फेसबुक पर हुआ प्यार, घरवाले बने दुश्मन तो पुलिस ने कराई शादी
कन्नौज। उत्तर प्रदेश के कन्नौज में गुरसहायगंज कोतवाली की रहने वाली एक युवती को फिरोजाबाद के रहने वाले एक युवक से फेसबुक पर प्यार हो गया। दोनों ने साथ जीने मरने की कसमें खाई। लेकिन जब परिजनों ने शादी का विरोध किया तो दोनों ने भागकर नोएडा में शादी कर ली। परिजनों ने इसकी शिकायत पुलिस में दर्ज करा दी। पुलिस दोनों को अपने साथ थाने ले आई और वहीं पर दोनों की शादी करा दी।

मामला गुरसहायगंज कोतवाली के गांव ताखे पुरवा का है। जहां मुन्नी नाम की युवती की फिरोजाबाद के रहने वाले राजेश से फेसबुक से करीब पांच महीने पहले दोस्ती हुई थी। दोस्ती प्यार में बदल गई और दोनों एक दूसरे के लिए जीने मरने की कसमें खाने लगे। यहीं नहीं दोनों ने समाज की परवाह न करते हुए अपने घर द्वार को छोड़कर नोएडा के एक मंदिर में शादी कर ली। युवती के परिजनों को इस बात का पता चलने पर परिजन थाने जा पहुंचे, जहां उन्होंने अपनी आप बीती पुलिस को बताई।
परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने अभियोग पंजीकृत कर लिया और दोनों की छानबीन शुरू कर दी। बहुत जल्द दोनों पुलिस की गिरफ्त में आ गए। पुलिस दोनों लेकर थाने आई। प्रेमी जोड़े यहां भी शादी के अपने निर्णय पर अडे़ रहे।आखिरकार पुलिस की मध्यस्थता से दोनों के परिजनों को झुकना पड़ा और दोनों पक्ष शादी के लिए रजामंद हो गए। पूरे थाना परिसर में शहनाई की गूंज सुनाई देने लगी। परिसर में स्थित मंदिर में प्रेमी युगल ने एक दूसरे को वरमाला पहनाकर सफल जीवन की कामना के लिए आशीर्वाद लिया। वहां मौजूद लोगों का आशीर्वाद लेकर नवदंपती सपनों की दुनिया बसाने के लिए एक दूसरे का हाथ पकड़े और घर के लिए रवाना हो गए।


Click it and Unblock the Notifications
