यात्रा को आसान बनाने के लिए रेलवे की बड़ी पहल, गोरखपुर, छपरा सहित इन स्टेशनों पर मिलेगी यह सुविधा
Puja Special Trains Indian Railway: रेलवे ने यात्रियों की राह आसान बनाने के लिए खास पहल की है। छठ पूजा के बाद भारी संख्या में यात्री वापस अपने काम पर लौटते हैं। रेलवे 12 हजार से अधिक पूजा स्पेशल ट्रेनें चला रहा है। इसके साथ ही रेलवे ने सभी सुविधाओं से युक्त होल्डिंग एरिया भी बना दिए हैं। जहां यात्रियों को राहत मिलेगी।
इन स्टेशनों पर बने होल्डिंग एरिया
- रेलवे ने नई दिल्ली, आनंद विहार टर्मिनल, उधना, पुणे, मुंबई, बेंगलुरु, गोरखपुर, छपरा, सीवान बनारस, बलिया आदि स्टेशनों पर होल्डिंग एरिया बनाए हैं। 28 अक्टूबर से नवंबर माह के दौरान यात्रियों की वापसी यात्रा को सुगम बनाने के लिए 6181 स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं, जिससे लोग अपने कार्यस्थलों पर समय पर लौट सकें। बढ़ती मांग को देखते हुए नियमित ट्रेनों में अतिरिक्त कोच भी जोड़े जा रहे हैं। प्रमुख स्टेशनों पर होल्डिंग एरिया को मौसमरोधी बनाया गया है ताकि यात्रियों को ट्रेनों के प्रस्थान से पहले सुविधाजनक प्रतीक्षा स्थल मिल सके। बिहार के पटना, दानापुर, राजेंद्र नगर टर्मिनल, सहरसा, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, गया, समस्तीपुर, बरौनी आदि तथा उत्तर प्रदेश के गोरखपुर, बलिया और बनारस जैसे स्टेशनों पर ये व्यवस्थाएं की गई हैं। गोरखपुर जं. स्टेशन पर (लगभग 2500 वर्ग मीटर) में 05, छपरा जं. स्टेशन पर (लगभग 600 वर्ग मीटर) में 02, सीवान स्टेशन पर (लगभग 450 वर्ग मीटर) में 02, बलिया स्टेशन पर 200 वर्ग मीटर एवं बनारस स्टेशन पर 190 वर्ग मीटर में 01-01 होल्डिंग एरिया बनाए गये है।

- इसके अतिरिक्त, यात्रियों की सुविधा के लिए ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन, पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम काउंटर और मोबाइल अनरिजर्व्ड टिकटिंग सुविधाओं को भी बढ़ाया गया है। इसके अतिरिक्त अभिनव पहल के अन्तर्गत गोरखपुर जं. स्टेशन पर 10, छपरा जं. स्टेशन पर 08, सीवान जं. स्टेशन पर 07, बनारस स्टेशन पर 03 तथा बलिया स्टेशन पर 02 मोबाइल यू.टी.एस. का भी उपयोग किया जा रहा है। सुरक्षा और संचालन की सुचारू व्यवस्था के लिए रेलवे सुरक्षा बल को पर्याप्त संख्या में तैनात किया गया है। यात्री सहायता बूथ, सूचना काउंटर, कतार प्रबंधन प्रणाली और पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम को भी और सशक्त किया गया है। प्रमुख स्टेशनों पर स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और सैनिटेशन सुविधाओं की लगातार निगरानी की जा रही है।
- रेल भवन, जोनल और मंडल स्तर पर समर्पित वार रूम 24 x 7 कार्यरत हैं ताकि संचालन की वास्तविक समय में निगरानी की जा सके और यात्रियों की किसी भी आवश्यकता पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। पटना, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, गया, सहरसा, गोरखपुर आदि स्टेशनों पर 24 x7 मेडिकल बूथ स्थापित किए गए हैं ताकि किसी भी स्वास्थ्य आपात स्थिति में तत्काल सहायता दी जा सके। राज्य सरकार, अग्निशमन विभाग और एंबुलेंस सेवाओं के साथ समन्वय स्थापित कर आपातकालीन सेवाओं को तत्पर रखा गया है।












Click it and Unblock the Notifications