UP में 'मिशन शक्ति' के बहाने महिलाओं को साधने की कवायद, फ्लैगशिप योजनाओं की ब्रांडिंग में जुटी सरकार
लखनऊ, 21 अगस्त: उत्तर प्रदेश में चुनाव जैसे जैसे नजदीक आता जा रहा है वैसे वैसे सरकार की तरफ से फ्लैगशिप योजनाओं की ब्रांडिंग भी शुरू हो गई है। सरकार अब चुनाव से पहले आधी आबादी (महिलाओं) को साधने की कवायद में जुट गई है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शुक्रवार को मिशन शक्ति के तीसरे चरण का आगाज किया लेकिन केंद्र और राज्य सरकार की निगाहें अगले साल होने वाले चुनावी दंगल पर थीं। दरअसल विधानसभा चुनाव में केवल 7 महीने ही बचा है, और सरकार की कोशिश है कि केंद्र और प्रदेश की फ्लैगशिप योजनाओं के जरिए महिलाओं तक पहुंच बनाई जाए। हालांकि कांग्रेस ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा है कि प्रदेश में महिलाओं के साथ अपराध बढ़ता जा रहा, महिलाओं को लेकर भाजपा की नीति और नियत में फर्क साफ तौर पर दिखाई दे रहा है।

युवाओं के साथ ही महिलाओं पर फोकस
केंद्र की सरकार के साथ ही यूपी की योगी सरकार भी पिछले साढ़ चार साल में युवाओं और महिलाओं के हितों वाली योजनाओं को ही धरातल पर उतारने में जुटी है। सरकार की कोशिश है कि मिशन शक्ति अभियान के जरिए महिलाओं को साधा जाए। सरकार के रणनीतिकारों को लगता है कि सरकारी योजनाओं जो महिलाओं से जुड़ी हुई हैं उनको प्रमोट कर महिलाओं के भीतर सरकार के प्रति एक अच्छी इमेज बनाई जा सकती है। इसी कार्यक्रम के तहत इस मिशन शक्ति की भी शुरूआत की गई है।
सीएम निराश्रित महिला पेंशन योजना
- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार ने हाल ही में निराश्रित महिला पेंशन योजना की शुरुआत की थी।
- इस योजना के तहत 29.68 लाख निराश्रित महिलाओं के खातों में 451 करोड़ रुपए सीधे तौर पर हस्तांतरित किए गए।
- साथ ही 1.73 लाख से ज्यादा नए लाभार्थियों को इस योजना से जोड़ा गया है।
- इस योजना में निराश्रित महिलाओं को दो हजार रुपये प्रति माह की आर्थिक सहायता दी जाती है।
- इसके तहत महिलाओं को राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना सहित अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ दिया जाएगा।
- यदि किसी बुजुर्ग महिला के पास रहने की व्यवस्था नहीं होगी तो सरकार इसकी भी व्यवस्था कराएगी।
- मार्च, 2020 के बाद निराश्रित महिलाओं को इसका लाभ दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना
यूपी की 1.55 लाख बेटियों के खातों में 30.12 करोड़ रुपये ट्रांसफर किया गया। कन्या सुमंगला योजना के तहत बालिकाओ को 15000 रूपये की कुल धनराशि राज्य सरकार द्वारा आर्थिक सहायता के रूप में प्रदान जाएगी और बालिकाओ को दी जाने वाली कुल धनराशि 6 समान किश्तों में दी जाएगी। इस योजना को योगी सरकार ने अपने पिछले बजट के दौरान शुरू किया था। सरकार की यह योजना महिलाओं के भीतर काफी लोकप्रिय भी हुई थी।

यूपी भाग्यलक्ष्मी योजना एवं बिधवा पेंशन योजना
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने भाग्य लक्ष्मी योजना के अंतर्गत राज्य की आर्थिक रूप से गरीब परिवार की बेटियों के जन्म होने पर 50000 रूपये की आर्थिक सहायता राज्य सरकार द्वारा प्रदान की जाएगी और बेटी की माँ को भी 5100 रूपये की धनराशि वित्तीय सहायता के प्रदान किये जाएंगे। इसी तरह सरकार ने विधवा पेंशन योजना विधवा महिलाओं के लिए शुरू की है। बिधवा महिलाओं को यूपी सरकार द्वारा प्रतिमाह 500 रुपये की पेंशन धनराशि आर्थिक सहायता के रूप में प्रदान की जाएगी। जिससे महिलाएं अपना भरण पोषण आसानी से कर सकती है और उन्हें किसी पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
10 हजार महिला पुलिस बीट की नियुक्तियां
सरकार ना सिर्फ योजनाओं से आधी आबादी को जोड़ रही है बल्कि सरकारी भर्तियों में मौका गे रही है। खुद सीएम योगी ने कहा कि हमने डेढ़ लाख पुलिस की भर्तियां की और हमने इसमे 20 प्रतिशत बालिकाओं की भर्तियां की, प्रदेश में दस हजार से अधिक महिला पुलिस बीट की नियुक्तियां हुई । आज 10 हजार महिला पुलिस बीट की नियुक्तियां हुई। ये बालिकाएं गांव में जाएंगी,और सीधे गांव में जाकर महिलाओ की शिकायतों को सुनेंगी।
सीएम योगी ने कहा,
''प्रदेश में हाल में ही पंचायत चुनाव सम्पन्न हुए,मुझे बताते हुए प्रसन्नता हैं कि ग्राम प्रधानों में 54%महिला,54 फीसदी पर जिला पंचायत अध्यक्ष,54 फीसदी ब्लॉक प्रमुख बनी है। महिलाओं के लिए हमने पीएसी बटालियन की स्थापना की। ये काम महिला सशक्तिकरण का उदाहरण है।''
पंचायत चुनाव में महिलाओं को मिली जिम्मेदारी
यूपी में हाल ही में सम्पन्न हुए पंचायत चुनाव में 75 जिलाध्यक्षों में से 40 महिलाओं ने जीत दर्ज की। इसमें से करीब 36 बीजेपी से हैं। भाजपा इसके जरिए आधी आबादी को यह संदेश देना चाहती है कि भाजपा के लिए मातृ शक्ति कितना अहम है। इसके साथ ही संगठन ने 19 जिलों में 9 महिलाओं को अपना जिलाध्यक्ष बना कर पश्चिमी यूपी को बड़ा संदेश दिया है।

हालांकि यूपी कांग्रेस के प्रवक्ता अंशु अवस्थी ने सरकार के मिशन शक्ति कार्यक्रम को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा,
"भाजपा की सरकार सिर्फ इवेंट और प्रोपेगेंडा फैलाने वाली बन कर रह गई है, एक तरफ जहां उत्तर प्रदेश में महिलाओं पर अत्याचार और अपराध की घटनाएं दिन पर दिन बढ़ती जा रही हैं , NCRB के आंकड़े प्रमाण हैं देश मे सबसे ज्यादा महिलाओं पर अत्याचार उत्तर प्रदेश में हो रहा, और दूसरी तरफ सरकार सिर्फ नारी सुरक्षा सम्मान को मिशन शक्ति जैसे इवेंट बनाकर सीमित कर दे रही है।"












Click it and Unblock the Notifications