लखनऊ में रेड फिल्म की तरह पड़ा छापा, जानिए कहां कहां से निकला 100 किलो सोना
लखनऊ। कुछ महीने पहले अजय देवगन की मुख्य भूमिका वाली फिल्म रेड रिलीज हुई थी। इसमें एक नेता के घर में इनकम टैक्स विभाग छापा डालता है। जिसमें इनकम टैक्स विभाग को अब तक की सबसे बड़ी रिकवरी मिलती है। ये मामला लखनऊ का था और फिल्म एक सच्ची घटना पर आधारित बताई गई थी। एक बार फिर से कुछ वैसा ही हुआ है। इस बार भी मामला लखनऊ का ही है। यहां एक कारोबारी के घर से लगभग 10 करोड़ रुपये कैश तो वहीं 100 किलो सोना भी बरामद हुआ है जिसका इनकम टैक्स डिपार्टमेंड में अभी तक कोई दस्तावेज नहीं मिला है।


लखनऊ में हवाला कारोबारी है रस्तोगी ब्रदर्स
उत्तर प्रदेश में अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए आयकर विभाग ने मंगलवार को लखनऊ के दो कारोबारी भाइयों के पास से 100 किलो से ज्यादा सोना और 10 करोड़ रुपये बरामद किए। सोने की कीमत 31 करोड़ रुपये आंकी जा रही है। इतना ही नहीं रस्तोगी परिवार के नाम 98 करोड़ की अघोषित संपत्ति के दस्तावेज भी बरामद हुए हैं। आयकर अधिकारियों ने 16 लाख रुपये छोड़कर बाकी रकम और पूरा सोना जब्त कर लिया है।

हिसाब नहीं दे सके इन पैसों का
जानकारी के मुताबिक, कन्हैया लाल रस्तोगी और बेटे के घर से 8.08 करोड़ की नकदी एवं 87 किलो सोने के बिस्किट और दो किलो सोने के गहने बरामद हुए। जबकि संजय रस्तोगी के घर से 1.13 करोड़ रुपये एवं 11.64 किलो सोना बरामद हुआ। आयकर अधिकारियों की पूछताछ में दोनों कारोबारी भाई बरामद रकम व सोने का हिसाब नहीं दे सके, जिस पर दोनों भाइयों के पास खर्च के लिए आठ-आठ लाख रुपये छोड़कर बाकी रकम जब्त कर ली गई।

नोट गिनने की आई मशीन
रेड फिल्म में छापे के दौरान इतना पैसा आ गया था कि उसे गिनने के लिए अतिरिक्त लोग बुलाए गए थे। कुछ वैसा ही यहां भी हुआ। सोने के अलावा नोटों की इतने पैकेट मिले कि उन्हें गिनने के लिए नोटों की मशीन मंगानी पड़ी थी। मंगलवार की दोपहर से रात करीब 11 बजे तक नोट गिने गए थे।












Click it and Unblock the Notifications