मौत से पहले बेटी के जन्मदिन पर सौरभ ने लगाए ठुमके, फिर शुरू हुआ मुस्कान का खूनी खेल: मेरठ का खौफनाक मर्डर केस
Meerut Crime News: यूपी के मेरठ स्थित ब्रह्मपुरी इलाके में हुए सौरभ राजपूत हत्याकांड (Saurabh Rajput Murder Case) ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। जिसके प्यार में पागल हुए सौरभ ने अपना घर-द्वार छोड़ा, वही प्रेमिका से बनी पत्नी मुस्कान उसकी जान की दुश्मन बन बैठी। तीसरे के इश्क में ऐसे डूबी मुस्कान कि अपनी ही मांग का सिंदूर उजाड़ बैठी।
सरप्राइज देने घर पहुंचे मर्चेंट नेवी में अफसर सौरभ के सीने में पत्नी मुस्कान रस्तोगी (Muskan Rastogi) ने चाकू उतार दिया। फिर, 15 टुकड़े कर पानी के ड्रम में सीमेंट से दफना दिया। उसके बाद, उसी घर में सो गई। मौत से पहले सौरभ ने बेटी के जन्मदिन पर डांस किया था। आइए जानते हैं पूरा खौफनाक किस्सा...

प्यार, शादी और फिर खौफनाक मोड़
सौरभ और मुस्कान की पहली मुलाकात 2015 में हुई थी। प्यार हुआ और 2016 में दोनों ने शादी कर ली। उनकी एक प्यारी-सी बेटी भी थी, जो इस वक्त दूसरी कक्षा में पढ़ रही है।
सौरभ मर्चेंट नेवी में अफसर थे और लंबे समय तक समुद्र में रहने के कारण मुस्कान अकेले मेरठ में बेटी के साथ किराये के मकान में रहती थी। लेकिन, फिर 2019 में मुस्कान की जिंदगी में साहिल की एंट्री हुई, जो उसी मोहल्ले में रहता था। दोस्ती धीरे-धीरे खतरनाक मोहब्बत में बदल गई और सौरभ की गैरमौजूदगी में साहिल घर का हिस्सा बन गया।
बेटी के जन्मदिन पर जश्न, फिर खूनी खेल
28 फरवरी 2025 को सौरभ अपनी बेटी का जन्मदिन मनाने मेरठ आया था। उसी दिन का एक वीडियो अब वायरल हो रहा है, जिसमें वह मुस्कान और बेटी पीहू के साथ डांस करता दिख रहा है। लेकिन उसे क्या पता था कि यह खुशी के पल उसकी जिंदगी के आखिरी लम्हे होंगे।
खौफनाक हत्या की साजिश
मुस्कान ने पहले से ही सौरभ को मारने की योजना बना रखी थी। 3/4 मार्च की रात उसने सौरभ के खाने में बेहोशी की दवा मिला दी। रात 1 बजे प्रेमी साहिल को घर बुलाया। दोनों ने मिलकर चाकू से सौरभ के सीने पर वार किए। सिर और दोनों हाथ काटकर बैग में बंद कर दिए। शव के 15 टुकड़े कर ड्रम में सीमेंट से सील कर दिया। हत्या के बाद सौरभ के फोन से सभी को गुमराह किया और खुद साहिल के साथ हिमाचल के कौसानी घूमने चली गई, जिसे भारत का स्विट्जरलैंड कहा जाता है।
बेटी ने खोला राज, पुलिस ने किया खुलासा
जब मुस्कान मेरठ लौटी तो उसकी बेटी पीहू ने पापा से बात करने की जिद की। मुस्कान ने उसे झूठ बोलकर चुप कर दिया, लेकिन पीहू के रोने से परिवार को शक हुआ।
परिवार ने जब पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई, तो पुलिस ने मुस्कान और साहिल को पकड़ लिया। पूछताछ में जब सख्ती हुई तो दोनों ने जुर्म कबूल कर लिया और शव को ड्रम में छुपाने की जानकारी दी।
खौफनाक अंत
जिस पति के साथ मुस्कान ने बेटी के जन्मदिन पर खुशी से ठुमके लगाए, उसी को टुकड़ों में काटकर मार डाला। यह घटना दिखाती है कि कैसे बेवफाई, लालच और साजिश ने एक हंसते-खेलते परिवार को तबाह कर दिया। अब मुस्कान और साहिल 14 दिन की न्यायिक हिरासत में हैं। उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications