'तू मेरी गाड़ी में बैठने लायक नहीं..', बीच हाईवे पर ऐसा क्या हुआ? जो पति ने पत्नी को कार से उतारा
Firozabad News: पति-पत्नी के बीच अनबन की खबरें तो सामने आती ही रहती है। लेकिन, उत्तर प्रदेश के फिरोजबाद से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसे सुनकर कोई भी हैरान हो जाएगा। दरअसल, यहां एक पति ने अपनी पत्नी को सूनसान हाईवे पर कार से नीचे उतार दिया।
शख्स ने अपनी पत्नी ने कहा, 'तू मेरी गाड़ी में बैठने लायक नहीं है।' पत्नी को कार से नीचे उतारने के बाद वो अपने बच्चों को साथ लेकर चला गया। पीड़ित महिला किसी तरह अपने घर पहुंची और वहां से पुलिस स्टेशन। पीड़ित महिला ने अपने पति विकास सोलंकी के खिलाफ अब पुलिस को तहरीर दी है।

खबर के मुताबिक, पीड़िता फिरोजाबाद के अरांव थाना क्षेत्र की रहने वाली है। पुलिस को दी तहरीर में पीड़िता ने बताया कि विकास सोलंकी निवासी गौतमबुद्ध नगर से फरवरी 2020 में शादी हुई थी। शादी में 12 लाख रुपये का खर्चा करने के बाद भी ससुराल वाले संतुष्ट नहीं हुए।
पीड़िता ने बताया कि शादी के बाद ससुराल वाले मुझसे बाइक और एक लाख रुपये की मांग करने लगे। पति विकास, ससुर मुकेश, सास सीमा देवी, ननद शीतल भाटी उसको आए दिन परेशान करते थे। मेरे साथ गाली गलौज की जाती थी और मानसिक उत्पीड़न किया जाता था।
महिला ने पुलिस को बताया कि वो अपने पति के साथ बच्चे का इलाज कराने के लिए 01 जून को कार से डाक्टर के पास जा रही थी। तभी खाजा के पास बीच हाईवे पर पति ने बच्चे को अपनी गोद में बैठा लिया और उसको कार से उतार दिया। विकास ने कहा, 'तेरे बाप ने न तो गाड़ी दी और न रुपये..तू मेरी कार में बैठने लायक नहीं है।'
महिला ने पुलिस को बताया कि उसका पति पिछले काफी लंबे वक्त से दहेज की मांग कर रहा है। इसके बाद जब वो ससुराल वालों के पास गई तो वहां भी उससे बदसलूकी की गई। उसे धमकी दी गई कि वो कभी भी ससुराल न आए। इसके बाद महिला रोते-बिलखते मायके चली गई।
महिला ने अब अपने पति समेत सभी ससुरालियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। अरांव पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया और जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहा कि अभी जांच जारी है, जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी और पीड़िता महिला को न्याय जरूर मिलेगा।












Click it and Unblock the Notifications