Mahakumbh 2025 Stampede: 'संगम के पानी का प्रवाह हर घाट पर है, धैर्य रखो', जानिए बाबा रामदेव ने क्यों कहा ऐसा?
Mahakumbh 2025 Stampede: मौनी अमावस्या के पावन पर्व पर आज प्रयागराज में अमृत स्नान के वक्त भगदड़ मच गई। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इस हादसे में अब तक 15 लोग मारे गए हैं, हालांकि प्रशासन की ओर से इसकी पुष्टि नहीं की गई है। फिलहाल स्थिति कंट्रोल में है।
सीएम योगी ने खुद कहा है कि 'हालात काबू में है लेकिन सभी को संयमित रहने की जरूरत है, मैं लोगों से अपील करता हूं सब लोग संगम नोज की ओर ना जाएं और अपने निकटतम घाट पर स्नान करें, प्रशासन का सहयोग करें और अफवाहों पर ध्यान ना दें।'

तो वहीं योग गुरु बाबा रामदेव ने कहा है कि 'यह सनातन का अमृत काल है, मौनी अमावस्या के अमृत स्नान के दौरान जो लोग यहां हैं, उन्हें खुद पर काबू रखना चाहिए, वो मौन रहें और उन्हें ध्यान, प्रार्थना और भजन में लीन होना चाहिए। उन्हें अपने दिल में कृतज्ञता रखनी चाहिए, जब इस तरह की भीड़ होती है, तो यह हमारा कर्तव्य है कि हम अपनी और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।'
धर्म की पहली विशेषता धैर्य है: बाबा रामदेव (Mahakumbh 2025 Stampede)
'अगर हर कोई सावधान रहेगा, तो सब कुछ सुचारू रूप से चलता रहेगा। यहां आने वाले सभी भक्तों को धैर्य रखने की जरूरत है। धर्म की पहली विशेषता धैर्य है, भले ही हर कोई संगम जाना चाहता हो, लेकिन यह व्यावहारिक रूप से संभव नहीं है, इसलिए आप जहां भी हों, अपने निकटतम घाट पर जा सकते हैं क्योंकि संगम से पानी का प्रवाह प्रयागराज के हर घाट तक जरूर पहुंचेगा।'
आपको बता दें कि बाबा रामदेव बीते कई दिनों से प्रयागराज में हैं। दो दिन पहले उन्होंने देश के गृहमंत्री अमित शाह के साथ संगम में डुबकी लगाई थी तो आज भी उन्होंने संतों के साथ अमृत स्नान किया है। तो वहीं आज मशहूर अभिनेत्री और सांसद हेमामालिनी ने भी संगम स्नान किया है।
महाकुंभ में हुई भगदड़ पर पीएम मोदी ने जताया दुख (Mahakumbh 2025 Stampede)
महाकुंभ में भगदड़ पर पीएम मोदी ने कहा, "प्रयागराज महाकुंभ में जो हादसा हुआ, वह बेहद दुखद है। इसमें जिन श्रद्धालुओं ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदना है। इसके साथ ही मैं सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। स्थानीय प्रशासन पीड़ितों की हरसंभव मदद करने में लगा हुआ है। इस संबंध में मैंने मुख्यमंत्री योगी जी से बात की है और मैं लगातार राज्य सरकार के संपर्क में हूं।"
10 करोड़ से ज़्यादा लोगों के आने की उम्मीद: डीआईजी वैभव कृष्ण (Mahakumbh 2025 Stampede)
महाकुंभ के डीआईजी वैभव कृष्ण कहते हैं कि 'आज हमें 10 करोड़ से ज़्यादा लोगों के आने की उम्मीद है, हमारे सभी अधिकारी और कर्मचारी कल शाम से ही भीड़ को नियंत्रित करने के लिए तैनात हैं। लोग यहां सभी घाटों पर शांतिपूर्वक स्नान कर रहे हैं, सुबह के समय दबाव था और भीड़ बहुत ज़्यादा थी।
'कई अखाड़ों ने हमें भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कहा और कहा कि वे बाद में स्नान के लिए निकलेंगे। अब जबकि भीड़ नियंत्रण में है, अखाड़ों और संतों के लिए हमारी तैयारियां पूरी हो गई हैं। अखाड़ा मार्ग और अखाड़ा घाट तैयार हैं। पूरे इलाके को सैनिटाइज़ किया गया है और हमने यह बात अखाड़ों को बता दी है, हमारे पास भगदड़ में मारे गए लोगों की आधिकारिक संख्या नहीं है क्योंकि हम यहाँ भीड़ को नियंत्रित करने में लगे हुए हैं। घायलों का इलाज किया जा रहा है।'












Click it and Unblock the Notifications