UP उपचुनाव को लेकर मायावती ने किया बड़ा ऐलान, 10 सीटों पर उतारेगी प्रत्याशी..दिए जीत का मंत्र
Mayawati News: यूपी उपचुनाव को लेकर BSP चीफ मायावती ने बड़ा ऐलान किया है। आगामी दिनों में होने वाले उपचुनाव को लेकर मायावती ने 10 सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा की है। इतना ही नहीं, उपचुनाव को लेकर बीएसपी ने अपनी तैयारियां भी तेज कर दी हैं।
मायावती ने सभी सीटों पर उम्मीदवार उतारने के साथ ही मजबूती से चुनाव लड़ने की बात कही है। खबर के मुताबिक, मायावती ने लखनऊ के मॉल एवेन्यू स्थित बसपा कार्यालय में रविवार 11 अगस्त को पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इस बैठक में उन्होंने 10 सीटों पर दमखम से उपचुनाव लड़ने की घोषणा की।

इस दौरान मायावती ने उपचुनाव में पार्टी के बेहतर रिजल्ट को लेकर जमीनी तैयारियों की समीक्षा की है। बैठक में मायावती ने कहा, 'लोकसभा चुनाव के बाद उत्तर प्रदेश में रिक्त हुई 10 विधानसभा सीटों पर अभी उपचुनाव की तारीखों की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। लेकिन इसको लेकर सरगर्मी लगातार बढ़ रही है।'
मायावती ने कहा, 'खासकर रूलिंग पार्टी बीजेपी और प्रदेश सरकार ने उपचुनाव को प्रतिष्ठा का सवाल बना लिया है, जिसके कारण लोगों की रुचि काफी बढ़ी हुई है।' बैठक में कहा कि बीएसपी ने उपचुनाव की सभी 10 सीटों पर चुनाव दमदारी से लड़ने का फैसला लिया है।
उन्होंने कहा कि बसपा गरीबों, शोषितों और पीड़ितों की पार्टी है। बसपा दूसरी पार्टियों की तरह बड़े बड़े पूंजीपतियों और धन्नासेठों के सहारे और इशारे पर चलने वाली पार्टी नहीं है। उन्होंने आगे कहा कि केंद्र और यूपी की बीजेपी सरकार गरीबी, बेरोजगारी, पिछड़ेपन और महंगाई को रोक पाने में विफल है। जिसको लेकर आम जनता में बेहद नाराजगी है।
इस सभी मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए विध्वंसक बुलडोजर राजनीति समेत हर तरह के नए जातीय व धार्मिक उन्माद, विवाद पैदा करने की उनकी साजिश जारी है। बता दें कि लोकसभा चुनाव खत्म होने के बाद 6 महीने के भीतर उपचुनाव होना हैं। इसको लेकर एक बार फिर एनडीए और इंडिया गठबंधन आमने सामने आ सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications