Lucknow KGMU में नॉन-वेज पर बैन? हॉस्टलों के किचन में नहीं पकेगा मीट-मछली, सपा ने बताया तानाशाही

Lucknow KGMU Hostels Ban Non-veg Items: नवाबों के शहर लखनऊ में इन दिनों एक नॉन-वेज को लेकर सियासत गरमा चुकी है। प्रतिष्ठित किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) प्रशासन ने अपने सभी हॉस्टलों में नॉन-वेज खाना बनाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। हालांकि, छात्रों को बाहर से नॉन-वेज खाना ऑर्डर करने या लाने पर कोई रोक नहीं है। यह फैसला राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के सख्त रुख के बाद लिया गया।

समाजवादी पार्टी ने इसे तानाशाही फरमान करार दिया। उधर, इस्लामिक स्कॉलर मौलाना खालिद रशीद फिरंगी महली का कहना है कि 61% से ज्यादा भारतीय नॉन-वेज खाते हैं। KGMU जैसे नामी मेडिकल कॉलेज में ऐसे फैसले लिए जाते हैं, तो इससे बहुत गलत संदेश जाता है... मैं KGMU प्रशासन से अपील करता हूं कि वे इस फैसले को वापस लें।

lucknow-kgmu-hostel-mess-ban-non-veg

दरअसल, बीती 14 जुलाई को KGMU के दीक्षांत समारोह में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल शामिल हुईं, जो राज्य विश्वविद्यालयों की कुलाधिपति भी हैं। इस दौरान उन्होंने भाषण के अंत में साफ शब्दों में कहा कि सूचना मिली है कि यूनिवर्सिटी कैंपस के तीन हॉस्टलों में नॉन-वेज खाना बनाया जा रहा है। राज्यपाल के इस टिप्पणी के तुरंत बाद KGMU प्रशासन हरकत में आ गया। तुरंत वाइस-चांसलर डॉ. सोनिया नित्यानंद ने प्रो-वाइस-चांसलर की अध्यक्षता में एक टास्क फोर्स गठित की। आइए विस्तार से जानते हैं कि इस नॉन-वेज बैन की आग कहां-कहां तक पहुंची? किसके क्या विचार?

KGMU के प्रवक्ता डॉ. कुमार शांतनु ने स्पष्ट किया कि यूनिवर्सिटी द्वारा संचालित 18 मेस में न तो नॉन-वेज पकाया जाता है और न ही परोसा जाता है। समस्या उन दो या तीन प्राइवेट मेस हैं, जिन्हें छात्र मिलकर को-ऑपरेटिव आधार पर चलाते हैं, जहां नॉन-वेज खाना बनाया जाता था। हालांकि, गवर्नर की टिप्पणी के बाद, उन्हें नॉन-वेज खाना न पकाने के लिए सख्त एडवाइजरी जारी की गई है। हालांकि, अधिकारी ने साफ किया कि छात्रों और हॉस्टल में रहने वालों पर बाहर से नॉन-वेज खाना ऑर्डर करने को लेकर कोई रोक नहीं होगी।

'खाने-पीने की पाबंदियां थोपी जा रहीं', सीनियर फैकल्टी मेंबर

KGMU के एक अधिकारी ने कहा कि अंडे से बनी चीजें भी आधिकारिक हॉस्टल मेस मेन्यू का हिस्सा नहीं हैं, और कैंपस में हर कोई इस बात से सहमत नहीं है। एक सीनियर फैकल्टी मेंबर ने सवाल किया कि क्या हम एक मेडिकल यूनिवर्सिटी नहीं हैं? क्या डॉक्टरों को उन मरीजों को अंडा खाने की सलाह देना बंद कर देना चाहिए, जिन्हें इसे खाने में कोई दिक्कत नहीं है? क्या हम पूरे भारत से आए छात्रों की पसंद को नजरअंदाज करते हुए खाने-पीने की पाबंदियां और आदतें थोप नहीं रहे हैं?

जगत गुरु परमहंसचार्य ने कहा- राज्यपाल के फैसला का हम लोग स्वागत करते हैं

तपस्वी छावनी के पीठाधीश्वर जगत गुरु परमहंसचार्य ने केजीएमयू के सभी हॉस्टलों में मांसाहारी भोजन पर प्रतिबंध लगने पर कहा कि आनंदीबेन पटेल का यह जो फैसला है, इसका हम लोग स्वागत करते हैं। ये फैसला उनका बहुत ही अच्छा है। बच्चें मांसाहार करें, फिर नशा करें, उससे उनका भविष्य प्रभावित हो रहा था। राज्यपाल आनंदीबेन ने जो प्रतिबंधित किया है, हम लोग बहुत खुश हैं...हालांकि हमारा उनका निजी कुछ विवाद भी रहा है... क्षेत्रवाद के कारण कई बार गुजरात के लोगों का उन्होंने समर्थन किया है, तो उसको लेकर मैं उनसे आहत भी हूं... लेकिन जो अच्छा काम है उसकी तो प्रशंसा जरूर की जाएगी।

