Meerut Fire: नमाज पढ़ने गए थे पिता, गोदाम की आग ने उजाड़ दिया पूरा परिवार, 5 बच्चों समेत 6 की मौत
Meerut Fire Tragedy News: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। सोमवार की शाम एक रिहायशी मकान में लगी भीषण आग ने हंसते-खेलते परिवार की खुशियां राख कर दीं। इस हादसे में 5 मासूम बच्चों और एक महिला की मौत हो गई है। आग इतनी भीषण थी कि घर के अंदर मौजूद लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला और वे आग के गोले में फंस गए।
पुलिस के अनुसार, यह हादसा मेरठ के एक रिहायशी इलाके में हुआ। मकान के ग्राउंड फ्लोर (Ground Floor) पर कपड़ों का गोदाम था, जबकि ऊपरी मंजिल पर परिवार रहता था। जब आग भड़की, तब घर का मुखिया इकबाल अंसारी अपने भाई के साथ शाम की नमाज के लिए बाहर गया हुआ था। घर में सिर्फ दो महिलाएं और पांच बच्चे मौजूद थे, जो देखते ही देखते आग की लपटों के बीच घिर गए।

पड़ोसियों ने जब घर से काला धुआं और आग की लपटें उठती देखीं, तो तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचित किया। हालांकि, इलाके की संकरी गलियों ने फायर टेंडर्स के रास्ते में बड़ा संकट पैदा कर दिया। दमकल की गाड़ियों को मौके तक पहुंचने में काफी मशक्कत करनी पड़ी, जिससे बचाव कार्य में देरी हुई।
SSP अविनाश पांडे ने बताया आग लगने का कारण
इस घटना पर मेरठ SSP अविनाश पांडे ने कहा कि, 'हमें जानकारी मिली कि लिसारी गेट इलाके में एक घर में आग लग गई? बाहर निकाले गए छह लोगों (एक महिला और पांच बच्चे) की मौत हो गई है। एक महिला का इलाज चल रहा है। हमें बताया जा रहा है कि आग किसी बिजली के उपकरण की वजह से लगी।'
मेरठ के जिलाधिकारी (DM) विजय कुमार सिंह ने कहा कि, 'जानकारी मिली कि लिसारी गेट इलाके में एक घर में आग लग गई। पहली नज़र में, ऐसा लगता है कि आग किसी बिजली के उपकरण की वजह से लगी। छह लोगों की मौत हो गई है, जिसमें 25 साल की एक महिला भी शामिल है। बच्चों को मृत अवस्था में लाया गया था।
अस्पताल में तोड़ा दम
फायरफाइटर और पुलिस की टीम ने कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया और झुलसे हुए लोगों को बाहर निकाला। सभी को तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान 5 बच्चों और एक महिला ने दम तोड़ दिया। एक अन्य घायल की हालत गंभीर बनी हुई है, जिसे मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और फॉरेंसिक टीमें मामले की गहराई से जांच कर रही हैं। आशंका जताई जा रही है कि कपड़ों के गोदाम में शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी होगी, जिसने तेजी से पूरी बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया।
रिपोर्ट्स के अनुसार, अचानक भड़की आग की लपटों को देख घर में मौजूद महिलाएं और बच्चे बुरी तरह सहम गए। आसिम की पत्नी रुखसार (30) ने सूझबूझ दिखाते हुए अपने बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए दूसरी मंजिल के एक कमरे में बंद कर लिया। आसपास के लोगों के अनुसार, उनका इरादा बच्चों को धुएं और लपटों से बचाना था, लेकिन काल बनी आग ने उस कमरे को भी अपनी चपेट में ले लिया।
इस दर्दनाक हादसे में अपनी जान गंवाने वाले 6 लोगों की पहचान इस प्रकार है:
- रुखसार (30 वर्ष): आसिम की पत्नी, जिन्होंने बच्चों को बचाने की कोशिश की।
- अकदस (3 वर्ष): रुखसार का बेटा।
- नबिया (6 माह): रुखसार की जुड़वा बेटी।
- इनायत (6 माह): रुखसार की जुड़वा बेटी।
- महविश (12 वर्ष): रुखसार की भतीजी।
- हम्माद (4 वर्ष): रुखसार का भतीजा।












Click it and Unblock the Notifications