सपा गठबंधन से महान दल ने तोड़ा अपना नाता, BSP को बिना शर्त समर्थन देने का किया ऐलान
Mahan Dal: 2024 में लोकसभा चुनाव होने है, उससे पहले छोटे राजनीतिक दलों भी ने अपनी नैया पार लगाने के लिए हाथ-पैर मारना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में महान दल (Mahan Dal) ने सपा गठबंधन को झटका देते लोकसभा चुनाव से पहले उसका साथ छोड़ दिया। वहीं, बहुजन समाज पार्टी को बिना शर्त समर्थन देने ऐलान किया।
महान दल के मुखिया केशव देव मौर्य (Keshav Dev Maurya) ने इस दौरान सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) को छोटे दिल का नेता बताते हुए तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के साथ जब गठबंधन हुआ तब उन्होंने महान दल के साथ अच्छा नहीं किया।

उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि हमारे साथ गठबंधन के बावजूद अखिलेश हमारे विकल्प के रूप में स्वामी प्रसाद मौर्य को लाए। उन्होंने ऐसा इसलिए किया ताकि हमारा प्रभाव कम हो सके। कहा कि जब सपा की सरकार होती है तो सपा का बेस वोट हमारे लोगों के साथ ही ज्यादा अन्याय करता है।
केशव देव मौर्य ने कहा कि विधानसभा चुनाव के समय अखिलेश यादव ने 8 सीट देने के बात कही थी, लेकिन सिर्फ दो सीट दी गई। इसके बावजूद तब हम कुछ नहीं बोले थे। केशव देव ने कहा कि अन्याय बहुत दिन बर्दाश्त नहीं हो सकता है। हम चाहते थे कि सपा के साथ रिश्ता चले, लेकिन अखिलेश यादव छोटे दिल के आदमी हैं।
उन्होंने कहा कि स्वामी प्रसाद मौर्य बयानवीर है लेकिन इस सरकार में समाज के साथ अन्याय हो रहा है फिर भी एक शब्द नहीं बोल रहे हैं, ना ही उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य कुछ बोल रहे है। इसके साथ ही, उन्होंने डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य पर तंज कसते हुए कहा कि हम ऐसे मंत्री नहीं बनना चाहते जिसे स्टूल पर बैठने को मिले, ऐसे मंत्री से बेहतर फकीर ही ठीक है।
बीएसपी को समर्थन देने के सवाल पर केशव देव मौर्य ने कहा कि बसपा को इसलिए समर्थन किया है ताकि हम दिखा सकें की महान दल जिसके साथ रहता है वो पहले नंबर पर रहता है। हमारे पास मंत्र है कि किसी भी बेजान वस्तु में जान डाल सकते हैं। यही करके लोगों को दिखाना चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि हमें ज्यादा मेहनत नहीं करनी है, जहां लिखा है कि महान दल ने ठाना है सपा को जिताना है, उसमें सपा में बस ब शब्द जोड़ना है। ब जोड़ देंगे तो सपा से बसपा हो जाएगा। बसपा को जिताने से महान दल का महत्व बढ़ेगा। जो पार्टी तीसरे नंबर पर थी उसे महान दल दूसरे नंबर पर ले आया और इस तरह सपा तीसरे नंबर पर चली जाएगी।
केशव देव मौर्य ने कहा कि हम बहुजन समाज पार्टी को बिना शर्त के समर्थन करेंगे। हमने अपने कार्यकर्ताओं से बोल दिया है कि बसपा का प्रत्याशी चाहे कोई (हिन्दू, मुस्लिम) हो उसे जिताओ, सपा का प्रत्याशी भले ही मौर्य जाति का हो उसे हर हाल में हराना है। यह अच्छा होता कि बसपा हमसे समझौता करती।
इस दौरान उन्होंने कहा कि हमारा अखिलेश यादव से वैचारिक रूप से मतभेद हो सकता है लेकिन बसपा से नहीं है। उन्होंने कहा कि इस बार हमारा नारा महान दल ने ठाना है सपा को जिताने की जगह, बसपा को जिताना है। यह नारा हमारा 2024 तक लगेगा।












Click it and Unblock the Notifications