Maha Kumbh: संतों के स्वागत में 'छावनी प्रवेश' शोभायात्रा, CM योगी ने लिया खिचड़ी मेले की तैयारी का जायजा
Maha Kumbh: प्रयागराज साल 2025 में महाकुंभ (Maha Kumbh 2025) की मेजबानी के लिए तैयार है। हर 12 साल में आयोजित होने वाला महाकुंभ इस बार प्रयागराज में 13 जनवरी से 26 फरवरी तक आयोजित किया जाएगा। महाकुंभ की तैयारियों के मद्देनजर रविवार, 22 दिसंबर को महाकुंभ मेले के क्षेत्र में संतों के स्वागत में 'छावनी प्रवेश' शोभायात्रा का आयोजन किया गया। यह आयोजन श्री पंचदशनाम आवाहन अखाड़ा द्वारा किया गया था। इसके जरिए बड़ी संख्या में भक्तों और मेला प्रशासन ने भव्य समारोह में उनका स्वागत किया।
आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अरुण गिरि जी के नेतृत्व में 'छावनी प्रवेश' शोभायात्रा आवाहन अखाड़े के स्थानीय मड़ौका आश्रम से शुरू हुआ। इस यात्रा में घोड़ों और ऊंटों पर सवार कई संत 'हर हर महादेव' का नारा लगाते हुए छावनी क्षेत्र की ओर आगे बढ़े। महंत गोपाल गिरि ने इस शोभायात्रा के बारे में बात करते हुए बताया कि इस जुलूस में एक दर्जन से ज्यादा महामंडलेश्वर, 51 श्री महंत और कई नागा साधु शामिल हुए।

गोरखपुर में 'खिचड़ी मेले' की तैयारी जोरों पर
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में गोरखपुर के गोरखनाथ मंदिर में आगामी 'खिचड़ी मेला' की तैयारियों का जायजा लिया। 14 जनवरी से 26 फरवरी तक चलने वाला यह मेला मकर संक्रांति से शुरू होकर महाशिवरात्रि पर समाप्त होगा। गोरखनाथ मंदिर में आयोजित यह मेला एक महत्वपूर्ण सांस्कृतिक कार्यक्रम है। अधिकारियों ने सीएम आदित्यनाथ के दौरे के दौरान मेले की सफलता सुनिश्चित करने के लिए विभागीय प्रयासों के बारे में जानकारी दी।
ये भी पढ़ें: Maha Kumbh 2025 Train: साबरमती, वेरावल, राजकोट से कुंभ जाएंगी ये ट्रेनें, देखें समय सारिणी और अन्य डिटेल्स
'25 दिसंबर तब व्यवस्था को दें अंतिम रूप'
आदित्यनाथ ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए 25 दिसंबर तक सभी विभागों को व्यवस्थाएं अंतिम रूप देने के निर्देश दिए। उन्होंने मेले के सांस्कृतिक महत्व के बारे में बात करते हुए कहा, "खिचड़ी मेला न केवल पूर्वी उत्तर प्रदेश के श्रद्धालुओं के लिए बल्कि बिहार, नेपाल और दुनिया भर के लोगों के लिए आस्था का प्रतीक है।"
गोरखपुर को स्मार्ट सिटी बनाने की पहल
खिचड़ी मेले की तैयारियों की समीक्षा करते हुए आदित्यनाथ ने गोरखपुर की विकास परियोजनाओं का भी मूल्यांकन किया। उन्होंने इसे स्मार्ट सिटी में बदलने की पहल करते हुए शहरी परिवहन को बढ़ाने के लिए डबल डेकर बसें शुरू करने के निर्देश दिए। पार्किंग के मुद्दों पर बात करते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों से समन्वित योजना बनाने का निर्देश दिया।
पार्किंग को लेकर विशेष प्लान
मुख्यमंत्री ने जीडीए, नगर निगम, प्रशासन और पुलिस को पार्किंग समाधान के लिए संयुक्त कार्ययोजना बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जहां आवश्यक हो, वहां मल्टी-लेवल पार्किंग सुविधाओं के लिए जगह का चुनाव किया जाए और गोरखपुर की पार्किंग चुनौतियों का प्रभावी ढंग से समाधान किया जाए।
ये भी पढ़ें: CM Yogi आज पहली बार पहुंचेंगे UP College, वाराणसी के डोमरी में शिव महापुराण कथा में भी होंगे शामिल
गोरखपुर महोत्सव
आदित्यनाथ ने 10 से 12 जनवरी तक होने वाले गोरखपुर महोत्सव की तैयारियों पर भी चर्चा की। उन्होंने जनप्रतिनिधियों को इस आयोजन में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया। इस महोत्सव का उद्देश्य गोरखपुर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का जश्न मनाते हुए इसके सकारात्मक बदलाव को दिखाना है।












Click it and Unblock the Notifications