यूपी: निशाने पर IAS अधिकारी, 120 गाड़ियों में छापा मारने के लिए टीम रवाना
उत्तर प्रदेश में आयकर विभाग की टीम ने एक साथ कई स्थानों पर छापेमारी करते हुए पूर्व डीएम और वरिष्ठ आईएएस अधिकारी विमल शर्मा के सुशांत सिटी स्थित घर पर छापे मारे।
मेरठ/मैनपुरी। उत्तर प्रदेश में आयकर विभाग की टीम ने एक साथ कई स्थानों पर छापेमारी करते हुए पूर्व डीएम और वरिष्ठ आईएएस अधिकारी विमल शर्मा के सुशांत सिटी स्थित घर, उनकी पत्नी मेरठ की आरटीओ ममता शर्मा के कार्यालय व शास्त्रीनगर स्थित फ्लैट और आरटीओ के दो बाबुओं के घरों को खंगाला। सुबह साढ़े आठ बजे से शुरू हुई कार्यवाही दोपहर बाद तक जारी रही। इस दौरान आयकर की टीम ने किसी को भी भीतर दाखिल होने की अनुमति नहीं दी। छापेमारी को लेकर पूरे शहर में हड़कंप मचा रहा।

120 गाड़ियों में रवाना हुई टीम
बताया जाता है कि पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कई आईएएस और पीसीएस अफसरों के ठिकानों पर छापेमारी के लिए गाजियाबाद से आयकर विभाग की टीमें करीब 120 गाड़ियों में रवाना हुई थीं। अकेले मेरठ में ही करीब 22 गाड़ियों में आई इन्कम टैक्स की टीमों ने टुकड़ियों में सुबह साढ़े आठ बजे से छापेमारी शुरू की। मेरठ के बाइपास स्थित सुशांत सिटी में पूर्व डीएम और वरिष्ठ आईएएस अधिकारी विमल शर्मा के मकान नंबर ई-195 पर छापा मारा गया। इस दौरान टीम ने मकान में मौजूद लोगों से पूछताछ करते हुए कई दस्तावेज कब्जे में लिए। इस क्रम में विमल शर्मा की पत्नी आरटीओ ममता शर्मा के मेडिकल थाना क्षेत्र में असंल कॉलोनी रोड स्थित क्लाउड 9 अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 603 में छापा मारा गया। इस दौरान ममता शर्मा के आवास पर ताला लटका मिलने पर टीम ने काफी देर तक ताला खुलने का इंतजार किया। आसपास के लोगों ने बताया कि ममता शर्मा इस फ्लैट पर यदा-कदा ही आती हैं। जिसके बाद ताला तोड़कर भीतल दाखिल हुई टीम ने फ्लैट को खंगालना शुरू कर दिया।

आरटीओ कार्यालय को आयकर टीम ने खंगाला
उधर, आरटीओ कार्यालय में आयकर की दूसरी टीम ने छापा मारा। कार्यालय में जानकारी मिली की आरटीओ ममता शर्मा पिछले करीब 15 दिन से मेडिकल लीव लेकर छुट्टी पर चल रही हैं। यहां पर टीम ने परमिट विभाग के ताले तोड़कर दस्तावेजों को खंगालते हुए कई कागजात कब्जे में लिए। टीम ने रजिस्ट्रेशन विभाग को भी खंगाला। इस दौरान आरटीओ कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई। टीम ने कमरा बंद करके कई कर्मचारियों से पूछताछ की। करीब दो घंटे कार्यालय को खंगालने के बाद टीम रवाना हो गई। वहीं आरटीओ कार्यालय के रजिस्ट्रेशन विभाग के प्रभारी सुधीर सक्सैना के वैशाली कॉलोनी स्थित मकान नंबर बी- 20 पर छापा मारते हुए कार्यालय जाने के तैयार होते हुए सुधीर सक्सैना को वहीं रोक दिया गया। टीम ने सुधीर सक्सैना से पूछताछ करते हुए उनके घर को भी खंगाला। आरटीओ के परमिट विभाग के प्रभारी और बाबू रामगोपाल के जाग्रति विहार स्थित घर पर भी छापा मारा गया। रामगोपाल से पूछताछ करते हुए उनके घर से कई दस्तावेज और सामान जब्त किए जाने की सूचना है। दोपहर बाद तक आयकर विभाग के अधिकारी इन चारों स्थानो पर डेरा डालकर बैठे रहे और पूछताछ में जुटे रहे। आयकर विभाग की कार्यवाही को किसी बड़े खुलासे से जोड़कर देखा जा रहा है।

मैनपुरी में भी हुई छापेमारी
बुधवार को आयकर विभाग की टीमों ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी विमल कुमार शर्मा के मैनपुरी के भोगांव स्थित आवास पर छापामार कार्रवाई की है। बता दें कि विमल कुमार शर्मा वर्तमान में ग्रेटर नॉएडा अथॉरिटी में एडिशनल सीईओ के पद पर वे तैनात हैं। सुबह आठ बजे पहुंचीं आयकर की टीमों की कार्रवाई खबर लिखे जाने तक जारी है। मैनपुरी, एटा और गाजियाबाद की टीमों ने भोगांव में वरिष्ठ आईएएस अधिकारी विमल कुमार शर्मा के छोटा बाजार स्थित आवास पर बुधवार सुबह औचक छापा मारा। आईएएस विमल कुमार शर्मा गाज़ियाबाद में जिलाधिकारी पद पर तैनात रहे हैं। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों के साथ आई पुलिस ने चारों ओर से घर को घेर लिया। छापामार कार्रवाई के दौरान कस्बा में तरह तरह की चर्चा रहीं। सूत्र बताते हैं कि आयकर टीम की ये छापेमारी आय से अधिक संपत्ति के मामले में हैं। विमल शर्मा अभी ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी में एडिशनल सीईओ के पद पर तैनात हैं।












Click it and Unblock the Notifications