सपा ने बताया तानाशाही फरमान

  • समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता आशुतोष वर्मा ने कहा कि मुझे लगता है कि देश के एपेक्स इंस्टीट्यूट में KGMC और KGMU आता है। जहां पर वर्ल्ड का सबसे अच्छा ब्रेन आता है और उस ब्रेन में इतना दकियानूसी सर्कुलर, मैं इसका विरोध करता हूं। समाजवादी पार्टी इसका विरोध करती है। उसकी वजह ही साफ-साफ है। कल गवर्नर के ऑफिशल्स ने कहा कि मेस की हाइजीनिक कंडीशन खराब है। इसका मतलब यह कतई नहीं होता है कि वहां पर नॉन-वेज बनाया न जाए या वेज बनाया जाए। लेकिन नेताओं की चाटुकारिता में लगे हुए अफसर और KGMC के कर्मचारी ये तक भूल गए कि वहां सर्वधर्म के सब लोग आते हैं जो वेज-नॉन वेज सब खाते हैं। प्रोटीन का बड़ा सोर्स भी होता है... समाजवादी पार्टी इसका विरोध भी करती है।

  • समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता फखरुल हसन चांद ने कहा कि गवर्नर आनंदीबेन पटेल ने सिर्फ दो दिन पहले ही स्कूल की छात्राओं के बारे में एक विवादित बयान दिया था। फिर IAS और PCS परीक्षाओं की तैयारी कर रही महिलाओं के बारे में उनकी टिप्पणी आई, और अब यह नया ज़ुबानी बयान सामने आया है। सरकारी प्रशासन में आधिकारिक निर्देश ज़ुबानी नहीं दिए जाते। अगर कोई आदेश देना हो, तो वह लिखित में होना चाहिए... लोगों को क्या खाना-पीना चाहिए, इस पर हुक्म चलाना मनमाना और तानाशाही भरा आदेश है... अगर KGMU यूनिवर्सिटी प्रशासन इसे मानता है, तो समाजवादी पार्टी का मानना ​​है कि यह संविधान और कानून, दोनों का उल्लंघन है।

क्या बोले मौलाना? KGMU के फैसले को ठहराया गलत

इस्लामिक स्कॉलर मौलाना खालिद रशीद फिरंगी महली का कहना है कि 61% से ज्यादा भारतीय नॉन-वेज खाते हैं। मेडिकल नजरिए से, नॉन-वेज खाना इंसानी सेहत के लिए फायदेमंद है और इम्युनिटी बढ़ाने में मदद करता है। अगर KGMU जैसे नामी मेडिकल कॉलेज में ऐसे फैसले लिए जाते हैं, तो इससे बहुत गलत संदेश जाता है... मैं KGMU प्रशासन से अपील करता हूं कि वे इस फैसले को वापस लें।

मौलाना याकूब अब्बास कहते हैं कि यह एक अंदरूनी व्यवस्था है... यह फैसला KGMU यूनिवर्सिटी प्रशासन को लेना है। इस पर किसी को भी टिप्पणी करने की जरूरत नहीं है। अगर कुछ छात्र नॉन-वेज खाना चाहते हैं, तो वे बाहर जाकर खा सकते हैं।

RMLIMS में भी उठा था मुद्दा

आपको बता दें कि, यह पहली बार नहीं है, जब राज्यपाल पटेल ने मेडिकल संस्थानों के हॉस्टलों में नॉन-वेज को लेकर सवाल उठाया हो। 15 जून को यहां राम मनोहर लोहिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (RMLIMS) के तीसरे दीक्षांत समारोह के दौरान, गवर्नर पटेल ने हॉस्टल मेस में हफ्ते में दो बार नॉन-वेज खाना परोसे जाने की जरूरत पर सवाल उठाया था। RMLIMS के अधिकारियों ने बताया कि अंडरग्रेजुएट (UG) और पोस्टग्रेजुएट (PG) हॉस्टल में अभी हफ्ते में दो बार नॉन-वेज खाना दिया जाता है, लेकिन यह फैसला ज्यादातर छात्रों की कमेटियों ने लिया था।

एक अधिकारी ने इस बात पर जोर देते हुए कहा कि कमेटियों में कुछ फैकल्टी सदस्य होते हैं, लेकिन वे ज्यादातर छात्रों द्वारा चलाई जाती हैं कि मेस का मेन्यू इंस्टीट्यूट तय नहीं करता है। हालांकि, RMLIMS के अधिकारियों ने संकेत दिया कि इंस्टीट्यूट, जिसके पास लगभग 800 UG और PG छात्रों के लिए तीन हॉस्टल हैं, जल्द ही इस मामले पर नए सिरे से विचार करेगा। एक अधिकारी ने कहा कि चांसलर ने इस मामले की ओर ध्यान दिलाया है, इसलिए इस पर प्राथमिकता के आधार पर चर्चा की जाएगी।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+