Maha Kumbh 2024: यूपी को मिला आर्थिक बूस्ट, महाकुंभ में चार्टर्ड फ्लाइट्स का भी बन गया रिकॉर्ड
Maha Kumbh 2024: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ 2025 ने इस बार कई रिकॉर्ड तोड़े हैं। संगम नगरी में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ रहा है, जहां पहले ही यूपी की अर्थव्यवस्था को बूस्ट मिला था, वहीं अब प्रयागराज एयरपोर्ट पर 650 से ज्यादा चार्टर्ड प्लेन उतर चुके हैं। यह महाकुंभ धार्मिक आयोजन के साथ-साथ आर्थिक और पर्यटन की दृष्टि से भी बेहद खास साबित हो रहा है।
महाकुंभ के अंतिम दौर में भी भारी भीड़ उमड़ रही है। महाशिवरात्रि पर अंतिम स्नान के साथ महाकुंभ का समापन होगा। प्रयागराज में महाकुंभ के सफल आयोजन के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अतिरिक्त प्रशासनिक व्यवस्था की है और खुद लखनऊ से मॉनिटरिंग कर रहे हैं।

13 जनवरी से शुरू हुआ महाकुंभ 45 दिनों तक चलेगा, जिसमें महाशिवरात्रि पर अंतिम स्नान होगा। एक महीने तक चले माघी पूर्णिमा स्नान के बाद कल्पवासी अपने घरों को लौटने लगे हैं, लेकिन अंतिम स्नान के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती जा रही है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त आईएएस और आईपीएस अधिकारी तैनात किए गए हैं।
यूपी की अर्थव्यवस्था को मिला बूस्टर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महाकुंभ को उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था के लिए एक बूस्टर बताया है। उन्होंने कहा कि महाकुंभ के आयोजन पर 1500 करोड़ रुपये खर्च हुए, लेकिन इससे 3 लाख करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। इसके विपरीत, विपक्ष ने सरकार पर महाकुंभ की ब्रांडिंग का आरोप लगाया है।
महाकुंभ 2025 में देश-विदेश से रईस लोग भी भारी संख्या में पहुंचे। प्रयागराज एयरपोर्ट पर 650 से ज्यादा चार्टर्ड प्लेन उतर चुके हैं, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है। 11 फरवरी को सबसे ज्यादा 71 चार्टर्ड फ्लाइट्स उतरी थीं। एयरपोर्ट पर निजी जेट्स की बढ़ती संख्या के कारण पार्किंग और प्रबंधन में भी चुनौती उत्पन्न हो रही है।
50 करोड़ श्रद्धालुओं का सैलाब
महाकुंभ में 14 फरवरी को श्रद्धालुओं की संख्या 50 करोड़ के पार पहुंच गई। प्रयागराज के रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और एयरपोर्ट पर भारी भीड़ देखी जा रही है। एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, जितने लोग एक दिन में उतर रहे हैं, उतने आम दिनों में एक महीने में भी नहीं आते।
बॉलीवुड और क्रिकेट सितारों की डुबकी
महाकुंभ में न केवल आम लोग बल्कि कई फिल्मी सितारे और क्रिकेटर्स भी पहुंचे हैं। बॉलीवुड से सुनील शेट्टी, राजकुमार राव, विक्की कौशल, हेमा मालिनी और अनुपम खेर ने संगम में डुबकी लगाई। क्रिकेट जगत से अनिल कुंबले, सुरेश रैना और मयंक अग्रवाल ने भी आस्था की डुबकी लगाई।
सेलिब्रिटीज का महाकुंभ में बढ़ता रुझान
प्रयागराज के महाकुंभ में बॉलीवुड, साउथ फिल्म इंडस्ट्री और क्रिकेट जगत के सितारों की मौजूदगी ने आयोजन को और भव्य बना दिया है। सोशल मीडिया पर इन सितारों की तस्वीरें और वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिससे महाकुंभ की चर्चा देश-विदेश में हो रही है।
महाशिवरात्रि के आखिरी स्नान को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। उत्तर प्रदेश पुलिस के साथ-साथ अर्धसैनिक बलों को भी तैनात किया गया है। साथ ही, भीड़ को मैनेज करने के लिए ड्रोन कैमरों से निगरानी की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications