Lucknow Hotel Murder Case: कहां छिपा है पत्नी और बेटियों का कातिल बदर? हफ्ते भर बाद भी पुलिस के हाथ खाली
Lucknow Hotel Murder Case: राजधानी लखनऊ के चारबाग के पास चरणजीत होटल में नए साल के पहले दिन पत्नी और चार बेटियों की हत्या कर फरार हुए बदर को पुलिस अभी तक नहीं पकड़ पाई है। उसे पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
लखनऊ के साथ ही आगरा समेत अन्य जनपदों में भी पुलिस द्वारा संभावित ठिकानों पर छापेमारी की गई। लेकिन अभी तक पुलिस आरोपी बदर तक नहीं पहुंच सकी है। ऐसे में सवाल उठ रहा है की पत्नी और बेटियों का हत्या करने वाला बदर कहां छुपा है?

पड़ोसी से फोन पर की थी बात
पत्नी और बेटियों की हत्या करने के बाद बदर ने अपने पड़ोस में रहने वाले एक युवक से फोन पर बात की थी। युवक से बदर की क्या बात हुई, इस बारे में अभी कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। पुलिस ने उक्त युवक समेत चार लोगों को हिरासत में लिया है।
पुलिस उसे हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। अनुमान लगाया जा रहा है कि पत्नी और बेटियों की हत्या करने के बाद बदर भागने की फिराक में था और इसीलिए उसने अपने पड़ोसी को फोन किया। पड़ोसी से ही अहम जानकारी मिल सकती है।
5 हत्याओं का कारण अभी भी रहस्य
बदर का बेटा अरशद वारदात को अंजाम देने के बाद पकड़ा गया था। उससे पूछता इसके बाद पुलिस ने उसे जेल भेज दिया है। इस हत्या के पीछे अरशद द्वारा बताई गई कहानी पर किसी को यकीन नहीं हो रहा है। अरशद जो बता रहा है, उस पर यकीन करना मुश्किल है।
पुलिस की पूछताछ में अरशद द्वारा हत्या की वजह कभी पड़ोसियों से जमीन विवाद बताया गया तो कभी यह बताया गया कि पड़ोस में रहने वाले लोग उसकी बहनों को बुरी नजर से देखते थे। इसके अलावा अरशद द्वारा अलग-अलग कहानी बताई गई। फिलहाल, अभी भी पांच लोगों की हत्या की घटना रहस्य बनी हुई है। जब तक बदर को गिरफ्तार नहीं किया जाएगा तब तक रहस्य से पर्दा नहीं उठ सकता है।
दरअसल, नए साल पर आगरा निवासी अरशद ने अपने पिता के साथ मिलकर चारबाग स्थित एक होटल में अपनी मां आसमा (49), बहनों अल्शिया (19), रहमीन (18), अक्सा (16) और आलिया (9) की हत्या कर दी थी। आरोपी 30 दिसंबर को लखनऊ आए थे और दो दिन के लिए होटल में कमरा बुक कराया था। 31 दिसंबर की रात दोनों ने सामूहिक हत्याकांड को अंजाम दिया। अरशद ने इस दौरान वीडियो भी बनाया। वारदात के बाद अरशद ने सरेंडर कर दिया, जबकि बदर फरार हो गया।












Click it and Unblock the Notifications