Kasganj Violence: परिजन बोले, मृतक को शहीद घोषित करिए
लखनऊ। 26 जनवरी को तिरंगा यात्रा निकालने की वजह से भड़की हिंसा के बाद चंदन गुप्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। शनिवार को चंदन का अंतिम संस्कार कर दिया गया है, इससे पहले उसकी अंतिम यात्रा निकाली गई। चंदन की मौत के बाद परिजनों ने सांसद और विधायकों के सामने कई मांग रखी। उन्होंने मांग की है कि उनके बेटे को शहीद का दर्जा दिलाया जाए। अंतिम संस्कार से पहले परिजनों की इस मांग की वजह से अंतिम संस्कार रोक दिया गया था लेकिन कुछ देर बाद मदद का आश्वासन देने के बाद अंतिम संस्कार किया गया।

49 लोग गिरफ्तार
अंतिम संस्कार के दौरान सांसद राजवीर सिंह, विधायक देवेन्द्र राजपूत, एएसपी पवित्र मोहन त्रिपाठी, सीओ सिटी सहित भारी संख्या में पुलिस बल तैनात था। इस हिंसा के बाद अभी तक कुल 49 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। तनाव को देखते हुए पूरे इलाके में कर्फ्यू लगा दिया गया है और इंटरनेट सेवाओं को आज रात 10 बजे तक के लिए बंद कर दिया गया है। आज तीसरे दिन भी इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है, आज भी दुकान व गाड़ी को आग के हवाले कर दिया गया है, जिसके बाद सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता कर दिया गया है।

आज भी स्थिति तनावपूर्ण
शनिवार को कासगंज में तीन दुकानों में आग लगा दी गई थी, जबकि दो प्राइवेट बस व कार को आग हवाले कर दिया गया था। वहीं आज तनाव को देखते हुए रात 10 बजे तक के लिए इंटरनेट की सुविधा को बंद कर दिया गया है। पूरे इलाकेमें सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की अफवाह से बचने के लिए इंटरनेट की सेवा को बंद कर दिया गया है। वहीं कासगंज की हिंसा पर एसपी सुनील सिंह ने कहा कि यह हिंसा किसी के इशारों पर की जा रही है, इसके पीछे राजनीतिक साजिश हो सकती है।

जबरन पाकिस्तान जिंदाबाद कहने को मजबूर किया
चंदन की मौत के बाद उसकी मां का दावा है कि उनके बेटे ने पाकिस्तान जिंदाबाद कहने से इनकार कर दिया था, जिसकी वजह से लोगों ने उसे गोली मार दी। चंदन की मां संगीता ने कहा कि मुझे भी गोली मार दो, मैंने वंदेमातरम बोला है, मैं भारत माता की जय बोलती हूं, मैं हिंदुस्तान जिंदाबाद बोलती हूं। उन्होंने कहा कि मेरा बेटा किसी राजनीतिक दल में शामिल नहीं था, उसे जबरन पाकिस्तान जिंदाबाद कहने के लिए मजबूर किया गया, लेकिन जब उसने यह कहने से इनकार कर दिया तो उसे लोगों ने गोली मार दी।
इसे भी पढ़ें- Kasganj Violence: मृतक की मां बोली, बेटे को पाकिस्तान जिंदाबाद कहने को मजबूर किया, इनकार करने पर मारी गोली












Click it and Unblock the Notifications