राम राज्य की स्थापना के लिए हो रहे हैं यूपी में एनकाउंटर: केशव प्रसाद मौर्य
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में योगी सरकार आने के बाद यूपी पुलिस लगातार अपराधियों का ताबड़तोड़ एनकाउंटर कर रही है। लेकिन पुलिस के इस रौंद्र रूप का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने समर्थन किया है। एक तरफ जहां योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में कहा था कि जो लोग बंदूक की भाषा समझते हैं, उनसे बंदूक की भाषा में ही बात की जाएगी। वहीं उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने अपराधियों के एनकाउंटर का समर्थन करते हुए कहा कि प्रदेश में एनकाउंटर राम राज्य की स्थापना के लिए किया जा रहा है।

अपराधी हमला करेगा तो पुलिस देगी जवाब
केशव प्रसाद मौर्या ने कहा कि अपराधियों को मार गिराना प्रदेश में राम राज्य स्थापित करने की ओर कदम बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था को बेहतर करने के लिए बड़े स्तर पर कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारी प्राथमिकता अपराधियों को मारने की नहीं है, लेकिन अगर कोई अपराधी पुलिस पर हथियार से हमला करेगा तो पुलिस जवाबी कार्रवाई तो करेगी ही।

शांतिपूर्ण माहौल स्थापित करना राम राज्य
केशव प्रसाद ने कहा कि प्रदेश में अपराधियों के एनकाउंटर का उद्देश्य समाज से बुराई को हटाना और शांतिपूर्ण माहौल को स्थापित करना है। हम प्रदेश में शांतिपूर्ण माहौल को स्थापित करना चाहते हैं और यही राम राज्य है। आपको बता दें कि प्रदेश में भाजपा सरकार आने के बाद लगातार पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख अख्तियार किया है। एक के बाद एक कई इनामी बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ में या तो मार गिराया है या फिर उन्हें गिरफ्तार किया है।

1240 एनकाउंटर 40 ढेर
इस सरकार के कार्यकाल में अबतक कुल 1240 एनकाउंटर हो चुके हैं जिसमे 40 अपराधी मारे जा चुके हैं, जबकि तकरीबन 305 अपराधी पुलिस की मुठभेड़ में घायल हुए हैं। पुलिस के एनकाउंटर पर केशव प्रसाद मौर्या कहना हैं कि क्या आप सार्वजनिक जगहों पर लोगों के हाथों में हथियार देखना चाहते हैं, क्या आप चाहते हैं कि जो लोग हाथ में हथियार लेकर घूमते हैं और लोगों को डराने का काम करते हैं, उन्हे ऐसा करने दिया जाए।
इसे भी पढ़ें- जब योगी बोले साल में एक बार होली, 52 बार जुमा, जुमे की नमाज का वक्त दो घंटा आगे बढ़ाया जाए












Click it and Unblock the Notifications