थाने में प्यार से नहीं मानी महिला सिपाही, आशिक ने तमंचे से किया शोर
आशिक महिला सिपाही के प्यार में थाने पहुंच गया। इसके बाद शख्स ने महिला सिपाही को बाहर चलने के लिए कहा लेकिन वो नहीं मानी, तो उसने तमंचा निकाला और फायर कर दिया।
इलाहाबाद। यूपी के कौशांबी जिले में एक आशिक, महिला सिपाही के प्यार में थाने पहुंच गया। इसके बाद शख्स ने महिला सिपाही को बाहर चलने के लिए कहा जिस पर कहासुनी होने लगी। बात बढ़ी तो युवक ने तमंचे से फायर कर दिया। थाने में गोली की आवाज से हड़कंप मच गया। महिला सिपाही थाने से बाहर निकलने लगी तो युवक डरकर भागने लगा। इस पर एक दूसरी महिला सिपाही ने आरोपी को दौड़ाकर दबोच लिया। वहीं सूचना पर अधिकारी मौके पर पहुंचे और शख्स के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर पूछताछ की जा रही है।

पीआरडी सिपाही है महिला
पुलिस के मुताबिक प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) की सिपाही सीता की ड्यूटी इस समय कौशांबी के महिला थाने में है। देर शाम उससे मिलने के लिए तीरथ लोधी नाम का युवक महिला थाने पहुंचा। दोनों पास में ही बैठकर बात कर रहे थे। बाहर चलने के लिए तीरथ जिद कर रहा था। तो सिपाही ड्यूटी का हवाला दे रही थी। लेकिन बात बढ़ी तो आवेश में तीरथ ने तमंचे से हवाई फायर कर दिया।

दूसरी महिला सिपाही ने आरोपी को दबोचा
जब नशे में धुत्त तीरथ को एक महिला सिपाही ने दबोचा तो वो उससे भी भिड़ गया। बताया ये जा रहा है कि इस महिला सिपाही ने उसे सीता से दूर रहने की सख्त चेतावनी भी दी थी। पूछताछ में युवक ने अपने प्रेम संबंध की बात बताई तो अधिकारियों ने महिला सिपाही को पूछताछ के लिए तलब किया।

क्या कह रहे हैं अधिकारी?
मामले में सीओ अशोक कुमार ने बताया कि युवक हिरासत में है और उससे पूछताछ की जा रही है। थाने से भाग रहे तीरथ को एक महिला सिपाही ने दौड़ाकर दबोचा है और उसी की तहरीर पर जानलेवा हमले का मुकदमा भी दर्ज हुआ है। आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications