UP: लखनऊ में आधी रात को दहल उठा शॉपिंग स्क्वायर, एयरफोर्स के रिटायर्ड अफसर को लहूलुहान कर भागे शूटर!
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में शुक्रवार देर रात बदमाशों के हौसले बुलंद नजर आए। यहां एक रिटायर्ड भारतीय वायुसेना (IAF) अधिकारी को उनके रेस्टोरेंट के बाहर अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए, जबकि गंभीर रूप से घायल अधिकारी को आनन-फानन में मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित की पहचान अवधेश कुमार पाठक (60 वर्ष) के रूप में हुई है, जो वायुसेना से सेवानिवृत्त होने के बाद सुशांत गोल्फ सिटी के शॉपिंग स्क्वायर में अपना 'क्लाउड किचन' और रेस्टोरेंट चलाते हैं।

शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे जब अवधेश पाठक अपना काम खत्म कर घर जाने के लिए अपनी कार की ओर बढ़ रहे थे, तभी घात लगाए बैठे बदमाशों ने उन पर फायरिंग कर दी। एक गोली उनके कंधे और चेहरे के पास लगी, जिससे वे मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े।
पत्नी की शिकायत पर FIR दर्ज, हालत स्थिर
घटना के समय अवधेश की पत्नी मिथलेश भी रेस्टोरेंट में ही मौजूद थीं। फायरिंग की आवाज सुनकर इलाके में हड़कंप मच गया और लोग मदद के लिए दौड़े। DCP दक्षिण निपुण अग्रवाल ने बताया कि पुलिस ने पीड़ित की पत्नी की तहरीर पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या के प्रयास (धारा 307) सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। डॉक्टरों का कहना है कि ऑपरेशन के बाद अब अवधेश पाठक की हालत स्थिर बनी हुई है, हालांकि वे अभी निगरानी में हैं।
जांच के लिए 5 टीमें गठित, CCTV खंगाल रही पुलिस
लखनऊ पुलिस ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 5 विशेष टीमें गठित की हैं। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों के भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके। पुलिस शुरुआती जांच में इसे व्यापारिक रंजिश या पुराने विवाद से जोड़कर देख रही है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications