देकर घर छोड़ दिया।
पुलिस ने क्या कहा?
इस पूरे मामले पर सीओ सदर देहात शिव प्रताप सिंह ने बताया कि गौरव शर्मा का प्रार्थना पत्र मिला है, जिसे थाना भावनपुर को जांच के लिए भेजा गया है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और तथ्य सामने आने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications