Lok Sabha Election 2024: अमेठी से चुनाव लड़ेंगे? पहली बार राहुल गांधी ने तोड़ी चुप्पी, बताया पूरा प्लान
Rahul Gandhi On Amethi Seat: लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर राहुल गांधी लगातार जनसभाओं और रोड शो को संबोधित कर रहे हैं। एक दिन पहले (16 अप्रैल) राहुल गांधी ने अपने संसदीय क्षेत्र वायनाड में रोड शो किया। वहीं बुधवार को राहुल गांधी गाजियाबाद पहुंचे, जहां इंडिया अलायंस के सहयोगी सपा और कांग्रेस नेताओं ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस की।
इस दौरान अमेठी सीट से चुनाव लड़ने को लेकर चल रही खबरों पर राहुल गांधी से सवाल पूछा गया, जिस पर पहली बार खुद कांग्रेस नेता ने जवाब देते हुए सवाल पूछने वाले रिपोर्टर की भी खिंचाई कर दी।

ये सवाल बीजेपी वाला- राहुल गांधी
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान यह पूछे जाने पर कि क्या वह अमेठी और रायबरेली से लोकसभा चुनाव लड़ेंगे, जिस पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रिपोर्टर पर तंज करते हुए कहा कि, "ये बीजेपी वालों का सवाल है, बहुत अच्छा।"
चुनाव लड़ने पर क्या बोले राहुल?
इसके बाद राहुल ने कहा कि "मुझे जो भी आदेश मिलेगा मैं उसका पालन करूंगा। हमारी पार्टी में ये सभी (उम्मीदवारों के चयन) निर्णय कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CEC) द्वारा लिए जाते हैं।"
वहीं भाजपा को घेरते हुए राहुल गांधी ने कहा, "यह चुनाव विचारधारा का चुनाव है। एक तरफ RSS और BJP संविधान और लोकतांत्रिक को खत्म करने की कोशिश कर रही है, और दूसरी तरफ INDIA गठबंधन और कांग्रेस पार्टी संविधान और लोकतंत्र को बचाने की कोशिश कर रही है। चुनाव में 2-3 बड़े मुद्दे हैं। बेरोजगारी सबसे बड़ी है और महंगाई दूसरी सबसे बड़ी है, लेकिन बीजेपी ध्यान भटकाने में लगी है। ना तो प्रधानमंत्री और ना ही बीजेपी मुद्दों पर बात करती है।"
पीएम मोदी के इंटरव्यू पर कही ये बात
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, "कुछ दिन पहले प्रधानमंत्री ने ANI को एक बहुत लंबा इंटरव्यू दिया। यह स्क्रिप्टेड था, लेकिन यह फ्लॉप शो था। प्रधानमंत्री ने इसमें चुनावी बॉन्ड को समझाने की कोशिश की। प्रधानमंत्री कहते हैं कि चुनावी बॉन्ड की व्यवस्था पारदर्शिता के लिए, राजनीति को साफ करने के लिए लाया गया। अगर ये सच है तो सुप्रीम कोर्ट ने उस व्यवस्था को क्यों रद्द कर दिया।"
वहीं सवाल पूछते हुए आगे कहा कि,"और दूसरी बात अगर आप पारदर्शिता लाना चाहते थे तो आपने भाजपा को पैसा देने वालों के नाम क्यों छुपाए। आपने उन तारीखों को क्यों छुपाया जिस दिन उन्होंने आपको पैसे दिए थे?यह दुनिया की सबसे बड़ी जबरन वसूली योजना है। भारत के सभी कारोबारी इस बात को समझते और जानते हैं और प्रधानमंत्री चाहे कितनी भी सफाई दे दें, इससे कोई फर्क नहीं पड़ेगा क्योंकि पूरा देश जानता है कि प्रधानमंत्री भ्रष्टाचार के चैंपियन हैं।"
युवाओं को हर साल 1 लाख रुपए मिलेंगे-राहुल
वहीं रोजगार को लेकर राहुल गांधी ने कहा कि, "पिछले 10 सालों में पीएम मोदी ने नोटबंदी करके, गलत GST लागू करके और अडानी जैसे बड़े अरबपतियों का समर्थन करके रोजगार सृजन की व्यवस्था को कम कर दिया है। पहला काम है रोजगार को एक बार फिर से मजबूत करना, इसके लिए हमने अपने घोषणापत्र में 23 विचार दिए हैं, एक विचार है क्रांतिकारी विचार- अप्रेंटिसशिप का अधिकार।"
राहुल गांधी ने आगे कहा कि "हमने तय किया है कि हम उत्तर प्रदेश के सभी स्नातकों और डिप्लोमा धारकों को अप्रेंटिसशिप का अधिकार देंगे। ट्रेनिंग होगी और हम युवाओं के बैंक खाते में प्रति वर्ष 1 लाख रुपये जमा करेंगे और हम करोड़ों युवाओं को ये अधिकार दे रहे हैं। हम पेपर लीक के लिए भी कानून बनाएंगे।"












Click it and Unblock the Notifications