ललितपुर में किसान की मौत पर प्रियंका का योगी सरकार पर तंज, बोलीं- प्रताड़ित करने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है
ललितपुर में किसान की मौत पर प्रियंका का योगी सरकार पर तंज, बोलीं- प्रताड़ित करने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है
लखनऊ, 23 अक्टूबर: खाद के लिए पिछले दो दिनों से लाइन में लगे किसान भोगीराम पाल (52) की 22 अक्टूबर को मौत हो गई। तो वहीं, दूसरी तरफ लखीमपुर खीरी में किसान समोध सिंह ने अपने धान के ढेर पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। समोध सिंह का आरोप था कि वे सरकारी मंडी पर पिछले 14 दिनों से धान बेचने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन यहां कोई धान खरीदने के लिए तैयार नहीं है। इससे निराश होकर उन्होंने ये कदम उठाया। इस मामले में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के बाद कांग्रेस महासचिव व यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी ने प्रदेश की योगी सरकार पर तीखा हमला बोला है।
Recommended Video

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने शनिवार 23 अक्टूबर को ट्वीट करते हुए कहा,
धान खरीददारी में कुव्यवस्था के चलते लखीमपुर के एक किसान को मंडी में पड़े धान में आग लगानी पड़ी। खाद वितरण में कुव्यवस्था के चलते ललितपुर के एक किसान की लाइन में खड़े-खड़े मृत्यु हो गई। उप्र की भाजपा सरकार किसानों को प्रताड़ित करने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है।
तो वहीं, कांग्रेस के प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने भी ट्वीट करते पूछा है कि क्या यही है अच्छे दिन?। उन्होंने लिखा, अब डीएपी खाद भी किसान के लिए जानलेवा बनी। क्या यही हैं "अच्छे दिन"? कैसे निर्दयी लोगों को सौंप दिया देश-प्रदेश? #FarmersProtest
इससे पहले यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने सरकार से किसान परिवार के लिए मुआवजे की मांग करते हुए किसान द्वारा धान जलाए जाने का वीडियो भी शेयर किया है। वीडियो शेयर करते हुए लिखा, 'भाजपा के राज में उप्र में खाद की कमी ने एक बेहद दर्दनाक मोड़ ले लिया है। आज ललितपुर में 2 दिनों से खाद की लाइन में लगे हुए एक किसान की मृत्यु का दुखद समाचार मिला है। श्रद्धांजलि! सरकार मुआवज़े का ऐलान करे। आज़ाद भारत के इतिहास में किसान कभी भी इतना परेशान व अपमानित नहीं हुआ।'
खाद के लिए दो दिनों से लगे थे लाइन में
दरअसल, ललितपुर में खाद के इंतजार में दो दिन से लाइन में लगे किसान भोगीराम पाल (52) की शुक्रवार को मौत हो गई। जाखलौन थाना क्षेत्र के नया गांव निवासी भोगीराम पाल (52) दो दिनों से लगातार खाद के लिए दुकान के बाहर लाइन में लगा रहा था। बेटे कृपाल के मुताबिक, शुक्रवार सुबह से लाइन में लग गए इसी बीच करीब 9:30 बजे उनके सीने में तेज दर्द उठा और वह गिर पड़े। आसपास के लोगों की मदद से उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लाया गया जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। घटना से किसान और परिजनों में आक्रोश है।












Click it and Unblock the Notifications