Kanpur Plane Crash: टेकऑफ करते ही 20 मिनट बाद प्लेन क्रैश, पायलट-ट्रेनी की मौत, कैसे हुआ ये हादसा?

Kanpur Plane Crash: उत्तर प्रदेश के कानपुर में गुरुवार 27 अगस्त को बड़ा ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट हादसा हो गया। चकेरी स्थित गर्ग एविएशन फ्लाइंग ट्रेनिंग एकेडमी से उड़ान भरने वाला विमान महज 20 मिनट बाद गंगा बैराज के पास नाथपुरवा गांव के खेत में जा गिरा। हादसे में विमान सवार पायलट सचिन भाटिया और ट्रेनी अभिषेक पुजारी की मौत हो गई।

विमान ने सुबह करीब 11:30 बजे उड़ान भरी थी। करीब 11:50 बजे वह नाथपुरवा गांव के पास क्रैश हो गया। हादसे के बाद विमान पूरी तरह टूटकर बिखर गया। उसके पुर्जे करीब 20 से 30 फीट तक फैल गए। राहत की बात यह रही कि विमान गिरने के बाद उसमें आग नहीं लगी।

Kanpur training Aircraft Crash pilot dead injured How Did This Crash Happen

200-250 फीट की ऊंचाई पर अचानक डगमगाया विमान

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विमान हादसे से पहले जमीन से करीब 200 से 250 फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था। तभी अचानक वह हवा में डगमगाने लगा। कुछ ही पलों में विमान क्षतिग्रस्त होकर नीचे गिर गया। विमान इतनी तेजी से जमीन पर गिरा कि उसका मलबा चारों तरफ फैल गया।

हादसे के वीडियो भी सामने आए हैं। इनमें विमान के टूटे हुए हिस्से खेत में बिखरे दिखाई दे रहे हैं। एक पायलट कॉकपिट के पास फंसा हुआ नजर आया, जबकि दूसरा विमान से कुछ दूरी पर गंभीर हालत में पड़ा था। विमान की एक सीट भी टूटकर बाहर निकल गई थी। मौके का मंजर देखकर आसपास मौजूद लोग भी सहम गए।

एक पायलट कॉकपिट में फंसा, दूसरा खून से लथपथ मिला

हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम करीब 12:15 बजे घटनास्थल पर पहुंची। दोनों घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया। लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान सचिन भाटिया निवासी गुजरात और अभिषेक पुजारी निवासी कर्नाटक के तौर पर हुई है। डॉक्टरों के मुताबिक, दोनों के शरीर पर कई गंभीर चोटें थीं। शुरुआती तौर पर मौत की वजह ऊंचाई से गिरने के चलते आई मल्टीपल इंजरी बताई गई है। मौत की स्पष्ट वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से सामने आएगी।

मृतक पायलट सचिन के पास 3000 घंटे का फ्लाइंग एक्सपीरियंस

इस हादसे में जान गंवाने वाले पायलट सचिन भाटिया के पास करीब 3000 घंटे की उड़ान का अनुभव था। विमानन क्षेत्र में इतने लंबे फ्लाइंग एक्सपीरियंस को काफी अहम माना जाता है।

कानपुर पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने बताया कि विमान ने चकेरी स्थित गर्ग एविएशन ट्रेनिंग सेंटर से उड़ान भरी थी। करीब 20 मिनट बाद यह विमान वहां से लगभग 39 किलोमीटर दूर नाथपुरवा गांव में क्रैश हुआ। उन्होंने बताया कि हादसे की जानकारी DGCA यानी डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन को दे दी गई है। अब DGCA की टीम हादसे की जांच करेगी।

खेत में काम कर रहे थे ग्रामीण, तभी आसमान से गिरा विमान

हादसे के वक्त नाथपुरवा गांव के कुछ लोग खेतों में काम कर रहे थे। गांव के रोहित निषाद ने बताया कि वह खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने ऊपर उड़ता हुआ एयरक्राफ्ट देखा।

रोहित के मुताबिक, "मैं खेत में काम कर रहा था। ऊपर देखा तो एयरक्राफ्ट उड़ रहा था। अचानक वह नीचे की तरफ आने लगा। फिर धमाके की आवाज के साथ जमीन पर गिर गया। विमान में आग नहीं लगी थी।" एक अन्य ग्रामीण सर्वेश ने बताया कि विमान उनके खेत में ही गिरा।

उन्होंने कहा, "मैं सुबह करीब 10 बजे तक खेत में था और फिर घर चला गया था। बाद में फोन आया कि मेरे खेत में विमान गिर गया है। मैं तुरंत यहां पहुंचा तो दोनों पायलट जमीन पर पड़े थे।"

रिहायशी इलाके से सिर्फ 1 किलोमीटर दूर हुआ हादसा

जिस जगह विमान गिरा, वहां से रिहायशी बस्ती करीब एक किलोमीटर दूर है। ग्रामीणों के मुताबिक, विमान कुछ मिनट तक आसमान में दिखाई देता रहा। फिर अचानक नीचे आ गिरा। ग्रामीणों ने यह भी कहा कि अगर विमान रिहायशी इलाके के ऊपर गिरता तो नुकसान कहीं ज्यादा हो सकता था। घरों और लोगों की जान को भी खतरा पैदा हो सकता था।

किस कंपनी का था विमान?

क्रैश हुआ विमान कानपुर की गर्ग एविएशन फ्लाइंग ट्रेनिंग एकेडमी का बताया गया है। इस एकेडमी की स्थापना 1995 में हुई थी। यहां 100 से ज्यादा लोग पायलट बनने की ट्रेनिंग ले रहे हैं। विमान ने इसी फ्लाइंग एकेडमी से उड़ान भरी थी। करीब 39 किलोमीटर दूर नाथपुरवा गांव के पास हादसा हो गया।

अब जांच का सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर विमान इतनी कम ऊंचाई पर अचानक असंतुलित क्यों हुआ। क्या विमान में कोई तकनीकी खराबी आई थी? क्या इंजन या किसी दूसरे सिस्टम में समस्या हुई? या फिर हादसे के पीछे कोई मानवीय गलती थी? फिलहाल इन सवालों का जवाब नहीं मिला है। पुलिस ने घटनास्थल को घेर लिया है। हादसे से जुड़े सबूत जुटाए जा रहे हैं। विमान के टूटे हिस्सों और CCTV समेत दूसरे उपलब्ध सुरागों की भी जांच की जाएगी।

DGCA और AAIB ने संभाली जांच

हादसे की गंभीरता को देखते हुए DGCA की तीन सदस्यीय टीम को जांच के लिए रवाना किया गया है। इसके साथ ही एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो यानी AAIB ने भी जांच शुरू कर दी है।

जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश करेंगी कि विमान उड़ान भरने के बाद किन परिस्थितियों में दुर्घटनाग्रस्त हुआ। तकनीकी खामी, मौसम, उड़ान से जुड़े रिकॉर्ड और पायलट की गतिविधियों समेत हर पहलू को जांच में देखा जाएगा। फिलहाल इतना साफ है कि 11:30 बजे उड़ान भरने के करीब 20 मिनट बाद ट्रेनिंग विमान खेत में गिरा और दो जिंदगियां खत्म हो गईं। हादसे की असली वजह जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+