मेरठ: बहन को प्रेमी के साथ आपत्तिजनक हालत में पाकर भाई ने किया मर्डर
बहन के प्रेम से भाई खफा था और उसे प्रेमी के साथ आपत्तिजनक हालत में देख लिया था। इसके बाद भाई ने बहन की हत्या की साजिश रची।
मेरठ। जिले के जानी थाना इलाके के गांव डालूहेड़ा के जंगल में हुई किशोरी साक्षी की हत्या का पर्दाफाश करते हुए पुलिस हत्यारोपी भाई को ही गिरफ्तार किया है। किशोरी का भाई ही उसे खेत में ले गया जहां उसने चारा काटने वाली दरांती से अपनी ही बहन की हत्या कर दी। हत्या के दौरान दोनों की हाथापाई भी हुई थी जिसमें भाई को भी दो जगह चोटें लग गयी और हत्यारोपी भाई सुमित की शर्ट के बटन टूट गए थे, जो मौके से बरामद हो गए।

बहन के प्रेम से खफा था भाई
पकड़े गए हत्यारोपी सुमित ने पुलिस को बताया कि उसकी बहन के गांव के ही एक युवक से प्रेम सम्बन्ध थे। उसने कई बार उसे समझाने का प्रयास भी किया लेकिन वह मान नहीं रही थी । इसी दौरान उसने अपनी बहन को प्रेमी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। तभी से उसने उसकी हत्या करने की प्लानिंग शुरू कर दी ।

किशोरी का शव मिलने के बाद उलझी थी हत्या की पहेेली
मूलरूप से सरधना के छुर गांव निवासी देवीदास परिवार के साथ जानी खुर्द के डालूहेड़ा में आकर रहने लगे थे। पिछले सप्ताह शुक्रवार की सुबह किशोरी अपने भाई के साथ जंगल गयी हुई थी। देर शाम तक वापस घर न पहुंचने पर परिजनों ने पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से किशोरी को तलाशना शुरू किया । तभी किशोरी का धारदार हथियार से कटा हुआ शव उनके के जंगल से बरामद हुआ ।

भाई पर कैसे हुआ पुलिस को शक?
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पीएम के लिए भेज दिया और मामले की तफ्तीश शुरू कर दी । कड़ी दर कड़ी क्राइम ब्रांच की टीम ने क्राइमसीन को करीब से देखा तो किशोरी के भाई पर संदेह गया क्योंकि भाई की शर्ट के तीन बटन टूटे हुए थे। हाथ की कोहनी पर मिट्टी लगी थी। नाक पर भी दरांती लगी हुई थी । क्राइम ब्रांच की टीम ने भाई को पूछताछ के लिए बुलाया।

बहन से नाराज भाई ने जुर्म कबूला
कड़ी पूछताछ में किशोरी के भाई सुमित ने अपना जुर्म कबूल कर लिया । घटना का खुलासा करते हुए एसपी देहात श्रवण कुमार ने बताया कि एक सप्ताह पूर्व किशोरी की हुई हत्या का आरोपी कोई और नहीं बल्कि खुद उसका भाई सुमित है जो अपनी बहन के प्रेम संबंधों से नाराज था । पकड़ा गया हत्यारोपी सुमित भैंस चोरी के मामले में पहले भी जेल जा चुका है।












Click it and Unblock the Notifications