एएमयू में जिन्ना की तस्वीर पर बोले योगी के मंत्री, महापुरुषों पर उंगली उठाना घटिया बात
अलीगढ़। अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के छात्रसंघ कार्यालय में पाकिस्तान के संस्थापक मोहम्मद अली जिन्ना की तस्वीर पर भाजपा सांसद के सवालों को उनकी ही पार्टी के नेता ने घटिया राजनीति कहा है। उत्तर प्रदेश सरकार में श्रम एवं समायोजन मंत्री स्वामी प्रसाद ने कहा है कि जिन्ना की तस्वीर पर सवाल ठीक नहीं है। उन्होंने कहा 'जिन महापुरुषों का योगदान राष्ट्र के योगदान में रहा है, उन पर कोई उंगली उठाता है तो ये घटिया बात है। देश के बंटवारे से पहले जिन्ना का योगदान इस देश में है।'

आपको बता दें कि अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के स्टूडेंट यूनियन हॉल में मोहम्मद अली जिन्ना की तस्वीर लगी होने पर अलीगढ़ से भाजपा सांसद सतीश गौतम ने एएमयू वीसी को पत्र लिखकर जिन्ना की तस्वीर लगी होने का कारण पूछा है। कई दूसरे नेताओं ने भी इस पर आपत्ति की है।
मोहम्मद अली जिन्ना की फोटो लगी होने पर एएमयू जनसंपर्क विभाग के इंचार्ज शाफे किदवई ने कहा कि एएमयू में स्टूडेंट यूनियन और टीचर्स एसोसिएशन के फैसलों का यूनिवर्सिटी से सीधा मतलब नहीं होता है। जिन्ना को बंटवारे से पहले 1938 में सदस्यता दी गयी थी इसलिए उनकी तस्वीर यूनियन हॉल में लगी हुई है। जिन्ना की तस्वीर यूनियन हॉल में लगी होने पर एएमयू के छात्रों ने कहा कि उनकी तस्वीर 1938 की लगी हुई है तब कोई बंटवारा नहीं हुआ था।












Click it and Unblock the Notifications